ED पर चोरी का आरोप, I-PAC ने पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत; हाई कोर्ट का भी दरवाजा खटखटाया
I PAC के प्रमुख प्रतीक जैन की पत्नी ने शेक्सपियर सरानी पुलिस स्टेशन में ईडी पर चोरी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि छापेमारी के दौरान उनके घर से जरूरी दस्तावेज चोरी हो गए।

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के लिए काम कर रही पॉलिटिकल कंसल्टेंसी फर्म I-PAC पर गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी से बवाल मच गया। अब ईडी के खिलाफ आई-पैक कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंची है और तुंरत छापेमारी रोकने की गुहार लगाई है। गुरुवार को ईडी ने आई-पैक के दफ्तर और उसके मुखिया प्रतीक जैन के घर पर छापा मारा, जिससे खुद ममता बनर्जी आगबबूला हो गईं। आई-पैक ने भी ईडी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए छापेमारी के दौरान अहम डॉक्युमेंट्स चोरी करने का आरोप लगाया है।
ईडी पर चोरी का आरोप लगाया
जांच एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह 6 बजे शुरू हुआ तलाशी अभियान नौ घंटे से ज़्यादा समय तक चला, और ईडी के अधिकारी दोपहर करीब 3 बजे शहर के दक्षिणी हिस्से में लाउडन स्ट्रीट स्थित जैन के आवास से चले गए। पुलिस अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, "इसके तुरंत बाद, प्रतीक जैन की पत्नी ने शेक्सपियर सरानी पुलिस स्टेशन में ईडी पर चोरी का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि छापेमारी के दौरान उनके घर से जरूरी दस्तावेज चोरी हो गए।"
'पुलिस बोली- मामले की जांच कर रहे'
उन्होंने आगे कहा, "हमें ईडी के खिलाफ चोरी का औपचारिक आरोप मिला है और हम मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के नतीजों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।" आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ईडी ने गुरुवार को कोलकाता में इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (I-PAC) के कार्यालय और उसके निदेशक प्रतीक जैन के घर पर कथित मल्टी-करोड़ रुपये के कोयला चोरी घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत तलाशी ली।
प्रतीक जैन के घर और दफ्तर पहुंचीं ममता
टीएमसी को पॉलिटिकल कंसल्टेंसी देने के अलावा, I-PAC पार्टी के आईटी और मीडिया संचालन का भी प्रबंधन करती है। सॉल्ट लेक में फर्म का कार्यालय और लाउडन स्ट्रीट पर जैन का आवास उन लगभग 10 परिसरों में से हैं, जिनमें दिल्ली के चार परिसर भी शामिल हैं, जहां केंद्रीय अर्धसैनिक टीमों की मौजूदगी में संघीय जांच एजेंसी द्वारा छापेमारी की जा रही है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ईडी की चल रही छापेमारी के बीच पहले जैन के आवास और फिर सॉल्ट लेक में उनके कार्यालय में नाटकीय रूप से पहुंचीं और आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसी टीएमसी के आंतरिक दस्तावेज, हार्ड डिस्क और उसकी चुनाव रणनीति से जुड़े संवेदनशील डेटा को जब्त करने की कोशिश कर रही है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव इस साल के पहले छमाही में होने हैं।

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन तिवारी को मीडिया में एक दशक से भी ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में हिन्दुस्तान अखबार की न्यूज वेबसाइट लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स डिजिटल) में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की पढ़ाई की। कक्षा 12वीं के बाद से ही दैनिक जागरण, अमर उजाला, जनसत्ता समेत तमाम अखबारों में संपादकीय पृष्ठ पर लिखना शुरू किया। महज दो सालों में विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रियों अखबारों में दो सौ से अधिक आलेख प्रकाशित हुए। ग्रेजुएशन करते समय ही मीडिया में नौकरी की शुरुआत की। लाइव हिन्दुस्तान में अभी दूसरी पारी है और दोनों पारियों को मिलाकर यहां आठ साल से ज्यादा हो चुके हैं। मदन आजतक जैसे अन्य संस्थानों में भी काम कर चुके हैं।
यूपी-बिहार की पॉलिटिक्स से लेकर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक खबरों को कवर करने का लंबा अनुभव है। पॉलिटिकल न्यूज में ज्यादा रुचि है और पिछले एक दशक में देशभर में हुए विभिन्न विधानसभा चुनावों के साथ-साथ लोकसभा चुनावों को भी कवर किया है। लाइव हिन्दुस्तान के लिए मदन देश-विदेश में रोजाना घटित होने वाली खबरों के साथ-साथ पॉलिटिकल खबरों का एनालिसिस, विभिन्न अहम विषयों पर एक्सप्लेनर, ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज आदि कवर करते हैं। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर से लेकर मिडिल ईस्ट में असली वॉर तक की इंटरनेशनल खबरों पर लिखते-पढ़ते रहते हैं। पिछले एक दशक में पत्रकारिता क्षेत्र में कई पुरस्कार मिल चुके हैं। मदन ने लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर, मंथली अवॉर्ड्स, पॉपुलर च्वॉइस, एचटी स्टार अवॉर्ड्स समेत कई पुरस्कार जीते हैं।
और पढ़ें



