बिहार से गुजरात तक चलेगी एक और ट्रेन, नई अमृत भारत को मिली मंजूरी; रूट और टाइमिंग जानिए
Bhuj-Barauni Amrit Bharat Express: भुज से बरौनी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस को मंजूरी मिली है। ट्रेन 2532 किलोमीटर का सफर तय करेगी। जानें ट्रेन का पूरा रूट, प्रमुख स्टॉपेज, टाइमिंग, सप्ताह में कितने दिन चलेगी और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाएं।

Bhuj-Barauni Amrit Bharat Express: रेलवे मंत्रालय ने गुजरात के भुज और बिहार के बरौनी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन गुजरात और बिहार के बीच रेल कनेक्टिविटी को बेहतर करेगी। इसके अलावा राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण शहर भी इस रूट से जुड़ेंगे।
अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों को वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी यात्रा का अनुभव देने की कोशिश की गई है, लेकिन इन्हें खास तौर पर निम्न और निम्न-मध्यम आय वर्ग के यात्रियों के लिए किफायती सेवा के तौर पर तैयार किया गया है।
भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस का ट्रेन नंबर और दूरी
भुज-बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस 19427/19428 नंबर से चलेगी। यह ट्रेन करीब 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। ट्रेन की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे से 130 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहेगी।
किन-किन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन?
भुज से बरौनी के बीच चलने वाली इस अमृत भारत एक्सप्रेस के रूट में कई महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल हैं। प्रमुख स्टॉपेज में शामिल हैं:
- समाखियाली
- अहमदाबाद
- रतलाम
- कोटा
- सवाई माधोपुर
- गंगापुर सिटी
- भरतपुर
- मथुरा
- हाथरस
- बरेली
- इज्जतनगर
- पीलीभीत
- लखीमपुर
- गोंडा
- गोरखपुर
- सीवान
- छपरा
- हाजीपुर
- मुजफ्फरपुर
- समस्तीपुर
इनके अलावा भी ट्रेन रास्ते में कई स्टेशनों पर रुकेगी। इस रूट से गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को कनेक्टिविटी मिलेगी।
भुज से बरौनी जाने वाली ट्रेन की टाइमिंग
ट्रेन नंबर 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से शाम 5:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से रात 11:55 बजे रवाना होगी और दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी।
सप्ताह में कितने दिन चलेगी?
भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन चलेगी।
भुज से बरौनी:
- सोमवार
- बुधवार
- शनिवार
बरौनी से भुज:
- मंगलवार
- गुरुवार
- शनिवार
अमृत भारत एक्सप्रेस में क्या-क्या सुविधाएं हैं?
अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत साल 2023 में हुई थी। इन ट्रेनों में कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं, जिनमें शामिल हैं:
- सेमी-ऑटोमैटिक कपलर
- फायर डिटेक्शन सिस्टम
- सील्ड गैंगवे
- टॉक-बैक यूनिट
इस ट्रेन में कुल 11 जनरल क्लास कोच, 8 स्लीपर क्लास कोच, 1 पैंट्री कार और 2 लगेज-कम-दिव्यांगजन कोच शामिल होंगे।


