‘दुनिया में सिर्फ मोदी ही घूम सकते हैं’, भड़के भगवंत मान; HC ने दी फ्रांस जाने की इजाजत
भगवंत मान को पेरिस के खाद्य महोत्सव में शामिल होने के लिए फ्रांस जाने की मंजूरी नहीं मिली। जापान दौरे का जिक्र करते हुए मान ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा और तंज कसते हुए कहा कि दुनिया में सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही घूम सकते हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के फ्रांस दौरे को लेकर केंद्र सरकार को बड़ा झटका लगा है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने मान के प्रस्तावित फ्रांस दौरे के लिए राजनीतिक मंजूरी देने से इनकार करने के केंद्र के फैसले को रद्द कर दिया है। अदालत ने शुक्रवार को पंजाब सरकार की याचिका स्वीकार कर ली।
एक दिन पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विदेश यात्रा के लिए राजनीतिक मंजूरी नहीं देने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था। मान को पेरिस में आयोजित होने वाले खाद्य महोत्सव में शामिल होने के लिए फ्रांस सरकार की ओर से निमंत्रण मिला है। इस कार्यक्रम में पंजाब की सरकारी संस्था मार्कफेड का स्टॉल भी लगाया जाना है। मान ने गुरुवार को नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि केंद्र सरकार उन्हें विदेश जाने की अनुमति नहीं दे रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि दुनिया भर में सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही यात्रा कर सकते हैं।
हाईकोर्ट ने क्यों रद्द किया केंद्र का फैसला?
जस्टिस त्रिभुवन दहिया की अदालत ने मामले में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद पंजाब सरकार की याचिका स्वीकार कर ली। लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, अदालत के विस्तृत आदेश का इंतजार है। पंजाब सरकार ने अपनी याचिका में कहा था कि विदेश मंत्रालय ने राजनीतिक मंजूरी के लिए दिए गए आवेदन को अपने ऑनलाइन पोर्टल पर सीधे ‘DENIED’ दिखा दिया। सरकार का आरोप था कि फैसले की कोई वजह नहीं बताई गई और न ही राज्य को अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया।
पंजाब सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता चंचल सिंगला ने दलील दी कि राजनीतिक मंजूरी की व्यवस्था का उद्देश्य केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय होना चाहिए, न कि राज्य सरकार के कार्यकारी अधिकारों पर रोक लगाने का माध्यम बनना। वहीं, केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल सत्यपाल जैन ने अदालत में हलफनामा पेश करते हुए मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर आशंकाओं का हवाला दिया। केंद्र की ओर से यह भी कहा गया कि औपचारिक निमंत्रण के अभाव में मेजबान देश सुरक्षा व्यवस्था नहीं कर सकता। पंजाब सरकार की ओर से इस दलील का विरोध किया गया और कहा गया कि निमंत्रण पहले ही मिल चुका था।
पेरिस में खाद्य प्रदर्शनी में शामिल होना चाहते थे मान
भगवंत मान का फ्रांस दौरा 15 से 21 अक्टूबर तक प्रस्तावित था। मुख्यमंत्री के साथ पंजाब के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव रवि भगत भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल होने वाले थे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य पेरिस में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय खाद्य व्यापार प्रदर्शनी ‘सियाल पेरिस 2026’ (SIAL Paris 2026) में हिस्सा लेना था। यह प्रदर्शनी 17 से 21 अक्टूबर तक पेरिस नॉर्ड विलेपिंट में आयोजित होनी है।
पंजाब सरकार के मुताबिक, इस कार्यक्रम में राज्य के कृषि और खाद्य प्रसंस्करण उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ावा देने की योजना थी। इसके तहत पंजाब की सहकारी संस्था मार्कफेड को भी प्रदर्शनी में अपना स्टॉल लगाने का अवसर मिला था।
मार्कफेड का स्टॉल, पूरा खर्च भी संस्था उठाने वाली थी
