सीमाओं से परे, संभावनाओं से भरे: मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष
ये पब्लिक डोमेन में है कि उन्होंने जन्म से लेकर बाल्यावस्था तक बहुत सी कठिनाइयों को झेला। लेकिन उनकी नेतृत्व क्षमता, जिजीविशा इस बात का जीता जागता सबूत है कि जीवन के आंधी-तूफ़ानों ने उनको जितना धकेला, जनसेवा का उनका लक्ष्य उतना ही मजबूत हुआ।

लोकतंत्र में पच्चीस वर्षों की अविरल प्रशासनिक जनसेवा के उदाहरण बहुत बिरले हैं। सत्ता की ऊंचाइयां अक्सर सत्ता के शीर्ष पर बैठे व्यक्ति के जनसेवा के संकल्प को क्षीण कर देती हैं लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को ठीक से समझें तो एक बात साफ नजर आती है कि उनकी कार्यशेली में सत्ता कभी साध्य नहीं रही, जनसेवा का एक अद्भुद संकल्प सदैव सर्वोपरि रहा। ये पब्लिक डोमेन में है कि उन्होंने जन्म से लेकर बाल्यावस्था तक बहुत सी कठिनाइयों को झेला। लेकिन उनकी नेतृत्व क्षमता, जिजीविशा इस बात का जीता जागता सबूत है कि जीवन के आंधी-तूफ़ानों ने उनको जितना धकेला, जनसेवा का उनका लक्ष्य उतना ही मजबूत हुआ। शायद उनकी इसी संकल्पशीलता ने उन्हें ‘जनसेवा को प्रभुसेवा’ मानते हुए इसके माध्यम से राष्ट्रसेवा के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सदैव प्रेरित किया।
उनके साथ कार्य कर चुके या वर्तमान में कार्य कर रहे तमाम शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी भी इस बात को मानते हैं कि देश के प्रधानमंत्री ने अपने जीवन में एक ही विचार को सबसे बड़ी शक्ति माना है:
न त्वहं कामये राज्यं न स्वर्गं न पुनर्भवम्, कामये दुःखतप्तानां प्राणिनामार्तिनाशनम्।
मुझे राज्य या स्वर्ग की कामना नहीं, केवल दुखियों के कष्ट हरने की शक्ति चाहिए।
आज से पच्चीस वर्ष पूर्व, जब उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब से लेकर आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में, यह वैदिक सूक्ति उनकी कार्यशैली का प्राण-तत्व रहा है। उनके लिए सत्ता 140 करोड़ लोगों की समिति का पवित्र विश्वास-पत्र रही है। राष्ट्र निर्माण का प्रगति पथ। कर्मनिरत तपस्वी की निरंतर चलने वाली तपस्या। हो भी क्यों नहीं, इस तपस्या की नींव दिल्ली के एयरकन्डीशंड कमरों में नहीं, बल्कि वैराग्य और ज़मीनी संघर्ष की भट्टी में पड़ी थी।
दशकों पूर्व, रामकृष्ण मिशन के बेलूर मठ में संन्यास की खोज में गए एक युवा नरेंद्र को एक ऐतिहासिक दिशा मिली थी। ‘तुम्हारा रास्ता संन्यास का नहीं, बल्कि जनसेवा का है।’ मानो उसी दिन यह तय हो गया था कि उनका राजनीतिक जीवन एक संन्यासी का कर्मयोग होगा। जनसेवा से राष्ट्रसेवा के उनके संकल्प को वहीं नींव मिली थी।
यह कर्मयोग केवल ध्यान तक सीमित नहीं रहा, इसे लोकतंत्र की सबसे कठिन भट्टी में तपना था।
गुजरात में जब पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली उस दौरान भुज के विनाशकारी भूकंप के बाद की चुनौती हो या 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद आंतरिक और बाहरी सुरक्षा की चुनौतियों से जूझना हो, हर बार नरेंद्र मोदी ने साबित किया कि मानो उन्होंने श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी के इस महान कथन से प्रेरणा ली हो,
