ममता के एक और फैसले पर शुभेंदु ने चलाई कैंची, बकरीद की छुट्टी पर लिया बड़ा फैसला

लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता
Follow us on Google News
share

बंगाल में शुभेंदु अधिकारी की सरकार, ममता बनर्जी के तमाम फैसलों पर कैंची चलाने में जुटी है। इसी क्रम में पश्चिम बंगाल सरकार ने ईद की छुट्टी को लेकर बड़ा आदेश जारी किया है। इसके तहत 28 मई को बकरीद पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि इस फैसले में ट्विस्ट है।

West Bengal Chief Minister Suvendu Adhikari

बंगाल में शुभेंदु अधिकारी की सरकार, ममता बनर्जी के तमाम फैसलों पर कैंची चलाने में जुटी है। इसी क्रम में पश्चिम बंगाल सरकार ने ईद की छुट्टी को लेकर बड़ा आदेश जारी किया है। इसके तहत 28 मई को बकरीद पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि इस फैसले में ट्विस्ट है। ट्विस्ट यह है कि ममता सरकार में बकरीद पर 26 और 27 मई, दो दिन की छुट्टी घोषित थी। लेकिन भाजपा के मुख्यमंत्री शुभेंदु सरकार ने इसमें बदलाव कर दिया है। अब बकरीद पर केवल एक दिन, यानी 28 मई को ही सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

नोटिफिकेशन में क्या है
पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक अब 26 और 27 मई को बंगाल के सभी ऑफिस, संस्थान और अन्य जगहों पर काम-काज होगा। गौरतलब है कि बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, ममता बनर्जी सरकार के तमाम फैसलों को बदल रहे हैं। आज ही, साल्ट लेक स्टेडियम में ममता सरकार के कार्यकाल में बने स्टैच्यू को गिरा दिया गया। बंगाल सरकार के खेल मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने भी इसको लेकर बयान जारी किया है।

सीएम ने की पूर्व सरकार की आलोचना
इससे पहले पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को आरोप लगाया कि राज्य की पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में हुए विभिन्न भर्ती घोटालों के कारण राज्य की बदनामी हुई है। उन्होंने कहाकि उनकी सरकार विधानसभा के अगले बजट सत्र में नयी भर्ती नीति लाएगी। अधिकारी ने कहा कि पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान हुई इन अनियमितताओं के कारण कलकत्ता उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय को हस्तक्षेप करना पड़ा था जिसके परिणामस्वरूप 26,000 स्कूली नौकरियां रद्द हुईं। उन्होंने कहा इससे पश्चिम बंगाल की साख को गहरा नुकसान पहुंचा और राज्य को इस स्थिति से बाहर निकालने की जरूरत है।

बनेगी नई भर्ती नीति
मुख्यमंत्री ने कहाकि पश्चिम बंगाल विधानसभा के अगले बजट सत्र में नई भर्ती नीति बनाने के लिए एक विधेयक पेश किया जाएगा। उन्होंने कहाकि सरकार की इच्छा है कि भर्ती परीक्षाओं में उपयोग की गई ऑप्टिकल मार्क रिकॉग्निशन (ओएमआर) उत्तर पुस्तिका की प्रति (कार्बन कॉपी) परीक्षा के तुरंत बाद परीक्षार्थियों को दी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें ज्ञात हुआ है कि अब तक राज्य की भर्ती परीक्षाओं में ओएमआर शीट की प्रति परीक्षार्थियों को नहीं दी जाती थी। अधिकारी ने कहाकि यह बेहद खराब और दुर्भावनापूर्ण है। भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए ऐसा किया जाता था।

मुख्यमंत्री ने कहाकि हमें अपने पश्चिम बंगाल को इस स्थिति से बाहर निकालना होगा। उन्होंने कहाकि परीक्षा केंद्र इस कदर बदनाम हो गए कि पूर्व रेलवे, दक्षिण पूर्व रेलवे और पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने राज्य में अपनी भर्ती परीक्षाएं आयोजित करना बंद कर दिया। उन्होंने कहाकि पश्चिम बंगाल के युवाओं को बिहार, असम और ओडिशा जैसे पड़ोसी राज्यों में जाकर परीक्षाएं देनी पड़ रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि साक्षात्कार को सबसे अधिक अंक देने की पश्चिम बंगाल सरकार की मौजूदा भर्ती प्रणाली उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि साक्षात्कार के न्यूनतम अंक होने चाहिए।

ममता सरकार ने नहीं रखा ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहाकि पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार ने राज्य भर्तियों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए आरक्षण के '100 बिंदु रोस्टर' की संवैधानिक बाध्यता का पालन नहीं किया। ‘100 बिंदु रोस्टर’ एक मानक प्रशासनिक ढांचा है जिसके तहत लगातार निकलने वाली 100 नौकरियों में आरक्षण का अनुपात तय किया जाता है ताकि संवैधानिक आरक्षण कानूनी सीमाओं के भीतर सही तरीके से लागू हो सके।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsममता के एक और फैसले पर शुभेंदु ने चलाई कैंची, बकरीद की छुट्टी पर बड़ा फैसला