नौकरी क्यों नहीं करते… बहुत ताने देती थी नानी, बेरोजगार नाती ने रेत डाला गला

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

जानकारी के मुताबिक 24 साल का प्रज्वल नानी के तानों से तंग आ गया था। अक्सर नानी उसे जिम्मेदार बनने की बात कहती थी वो उसे पसंद नहीं आता। अंत में उसने तानों से छुटकारा पाने के लिए चुना खौफनाक रास्ता

Bengaluru man slits grandmother throat

अक्सर नानी और नाती के बीच इतना प्रेम होता है कि लोग इसे कहावत की तरह प्रयोग करते हैं। प्रसिद्ध कहावत है कि नानी के लाड़ से बच्चे बिगड़ जाते हैं। लेकिन आपको आज इस लाड़ दुलार से अलग एक ऐसी घटना बताएंगे जिसे सुनकर आपका कलेजा कांप जाएगा। घटना बेंगलुरु की है। यहां एक नाती ने अपनी सगी नानी की गला रेतकर हत्या कर दी। वजह: वह नानी के तानों से परेशान था।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने इस मामले की जानकारी की है। अधिकारियों ने बताया कि बेंगलुरु के 24 साल के प्रज्वल ने अपनी 70 वर्षीय नानी की सिर्फ इसलिए गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी, क्योंकि वह उसे कोई काम-धंधा ढूंढने और जिम्मेदार बनने की सलाह देती थीं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक प्रज्वल के खिलाफ अपनी नानी डी. गौराम्मा की हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक प्रज्वल की मां लक्ष्मी ने उसे बैनरघट्टा के पास केंचागोरावैयाना दोड्डी में रहने वाली अपनी मां गौराम्मा के साथ रहने और उनकी देखभाल करने के लिए भेजा था, क्योंकि वह घर पर अकेली थीं। गौराम्मा के पति दोड्डा दुर्गैया काम के सिलसिले में कनकपुरा गए हुए थे। हालांकि नानी और नाती के बीच पिछले कुछ महीनों से तनाव चल रहा था। प्रज्वल कॉलेज ड्रॉपआउट था और किसी भी नौकरी में टिक नहीं पाता था। वह पिछले कुछ महीनों से पूरी तरह बेरोजगार था। गौराम्मा अक्सर प्रज्वल को समय बर्बाद न करने, फिजूलखर्ची न करने और भविष्य को लेकर गंभीर होने की सलाह देती थीं, जिसे लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता था।

आधी रात रेत डाला गला

तानों से तंग होकर प्रज्वल ने खौफ़नाक कदम उठाया। जानकारी के मुताबिक, बीते मंगलवार की रात सोने जाने से पहले गौराम्मा ने एक बार फिर प्रज्वल को उसके भविष्य को लेकर समझाया। इस बात से नाराज प्रज्वल रात करीब 2 बजे उठा, किचन से चाकू उठाया और सोते समय नानी का गला रेत दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रज्वल अपने घर लौटा। उसने अपनी मां के सामने कबूल किया कि उसने नानी गौराम्मा को मार डाला है। हालांकि जुर्म कबूल करने के बाद वह वहां से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए बुधवार दोपहर बैनरघट्टा के पास उसके एक ठिकाने का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

सरकारी नौकरी के लिए बेटी ने कराई मां की हत्या

बीते दिनों इसी तरह की एक अन्य घटना राजस्थान के जयपुर से सामने आई थी। यहां एक बेटी ने संपत्ति हड़पने और अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी पाने के लिए अपनी ही मां की हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली। साजिश को इस तरह अंजाम दिया गया कि घटना एक सड़क हादसा लगे और किसी को शक न हो। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में 23 वर्षीय आरोपी बेटी आयुषी समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें उसका चाचा और चचेरा भाई भी शामिल हैं। वहीं एक अन्य आरोपी अभी फरार है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsनौकरी क्यों नहीं करते… बहुत ताने देती थी नानी, बेरोजगार नाती ने रेत डाला गला