सवा लाख से एक लड़ाऊं चिड़ियन ते मैं बाज तुड़ाऊं तबै गुरु गोबिंद सिंह नाम कहाऊं।
सियासी तौर पर आपातकाल की एक घटना का जिक्र होता है जब उन्होंने सिख वेश धारण कर सत्ता को चकमा दिया और संघर्ष की मशाल को अपने खून, पसीने से सिंचित करते रहे। इससे भी साबित होता है कि श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी का उनके जीवन पर गहरा प्रभाव है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व क्षमता, दूरदर्शिता और हेड ऑफ गर्वनमेंट के तौर पर 25 वर्षों की ये यात्रा दिखाती है कि सत्ता के शीर्ष पर पहुंचने से बहुत पहले ही, उन्होंने हिंदुस्तान को उसकी जड़ों से पढ़ लिया था। साथ ही युवा अवस्था में ही उन्होंने संविधान के मूल्यों और उनसे मिली शक्तियों से पैदा होने वाले विश्वास को भी भलीभांति जान लिया था।
यही ज़मीनी समझ अक्टूबर 2001 में उनकी सबसे बड़ी शक्ति बनी, जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री बने। चारों ओर कच्छ के भयंकर भूकंप की चीखें थीं। अकाल की दरारें और अंधेरे में डूबे गांव थे। लोग मान बैठे थे कि गुजरात अब कभी अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो पाएगा। यह सत्ता सच में कांटों का ताज थी। कोई और होता, तो शायद क्राइसिस मैनेजमेंट की फाइलों में ही सिर खपाता रह जाता। लेकिन उन्होंने एक बार फिर से सिर्फ इंफ्रास्ट्रक्चर ही खड़ा नहीं किया, बल्कि पूरे सूबे की टूटी हुई हिम्मत को फिर से उबार लिया।
उच्च प्रशासनिक सेवा का लंबे समय तक हिस्सा रहने के नाते मैं खुद इस बात का गवाह हूं कि इससे पहले डिजास्टर मैनेजमेंट को कभी महत्वपूर्ण माना ही नहीं गया था।
एक और घटना फील्ड में पोस्टेड प्रशासनिक अधिकारियों के लिए केस स्टडी जैसी है, मोरबी में 1979 की बाढ़ त्रासदी और उससे निपटना। युवा राष्ट्रभक्त कार्यकर्ता के रूप में नरेंद्र मोदी जी ने मोरबी की 1979 की बाढ़ में प्राणपण से जुटकर जनसेवा की थी। वह जानते थे जोखिम से लड़ने का सही तरीका जोखिम को कम करना होता है। उनके कुशल नेतृत्व में आपदा प्रबंधन के नए आयाम स्थापित किए गए। आज के फील्ड ऑफीसर इसका पूरे घटनाक्रम का अध्यन कर बहुत कुछ सीख सकते हैं।
2001 में गुजरात अंधेरे और प्यास से जूझ रहा था। तब भी तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ज्योतिग्राम और सुजलाम सुफलाम जैसी योजनाएं ज़मीन पर उतरीं और युगांतकारी साबित हुईं।
किसानों को मीटर वाली बिजली के लिए मनाना उस समय सियासी तौर पर बहुत बड़े घाटे का सौदा माना जाता था, लेकिन उन्होंने लोकलुभावन योजनाएं लाकर अर्थव्यवस्था को पटरी से उतारने की जगह पर किसी अनुभवी वैद्य की तरह कड़वी मगर कारगर औषधि का रास्ता चुना।
ज्योतिग्राम योजना में उनकी दूरदर्शिता का परिणाम रहा कि घर और कारोबार की बिजली अलग-अलग फीडर्स से जाने लगी। इससे गांवों में नियमित बिजली मिली।
सुजलाम सुफलाम योजना से नहरों, चेकडैम और सिंचाई की बेहतर योजना का निर्माण हुआ। इससे किसानों की सिंचाई के लिए वर्षा जल पर अतिरिक्त निर्भरता समाप्त हुई। ज्यादा पैदावार हुई।
