
स्कूल की प्रिंसिपल ने 5वीं के छात्र को पाइप से पीटा, खून से हो गया लथपथ; मां ने दर्ज कराई FIR
शिकायत में कहा गया कि जब डरा हुआ बच्चा भागने की कोशिश कर रहा था, तब टीचर चंद्रिका ने उसे पकड़ लिया और प्रिंसिपल ने पीटना जारी रखा। स्कूल मालिक विजय कुमार घटना के दौरान वहां पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने कोई हस्तक्षेप नहीं किया।
बेंगलुरु के निजी स्कूल में चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक मां ने आरोप लगाया कि उसके 9 साल के बेटे को प्रिंसिपल ने पीवीसी पाइप से बुरी तरह पीटा। होयसलानगर की रहने वाली दिव्या शंकर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसमें कहा गया कि उनका बेटा नयन गौड़ा सेंट मैरी पब्लिक स्कूल में 5वीं कक्षा का छात्र है। उसे 14 अक्टूबर को स्कूल कैंपस में 4 से 5 बजे के बीच पीटा गया। दिव्या के अनुसार, प्रिंसिपल राकेश कुमार ने प्लास्टिक की पाइप से उनके बेटे पर हमला किया, जिससे वह घायल और खून से लथपथ हो गया।

शिकायत में कहा गया कि जब डरा हुआ बच्चा भागने की कोशिश कर रहा था, तब टीचर चंद्रिका ने उसे पकड़ लिया और प्रिंसिपल ने पीटना जारी रखा। स्कूल मालिक विजय कुमार घटना के दौरान वहां पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने कोई हस्तक्षेप नहीं किया। दिव्या ने बताया कि उनका बेटा शारीरिक रूप से घायल होने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी आहत है।
ट्रांसफर सर्टिफिकेट देने की धमकी
बच्चे की मां ने स्कूल मैनेजमेंट से घटना को लेकर बात की, तो उन्हें धमकी दी गई कि ज्यादा सवाल न पूछें और ट्रांसफर सर्टिफिकेट लेकर चले जाएं। दिव्या ने परिवार के लिए पुलिस सुरक्षा की मांग की है। प्रिंसिपल, टीचर और स्कूल मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि बच्चे का मेडिकल टेस्ट किया जाएगा और स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। इसके आधार पर आगे का ऐक्शन लिया जाएगा।





