बांग्लादेश ने ‘इस्लामिक नाटो’ में एंट्री का दिया इशारा, भारत की बढ़ेगी टेंशन?

लाइव हिन्दुस्तान
share

शेख हसीना के नई दिल्ली में शरण लेने के बाद से भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में तनाव बना हुआ है। इसी बीच बांग्लादेश पाकिस्तान और चीन के साथ अपने रिश्ते मजबूत कर रहा है। अब इस्लामिक नाटो में एंट्री के संकेत दिए हैं।

Bangladesh signals intent to join Islamic NATO
ढाका ने इस्लामिक नाटो में एंट्री के संकेत दिए हैं

पाकिस्तान के बाद अब भारत का एक और पड़ोसी इस्लामिक नाटो में शामिल हो सकता है। बांग्लादेश ने हाल ही में इशारा किया है कि वह सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की के बीच हुए नए रक्षा समझौते में शामिल होने के दरवाजे खुले रख रहा है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पन की मांग को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव बना हुआ है। ऐसे में बांग्लादेशी प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सलाहकार की तरफ से आया यह बयान भारत की टेंशन बढ़ा सकता है।

बता दें कि इससे पहले इस महीने की शुरुआत में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की ने 'मक्का जॉइंट डिफेंस एग्रीमेंट' की नींव रखी थी। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर ने इस समझौते पर बात करते हुए कहा कि बांग्लादेश बदलते वैश्विक परिदृश्य और अपनी जरूरतों के आधार पर इस गठबंधन में शामिल होने के प्रति सकारात्मक रुख रखता है।

क्या है 'मक्का पैक्ट'?

मक्का पैक्ट की सबसे बड़ी बात यह है कि तीन में से किसी भी एक देश पर हमला हुआ तो इसे तीनों देशों पर हमला माना जाएगा। चर्चा है कि इस समझौते में कई अन्य मुस्लिम देश भी शामिल हो सकते हैं। ऐसे में इस समझौते को इस्लामिक नाटो का भी नाम दिया जा रहा है। हालांकि कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि इसे नाटो का दर्जा देना सही नहीं होगा। दरअसल इस गठबंधन में हर देश अपना हित साधने की कोशिश में है। नाटो की तरह इस गठबंधन के पास फिलहाल कोई साझा लक्ष्य भी नहीं है।

भारत से बांग्लादेश की तल्खी

2024 में शेख हसीना की सरकार के पतन के बाद से भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में लगातार तनाव बना हुआ है। बांग्लादेश ने शेख हसीना को भारत में शरण मिलने पर तल्खी दिखाई है और लगातार हसीना के प्रत्यर्पन की मांग कर रहा है। वहीं भारत ने कहा है कि वह उचित कानूनी प्रक्रिया के तहत इस पर विचार कर रहा है। हालांकि बांग्लादेश इस जवाब से खुश नहीं है। बता दें कि ढाका में जुलाई 2024 में हुए हिंसक छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना को पद और देश दोनों छोड़ना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने भारत में शरण ली है।

नहीं आएंगे तारिक रहमान?

इस मुद्दे को लेकर बांग्लादेशी PM तारिक रहमान के भारत दौरे को लेकर भी संशय की स्थिति बन गई है। हुमायूं कबीर ने कहा कि भारत दौरे को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं होगी। उन्होंने कहा है कि जब तक दोनों देशों के बीच उचित माहौल नहीं बनता, प्रधानमंत्री तारिक रहमान की भारत यात्रा फिलहाल मुश्किल दिख रही है। इधर भारत से रिश्तों में आई कड़वाहट के बीच बांग्लादेश चीन और पाकिस्तान से नजदीकी बढ़ा रहा है। हाल ही में तारिक रहमान चीन पहुंचे थे। अब पाकिस्तान के साथ इस्लामिक नाटो में जुड़ने का इशारा देकर ढाका भारत की चिंताएं बढ़ा रहा है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsबांग्लादेश ने ‘इस्लामिक नाटो’ में एंट्री का दिया इशारा, भारत की बढ़ेगी टेंशन?