विमान की ओर बढ़े अबू धाबी के क्राउन प्रिंस, फिर अचानक लौटकर इस शख्स को कहा थैंक्यू... देखें दिल छू लेने वाला VIDEO
अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह दिल्ली एयरपोर्ट से विमान में बैठने से पहले पीछे लौटते हैं। वह अपने भारतीय ड्राइवर से हाथ मिलाते हैं और थोड़ी देर बात करते हैं।
अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो दिल्ली एयरपोर्ट का बताया जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान में बैठने से ठीक पहले पीछे लौटते दिख रहे हैं। वह अपनी कार के पास जाकर भारतीय ड्राइवर से हाथ मिलाते हैं और कुछ देर बात करते हैं। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यूजर्स क्राउन प्रिंस की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
दरअसल, शेख खालिद भारत में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने आए थे। यह सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में हुआ। भारत इसकी मेजबानी कर रहा था। इसमें कई देशों के नेता और प्रतिनिधिमंडल शामिल हुए। संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान खुद नहीं आए थे। उनकी ओर से युवराज शेख खालिद दिल्ली आए।
अचानक लौट ड्राइवर के पास पहुंचे
सम्मेलन खत्म होने के बाद वह दिल्ली से रवाना हुए। एयरपोर्ट पर कार से उतरने के बाद उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों और गणमान्य लोगों का अभिवादन किया। इसके बाद वह विमान की तरफ बढ़ने लगे। तभी वह अचानक रुक गए और पीछे मुड़ गए। कार के पास जाकर उन्होंने ड्राइवर से हाथ मिलाया। वीडियो में देखा जा सकता है कि उन्होंने ड्राइवर के हाथ पर हल्के से थपकी भी दी और थोड़ी देर बात की। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक वह ड्राइवर भारतीय है।
यही पल कैमरे में कैद हो गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों ने इसकी खूब तारीफ की। कई यूजर्स ने लिखा कि बड़ी कुर्सी पर बैठे नेता अक्सर छोटे लोगों को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन युवराज ने ऐसा नहीं किया। कुछ लोगों ने कहा कि यह छोटा सा काम बड़े दिल को दिखाता है। अरबी सोशल मीडिया पर भी कई लोगों ने इसे शेख जायद और शेख मोहम्मद बिन जायद की सोच से जोड़ा। उनका कहना था कि यूएई के शाही परिवार में साधारण लोगों का सम्मान करने की परंपरा रही है।
ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी से मुलाकात
यह वीडियो सिर्फ तारीफ का विषय नहीं बना। इससे भारत और यूएई के रिश्तों की गर्माहट भी एक बार फिर चर्चा में आ गई। शेख खालिद की दिल्ली यात्रा सिर्फ ब्रिक्स सम्मेलन तक सीमित नहीं थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। पीएम मोदी ने इस मुलाकात का जिक्र सोशल मीडिया पर भी किया। उन्होंने लिखा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत-यूएई संबंधों में बड़ा बदलाव आया है। दोनों देश अब अपनी महत्वाकांक्षा और बढ़ा कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि शेख खालिद से मिलकर उन्हें खुशी हुई।
बताया गया कि दोनों नेताओं की बातचीत कई महत्वपूर्ण विषयों हुई। इनमें रक्षा सहयोग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष, जरूरी खनिज, ऊर्जा, खाद्य सुरक्षा और कनेक्टिविटी शामिल हैं। भारत और यूएई के बीच निवेश, ऊर्जा के बुनियादी ढांचे और भारत-मिडिल ईस्ट-यूरोप कॉरिडोर यानी आईएमईसी जैसी परियोजनाओं पर भी संभावनाएं बताई जा रही हैं। पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में अनिश्चितता के इस समय में मजबूत भारत-यूएई साझेदारी स्थिरता, समृद्धि और शांति का संदेश देती है।

