पति के बिना नहीं जी सकती… गीजर के जहरीले गैस से शख्स की मौत, पत्नी ने मिनटों बाद ही दे दी जान

Feb 09, 2026 07:20 am ISTJagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

मीना ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है जिसमें उसने लिखा है कि वह अपने पति के बिना एक मिनट भी नहीं रह सकतीं। दोनों का एक बेटा भी है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पति के बिना नहीं जी सकती… गीजर के जहरीले गैस से शख्स की मौत, पत्नी ने मिनटों बाद ही दे दी जान

बेंगलुरु में एक शख्स की गीजर गैस से दम घुटकर मौत के बाद पत्नी ने खौफनाक कदम उठा लिया। पत्नी ने पति की मौत से आहत होकर कुछ ही घंटों में जान दे दी। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी दी है। मृतक की पहचान 48 वर्षीय राजू और उनकी पत्नी 42 वर्षीय मीना राजू के रूप में हुई है। दोनों ने कुछ सालों पहले शादी की थी और दोनों का एक बेटा भी है।

पुलिस के मुताबिक राजू पेशे से ड्राइवर थे। वहीं मीना बेंगलुरु के एक प्राइवेट बैंक में काम करती थी। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार शाम को राजू काम से घर लौटते ही नहाने चले गए। जब काफी देर बाद भी वह बाहर नहीं आए, तो उनके बेटे ने उन्हें आवाज दी। हालांकि कई बार पूछे जाने पर भी बाथरूम के अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद बेटे ने आस पास के लोगों को बताया। दरवाजा तोड़ने पर लोगों को राजू बाथरूम में मृत मिले।

मीना ने उठाया खौफनाक कदम

इसके बाद बेटे ने अपनी मां मीना को फोन कर बताया और घर आने को कहा। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक खबर सुनकर मीना ऑफिस से निकल गईं, लेकिन वह घर के बजाय जक्कासंद्रा चली गई, जहां दंपत्ति अपना नया घर बनवा रहे थे। मीना ने वहां जाकर खुदकुशी कर ली। मीना ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा जिसमें उन्होंने लिखा है कि वह अपने पति के बिना एक मिनट भी नहीं रह सकतीं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुसाइड नोट में उसने लिखा है, “प्लीज मुझे माफ कर देना।”

बाथरूम में नहीं था वेंटिलेशन

बता दें कि गीजर जलने पर कार्बन मोनोऑक्साइड नाम की एक जहरीली गैस निकलती है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गैस गंधहीन और रंगहीन होती है और अगर बंद जगह में यह सांस के जरिए अंदर चला जाए तो मौत भी हो सकती है। यही गैस राजू के मौत का कारण बना।

पुलिस जांच में पता चला कि राजू नेलमंगला में एक किराए के घर में रहते थे, और वहां के बाथरूम में कोई वेंटिलेशन नहीं था। नेलमंगला टाउन पुलिस ने राजू की मौत के संबंध में अप्राकृतिक मौत का मामला, वहीं मदननायकनहल्ली पुलिस ने मीना की मौत से संबंधित मामला दर्ज कर लिया है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।