यह मात्र संसाधन को बेहतर करने वाली योजनाएं नहीं थीं, यह अग्नि और जल जैसे सबसे शक्तिशाली पंचमहाभूतों पर आम आदमी का अधिकार वापस दिलाने वाला एक भगीरथ प्रयास था। जिससे विकास की महागंगा गुजरात की धरती पर प्रवाहित हुईं।
माता भूमिः पुत्रो अहं पृथिव्याः की भावना का पालन करते हुए कृषि सुधारों की ओर मोदी जी ने ध्यान दिया। गुजरात के अन्नदाता किसानों ने फिर एक दशक तक 10% वार्षिक कृषि उत्पादन वृद्धि दर्ज की थी।
उत्तर प्रदेश में अपर मुख्य सचिव, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन रहने के दौरान मैंने उनके कुछ फैसलों का अनुसरण किया। जिनका अध्यन करने के दौरान मैंने पाया कि गुजरात की प्रगति सिर्फ परंपरागत सुधारों और ऊंचाइयों तक ही नहीं सीमित थी, उनके नेतृत्व में ‘वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ का आयोजन कर उन्होंने देश विदेश की कंपनियों को निवेश के लिए बुलाया। जिन कामों में पहले कभी महीनों लगते थे उनके नेतृत्व में व्यवस्था ऐसी बन गई थी कि वो सब काम घंटों में होने लगे थे।
बड़े उद्योगपतियों को उन प्रदेशों को छोड़ना पड़ रहा था दूसरी ओर गुजरात में उनका पूरी व्यवस्था के साथ स्वागत हो रहा था। बड़े पैमाने पर गुजरात में नए कारखाने लगे, कारोबार बढ़ा और युवाओं को रोजगार मिला। लेकिन माननीय प्रधानमंत्री जी की नज़रों में मातृशक्ति के योगदान के बिना कोई भी प्रगति अधूरी रहती है। उन्होंने मिशन मंगलम आरंभ किया और महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया और छोटे कारोबारों को आर्थिक मदद से जोड़ने के प्रयास निरंतर आगे बढ़े।
तेरह वर्षों तक गुजरात को एक मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास के मॉडल में ढालने के बाद, 2014 में दिल्ली आकर उनका प्रधानमंत्री बनना कोई रूटीन सत्ता परिवर्तन नहीं था।
बाबा कबीर ने कहा था, दुर्बल को न सताइए। लेकिन सताने वाले मानते कहां हैं? इस तरह से कमज़ोरों की पीड़ा ने मतदान की शक्ति में बदलकर मोदी जी को भारत की सत्ता सौंपी। उन्होंने अनगिनत बलिदानियों के बलिदान से मिली लोकतंत्र की शक्ति को संसद में अपने पहले दिन ही साष्टांग प्रणाम किया।
उनका यह साष्टांग दंडवत दशकों से सोई हुई एक सभ्यता का अंगड़ाई लेकर उठना था। कई शताब्दियों की हीनभावना और गुलामी की मानसिकता कोई रातों-रात नहीं जाती। इस महापरिवर्तन के लिए ऐसा नेतृत्व चाहिए जो राष्ट्र की सोई हुई आत्मा को झकझोर सके।
प्रधानमंत्री जी की अनवरत यात्रा में बार-बार हमें कठोपनिषद का वह अमर शंखनाद याद आता है, उत्तिष्ठत जाग्रत प्राप्य वरान्निबोधत। यानी उठो, जागो और अपने लक्ष्य को प्राप्त करो, क्योंकि यह रास्ता तलवार की धार पर चलने जैसा है।
उनकी यात्रा को दखें तो साफ नजर आता है कि नरेंद्र मोदी ने हमेशा सीधे चुनौतियों का सामना किया। अपनी सम्पूर्ण शक्ति से समस्या को समाधान में परिवर्तित करने के प्रयास किए।
