कांग्रेस शासित राज्य में कॉकरोचों का ‘चप्पल प्रोटेस्ट’, फ्रीडम पार्क में भारी सुरक्षा; ध्रुव राठी भी पहुंचे
बेंगलुरु के Freedom Park में SIR के खिलाफ CJP का ‘चप्पल प्रोटेस्ट’ आज होगा। प्रदर्शन से पहले भारी सुरक्षा और बैरिकेडिंग की गई है। ध्रुव राठी, प्रकाश राज समेत कई चेहरे शामिल होंगे।

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में गुरुवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन को लेकर माहौल गर्म है। फ्रीडम पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और बैरिकेड लगाए गए हैं। यहां CJP की ओर से ‘People’s Tribunal’ के बाद ‘Chappal Protest’ किया जाना है। प्रदर्शन में अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके, सह-संयोजक आशुतोष रांका और यूट्यूबर ध्रुव राठी शामिल हो रहे हैं।
फ्रीडम पार्क में क्या होने वाला है?
CJP और इससे जुड़े संगठनों ने गुरुवार को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में कार्यक्रम का ऐलान किया है। कार्यक्रम में पहले जन-अदालत आयोजित की जाएगी। इसमें कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों से ऐसे लोगों को अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा, जो दावा करते हैं कि SIR प्रक्रिया के दौरान उनका नाम मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाया गया या उन्हें सूची से जुड़े विवादों का सामना करना पड़ा।
इसके बाद CJP की ओर से ‘चप्पल प्रोटेस्ट’ किया जाएगा। CJP का कहना है कि यह महिलाओं के साथ एकजुटता दिखाने और उनके मुद्दों को उठाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर बुधवार से ही Freedom Park के आसपास गतिविधियां बढ़ गई थीं। गुरुवार को प्रदर्शनकारियों और प्रमुख चेहरों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है।
प्रकाश राज ने लोगों से की शामिल होने की अपील
अभिनेता प्रकाश राज इस पूरे अभियान में खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से Freedom Park पहुंचने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि SIR से प्रभावित लोग, युवा संगठन और सिविल सोसायटी के प्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रकाश राज ने SIR को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे लोकतंत्र और संविधान से जुड़ा मुद्दा बताया है। उनके मुताबिक यह सिर्फ वोट का सवाल नहीं है, बल्कि मतदाता सूची में नाम हटाए जाने से नागरिकों के अधिकार प्रभावित होने का विषय है।
ध्रुव राठी की एंट्री ने बढ़ाया राजनीतिक तापमान
इस कार्यक्रम में ध्रुव राठी के शामिल होने की घोषणा ने भी इसे चर्चा में ला दिया है। प्रकाश राज ने बुधवार को उन्हें कार्यक्रम का ‘स्पेशल गेस्ट’ बताया था। इसके बाद ध्रुव राठी ने भी सोशल मीडिया पर बेंगलुरु के कार्यक्रम में शामिल होने की पुष्टि की। CJP के मुताबिक राठी के अलावा JNU छात्र नेता आइशी घोष, नेहा बोरा, अभिजीत दिपके, सौरव दास और अन्य युवा एवं नागरिक संगठनों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रह सकते हैं।
दिल्ली तक पहुंचा आंदोलन
SIR को लेकर विरोध अब केवल कर्नाटक तक सीमित नहीं है। दिल्ली में INDIA ब्लॉक के सांसद भी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठा रहे हैं। बुधवार को करीब 300 विपक्षी सांसदों ने संसद से आकाशवाणी भवन की ओर मार्च किया था। पुलिस ने कई सांसदों और समर्थकों को हिरासत में लिया, जबकि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कुछ अन्य नेता आकाशवाणी भवन परिसर तक पहुंच गए थे।