पंजाब सरकार की याचिका के अनुसार, मार्कफेड को भारत सरकार के वाणिज्य मंत्रालय के तहत आने वाली कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) के इंडिया पवेलियन में स्टॉल आवंटित किया गया था। एपीडा ने 3 सितंबर 2026 को स्टॉल की पुष्टि की थी।
राज्य सरकार का कहना था कि इस दौरे का पूरा खर्च मार्कफेड उठाने वाली थी। पंजाब के संबंधित विभागों ने राजनीतिक मंजूरी के लिए विदेश मंत्रालय को 3 और 8 सितंबर को पत्र लिखे थे। इसके बाद 9 सितंबर को ऑनलाइन आवेदन भी किया गया।
पंजाब सरकार ने अदालत में दलील दी कि आवेदन समय रहते किया गया था और आवश्यक प्रशासनिक मंजूरी तथा अधिकारियों की कैडर क्लीयरेंस भी मिल चुकी थी। फ्रांस में भारतीय मिशन से भी संपर्क किया गया था। इसके बावजूद आवेदन को बिना कारण बताए खारिज कर दिया गया।
फ्रांस के बाद जापान जाने की भी नहीं मिली अनुमति
इससे पहले भगवंत मान ने बताया कि उन्हें पहले जापान जाने का कार्यक्रम भी बनाना था। वह वहां तीन दिन रुककर हॉकी मैचों के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले देखना चाहते थे। इसके साथ ही भारतीय प्रतिनिधिमंडल की ओर से आगामी पुरुष हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए औपचारिक निमंत्रण देने की भी योजना थी। यह टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से शुरू होना है।
मान ने कहा कि विदेश यात्राओं का उद्देश्य पंजाब के हितों को आगे बढ़ाना, निवेशकों को आकर्षित करना और राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना है।
पहले भी कई यात्राओं को नहीं मिली मंजूरी
भगवंत मान और पंजाब के अन्य नेताओं की विदेश यात्राओं को राजनीतिक मंजूरी नहीं मिलने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।
पेरिस ओलंपिक, अगस्त 2024: केंद्र सरकार ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम का उत्साह बढ़ाने के लिए मान की प्रस्तावित पेरिस यात्रा को कूटनीतिक और प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए रोक दिया था।
ब्रिटेन और इजरायल का दौरा: प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट से पहले निवेश आकर्षित करने के लिए प्रस्तावित यात्रा पर मान और तत्कालीन उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को मंजूरी नहीं मिली थी।
जापान यात्रा: विदेश मंत्रालय ने एशियाई खेलों के हॉकी सेमीफाइनल देखने के लिए मान की यात्रा को सुरक्षा कारणों से मंजूरी नहीं दी।
यूरोपीय देशों का दौरा: सितंबर 2022 में पंजाब के मंत्री अमन अरोड़ा को जर्मनी, बेल्जियम और नीदरलैंड के आधिकारिक ज्ञान-साझाकरण दौरे की अनुमति नहीं मिली थी।
अमेरिका में सम्मेलन: अगस्त 2024 में विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को विधायी सदन के अध्यक्षों के सम्मेलन में शामिल होने के लिए मंजूरी नहीं दी गई थी।
बोस्टन सम्मेलन: पिछले साल अगस्त में मंत्री हरभजन सिंह को पंजाब के शासन मॉडल का प्रतिनिधित्व करने के लिए बोस्टन में आयोजित सम्मेलन में जाने से रोक दिया गया था।
आम आदमी पार्टी ने लगाए भेदभाव के आरोप
आम आदमी पार्टी के नेतृत्व ने इन फैसलों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते हुए केंद्र सरकार पर पंजाब के साथ पक्षपात करने का आरोप लगाया है। वहीं, खबर के मुताबिक, पड़ोसी राज्य हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को विदेश यात्राओं और निवेश से जुड़े दौरों के लिए लगातार समय पर राजनीतिक मंजूरी मिलती रही है।
सैनी ने हाल ही में 4 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर का तीन दिवसीय आधिकारिक दौरा किया था। इस दौरान निवेश, शहरी बुनियादी ढांचे और व्यापारिक साझेदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इसके बाद 14 अक्टूबर को वह स्वीडन के चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर रवाना हुए, जहां अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्रियों और वैश्विक निवेशकों से बातचीत का कार्यक्रम था।