प्रधानमंत्री बनने के बाद उनके सामने सबसे पहले देश को स्वच्छ बनाने की चुनौती थी। भारतीय सभ्यता के सबसे आरंभिक चरण में भी शौचालय थे लेकिन हम सब इस बात के गवाह हैं कि आधुनिक भारत में सबके लिए शौचालय की व्यवस्था नहीं थी। प्रतिदिन हमारी माताओं बहनों को अपार कष्ट और अपमान का सामना करना पड़ता था क्योंकि उनके लिए शौचालय की व्यवस्था नहीं होती थी। युद्धस्तर पर काम हुआ और स्वच्छ भारत अभियान के तहत करोड़ों इज्जतघर बनाए गए। महिलाओं के सम्मान को उनके पूरे आदर के साथ स्थापित किया गया।
इसमें कोई शक नहीं कि आज की हमारी ‘आर्थिक स्वतंत्रता’ के बारे में हमने एक दशक पहले कल्पना भी नहीं की थी। कारण साफ था योजनाओं के लीकेज से स्वयं को लकी मानने वाले कुछ लोगों की तिजोरियां भरी जा रही थीं। मोदी जी ने गरीबों के हाथों में देश की तिजोरी की लॉक ऐंड की दोनों सौंप दीं। उन्होंने जन धन योजना बनाई। करोड़ों खाते खुले। डीबीटी के जरिए सरकार द्वारा ग़रीबों का अधिकार सीधे उनके खातों में भेजा जाने लगा। बिचौलिये बीच से ग़ायब हो गए।
हमारी माताएं-बहनें चूल्हे पर भोजन बनाती थीं। उनके स्वास्थ्य के लिए ये बेहद खतरनाक स्थिति प्रधानमंत्री जी ने समझी। दस करोड़ से अधिक कनेक्शन बांटे गए।
मातृशक्ति के स्वास्थ्य को मजबूत किया गया। लखपति दीदी के जरिए जब तीन करोड़ महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन का अवसर मिला तो विश्व ने भारतीय मातृशक्ति के सच्चे स्वरूप को पहचाना। अवसर मिलने पर भारत माता की सभी पुत्रियां सिर्फ होममेकर ही नहीं अपने परिवार के लिए मनीमेकर भी हो सकती हैं।
उनका मानना है कि विकसित भारत@2047 का महान लक्ष्य मातृशक्ति की स्वस्थ और महती भूमिका से ही पूर्ण होगा।
हमारी संस्कृति में माना जाता था कि जल ही जीवन है लेकिन अनगिनत परिवारों को शुद्ध जल नहीं मिलता था। लाखों लोग अशुद्ध जल की समस्या से ग्रस्त बीमारियों से घिरे हुए थे। प्रधामंत्री की प्रेरणा से मिशन मोड में काम हुआ और 10 करोड़ से ज्यादा कनेक्शन देकर जल जीवन मिशन से जल के जीवन रक्षक तत्व को आम जन के लिए सर्वसुलभ बनाया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल्याणकारी राष्ट्र की अवधारणा को सत्य साबित करते हुए आयुष्मान भारत-पीएम जय की कल्याणकारी योजना का आरंभ किया। ये विश्व का सबसे बड़ा जीवन बीमा कार्यक्रम है। 44 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किये गए जिससे पूरे देश में कैशलेस हेल्थकेयर आसान हुआ।
देश में महंगी दवाओं के कारण इलाज से घबराने वाले परिवारों की आशंकाओं को भी समझा। जन औषधि केंद्रों के माध्यम से आम नागरिक का दवाइयों पर होने वाला खर्च बहुत कम हुआ। जो कभी बीमारियों के इलाज से छूट जाते थे उन्हें दवाओं पर छूट मिली तो करोड़ों परिवार खुशहाल हुए। देश के उन परिवारों में बीमारी और आर्थिक असुरक्षा का डर समाप्त हुआ, जिनके लिए इलाज आर्थिक कारणों से असंभव हुआ करता था।
किसी ने कहा था, लम्हों ने खता की है सदियों ने सजा पाई है।
भारत माता के सिरमौर कश्मीर को लेकर इतिहास में कुछ ग़लतियां हुईं थीं। जब कश्मीर को विशेष दर्जा दिया गया। आतंकवादी हमलों और लचर नीतियों से धरती का स्वर्ग आग में जल रहा था। लाल चौक पर तिरंगा फहराने का प्रयास भी आतंक को आमंत्रण होता था। कश्मीर में अनुच्छेद 370 का दंश था, जो दशकों से हलाहल विष की तरह मां भारती को पीना पड़ रहा था।
आगतं समयं वीक्ष्य भिंद्याद्घटमिवाश्मनि ॥
