भगवंत मान के पूर्व OSD मंजीत सिंह सिद्धू कांग्रेस में गए, बोले- AAP को जान से भी ज्यादा प्यार किया
वह आम आदमी पार्टी के शुरुआती दिनों से ही जुड़े थे। अब पंजाब के हितों को प्राथमिकता देते हुए कांग्रेस में शामिल हुए हैं। आपको बता दें कि अगले साल की शुरुआत में पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने इस्तीफा दिया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के पूर्व ओएसडी मंजीत सिंह सिद्धू ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उन्होंने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष परगट सिंह की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी जॉइन कर ली है। उन्होंने कहा कि वह आम आदमी पार्टी के शुरुआती दिनों से ही जुड़े थे। अब पंजाब के हितों को प्राथमिकता देते हुए कांग्रेस में शामिल हुए हैं। आपको बता दें कि अगले साल की शुरुआत में पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने इस्तीफा दिया है।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "हमने आम आदमी पार्टी को अपनी जान से भी ज्यादा प्यार किया और उसे अपने खून-पसीने से सींचा। हम पहले दिन से ही पार्टी के साथ थे। पार्टी के साथ मेरा जुड़ाव संघर्ष के दिनों से था।" उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता हमेशा पंजाब और देश रही है न कि कोई राजनीतिक पार्टी।
उन्होंने कहा, "मेरे लिए पार्टी हमेशा दूसरे नंबर पर रही है। पंजाब पहले आता है, फिर देश और उसके बाद पार्टी। पंजाब और देश के प्रति अपनी उसी सोच के साथ मैं पार्टी में शामिल हो रहा हूं।"
कांग्रेस में कौन सा पद?
उन्होंने कहा कि उनका ध्यान अपनी निजी महत्वाकांक्षाओं के बजाय पंजाब और वहां के लोगों के भविष्य पर रहा है। उन्होंने कहा, "मुझे अपने अतीत के बारे में कुछ नहीं कहना है। मेरे बड़े सपने थे, लेकिन वे सपने कभी मेरे अपने लिए नहीं थे। वे पंजाब, हमारे भविष्य, हमारे बच्चों के भविष्य और हम अपने राज्य और अपनी मिट्टी के लिए क्या कर सकते हैं इस बारे में थे। यही मेरा एकमात्र लक्ष्य है।"
सिद्धू ने यह भी साफ किया कि उन्होंने कांग्रेस में किसी पद की मांग नहीं की है। उन्होंने कहा, "मेरे पास कोई पद नहीं है, न ही मैंने उनसे किसी पद की मांग की है और न ही कभी करूंगा। मैंने ऐसा कौन सा पद मांगा जो वे मुझे नहीं दे सकते थे? ऐसी कोई बात नहीं थी। मैंने तो पद छोड़ा था।"

