
तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने 3 बाइकों को मारी टक्कर, 50 मीटर तक घसीटा; 2 लोगों की मौत
एम्बुलेंस ड्राइवर की पहचान शंकर के तौर पर हुई है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। ट्रैफिक वेस्ट बेंगलुरु के डीसीपी अनूप शेट्टी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पूछताछ के जरिए और जानकारी जुटाई जा रही है।
बेंगलुरु के रिचमंड सर्कल के पास रात में बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक एम्बुलेंस ने तीन बाइकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए। एम्बुलेंस ने एक बाइक को करीब 50 मीटर तक घसीटा भी। एम्बुलेंस ड्राइवर की पहचान शंकर के तौर पर हुई है और उसे हिरासत में ले लिया गया है। ट्रैफिक वेस्ट बेंगलुरु के डीसीपी अनूप शेट्टी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पूछताछ के जरिए इस घटना को लेकर और जानकारी जुटाई जा रही है।

अमेठी जिले के गौरीगंज क्षेत्र में गौरीगंज-मुसाफिरखाना मार्ग पर 2 मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि शनिवार रात गौरीगंज-मुसाफिरखाना मार्ग पर राजगढ़ के पास दो मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस घटना में 28 साल के व्यापारी उदय गुप्ता और कौहार गांव निवासी 30 वर्षीय संदीप अग्रहरि की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को रायबरेली के एम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।
बैतूल जिले में भी हुआ बड़ा सड़क हासदा
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में तेज रफ्तार ट्रॉले ने बड़ी संख्या में भेड़ों के झुंड को कुचल दिया, जिससे लगभग 2 दर्जन भेड़ों की मौत हो गई। चिचोली थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हरदा-बैतूल नेशनल हाईवे (NH-47) पर तेज रफ्तार ट्राले ने भेड़ों के झुंड को कुचल दिया। कुरसना गांव के पास हुए इस हादसे में 26 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। राजस्थान के नंबर वाला ट्राला बैतूल से इंदौर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क पार कर रहे भेड़ों के झुंड को उसने टक्कर मार दी। झुंड हरदा की दिशा से राजस्थान लौट रहा था।
(एजेंसी इनपुट के साथ)