कहा गया है सही समय आने पर जैसा घड़ा पटक कर फोड़ दिया जाता है वैसे ही शत्रु का भी नाश कर देना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सही समय आते ही अनुच्छेद 370 को संसद के पटल पर एक ही झटके में इतिहास के पन्नों में समेट दिया गया।
दुनिया की किसी सभ्यता ने अपने प्रेरणा पुरुष से दूरी का संताप इतने लंबे समय तक कभी नहीं सहा होगा जितना भारत ने। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम पाँच सदियों से जन्मस्थान पर नहीं थे। वो श्री राम जिनके श्रीमुख से आदिकवि श्री वाल्मीकि जी ने कहलाया था, ‘जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी।’ वही मर्यादा पुरुषोत्तम अपनी जन्मभूमि से दूर थे।
मोदी जी ने देश को सबका साथ, सबका विकास का चिंतन दिया था।
लेकिन प्रभु श्री राम के बिना ये कैसे होता। प्रतीक्षा की असह्य पीड़ा सही गई। मगर मर्यादा पुरुषोत्तम के लिए न्याय की मर्यादाओं का सम्मान हुआ।माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने निर्णय दिया। श्रीरामलला के जन्मस्थान पर विश्व भर के करोड़ों श्रीराम भक्तों की भक्ति के स्रोत राम लला अपनी जन्मभूमि पर आ गए। जब उनके विग्रह में प्राण प्रतिष्ठा हुई तो वो भारतवंशियों के भीतर भारतीयता की, देश के लोकतंत्र में आस्था की भी पुनर्प्रतिष्ठा थी।
देश की सुरक्षा के हालात एक दशक पहले ऐसे थे कि हर कोई भय में जीता था। वाह्य और भीतरी दुश्मन बार-बार सरकार के इकबाल को चुनौती देते थे। आमजन को आए दिन बम विस्फोट और हमले का भय रहता था। सरकारों को भीतरी हमले से निपटने के लिए आंतरिक वोटबैंक की दीवार के दरकने का भय रहता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा सुरक्षा को लेकर स्पष्ट मत रखा था। वो सत्ता में आए तो उन्होंने भारतीय परंपार के अनुसार विनम्र व्यवहार ही अपनाया लेकिन दुश्मन देश जब अपनी करतूतों से फिर भी बाज़ नहीं आया तो मोदी जी जानते थे कि करोड़ों भारतीयों के आराध्य प्रभु श्रीराम ने क्या किया था।
बिनय न मानत जलधि जड़ गए तीनि दिन बीति। बोले राम सकोप तब भय बिनु होइ न प्रीति॥
जब तीन दिनों की विनय के बाद भी समुद्र नहीं माना तो भगवान के श्रीमुख से गोस्वामी जी ने कहलाया था कि भय के बिना प्रेम नहीं होता।
हमारे जवानों पर कायराना हमले के बदले में मुंहतोड़ जवाब दिया गया। दुश्मन के ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक की गई। आतंकवादी मारे गए। दुश्मन देश को पहली बार अनुभव हुआ कि ये नया भारत है, जो घर में घुसकर मारता है। इसी के साथ सम्पूर्ण विश्व को भारत की शक्ति का अनुभव हुआ।
देश के भीतर नक्सलवाद से आमजन की पीड़ा का कोई पारावार नहीं था लेकिन शौर्यवान सुरक्षा बलों के हाथ बंधे रहने के कारण लंबे समय से देश ये दंश झेल रहा था। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश को नक्सलवाद के पंजे से मुक्त करने का संकल्प लिया गया। ये हमारे देश के सुरक्षाबलों के अपरिमित साहस और प्रधानमंत्री जी के शक्तिशाली नेतृत्व की विजय हुई और आज देश को नक्सलवाद के दानवीय पंजों से मुक्त करा लिया गया।
आतंकवाद के रूप में पड़ोसी दुश्मन ने एक बार फिर अपना घिनौना चेहरा दिखाया। धर्म पूछकर लोगों को मारा गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अक्षम्य अपराध के लिए उस दंडविधान की रचना की कि दुश्मन कांप उठे। परिणामस्वरूप ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय जांबाज़ों ने अभूतपूर्व पराक्रम का परिचय दिया।
अब वहां चलते हैं जहां से विश्व आज के नए भारत को देख रहा है। इस सवाल का जवाब समझने के लिए हाल की एक तस्वीर को याद करिए। नई दिल्ली का भारत मंडपम और अभी हाल ही में संपन्न हुआ अठारहवां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन- दुनिया के सबसे शक्तिशाली, एक-दूसरे के धुर विरोधी राष्ट्राध्यक्ष एक ही मेज पर बैठे थे। इस दृश्य ने दिखाया कि आज की दुनिया जो युद्ध और कूटनीतिक उथल-पुथल की आग में जल रही है, शांति और समाधान के लिए नई दिल्ली की ओर देख रही है। भारत की लोकतान्त्रिक शक्ति के प्रति सम्मान और विश्वास का यह मुकाम रातों-रात हासिल नहीं हुआ है और न ही भारत का यह वैश्विक कद किसी जादू की छड़ी से गढ़ा गया है। यह भारतीय चेतना के जागृत आत्मविश्वास का सारे विश्व के लिए प्रमाण है, जिसे गढ़ने में एक ‘कर्मयोगी’ ने अपने सार्वजनिक जीवन के पच्चीस वर्ष होम कर दिए।
अब सवाल उठता है कि आखिरकार युद्ध में एक दूसरे के विनाश की कसमें खाने वाले देशों के मुख्य नेता भारत की ओर और लोकतान्त्रिक विश्व के सबसे जनप्रिय नेता आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी की ओर क्यों देखते हैं? कारण साफ है, सारे विश्व ने कोविड के सामने घुटने टेक दिए लेकिन मोदी जी ने दिन-रात की मेहनत से भारतीय जनता की रक्षा के अपने प्रण को निभाया। आज जब दुनिया का लगभग हर देश आर्थिक रूप से संघर्ष कर रहा है तो उन्होंने एक बड़ा लक्ष्य तय किया। विकसित भारत@2047 का लक्ष्य। देशवासियों ने प्राणपण से जुटकर राजनीति के तपस्वी का का साथ दिया है और आज हमारी जीडीपी 7.8 प्रतिशत की दर से वृद्धि कर रही है।
देश को मालूम है जिनके नेतृत्व में हम चंद्रमा के उस भाग में लैंड करने में सफल रहे जिस पर आज तक विश्व का कोई देश नहीं गया। जिनके मार्गदर्शन में मंगलयान की सफलता ने अर्थशास्त्र और विज्ञान के बड़े से बड़े पंडितों को सोचने पर मजबूर कर दिया। जिनके अद्भुत नेतृत्व में देश ने दुनिया में सबसे अधिक यूपीआई ट्रांजैक्शंस का कीर्तिमान बनाया है। जहां 2016-17 में कुल 1.78 करोड़ ट्रांजैक्शन्स होते थे वहीं 2026-27 में कुल 24,162 करोड़ से ज्यादा ट्रांजैक्शंस हो रहे हैं।
आज देश का भरोसा है कि देश निश्चित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी दृष्टि के अनुसार विकसित भारत@2047 का लक्ष्य को जरूर प्राप्त करेगा।
भारत देश ने उनके 12 वर्ष के नेतृत्व में हर क्षेत्र में उत्थान की ओर छलांग लगाई है। आर्थिक समृद्धि हो, या वैश्विक सम्मान, तकनीकी दक्षता हो, या राजनीतिक सामर्थ्य। भारतीय स्वाभिमान आज अपने सार्वकालिक सूचकांक में शीर्ष स्थान पर है।
इसीलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की एक लाइन में व्याख्या करें तो निश्चित ही ये ‘सीमाओं से परे संभावनाओं से भरे’ नजर आते हैं।


