बांग्लादेश ने भारत को दी धमकी, कहा- शेख हसीना को नहीं भेजा तो नहीं सुधरेंगे रिश्ते
शेख हसीना बांग्लादेश में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद पद और देश छोड़कर भारत आ गई थीं। तब से वे भारत में ही हैं। बांग्लादेश लगातार हसीना के प्रत्यर्पन की मांग करता रहा है। अब उसने धमकी दी है।

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पन की मांग को लेकर अब तारिक रहमान की सरकार अब धमकियों पर उतर आई है। बांग्लादेश ने भारत को धमकी दी है कि अगर संबंधों को सुधारने हैं तो शेख हसीना की वापसी जरूरी शर्त है। ढाका ने शर्त रखते हुए शेख हसीना और अवामी लीग के महासचिव ओबैदुल कादर सहित कई नेताओं के प्रत्यर्पण की मांग भी की।
गौरतलब है कि जुलाई 2023 में बांग्लादेश में हुए हिंसक छात्र आंदोलन के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को पद और देश दोनों छोड़ना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने भारत में शरण ली। इसके बाद तारिक रहमान की सरकार बनने के बाद से ही बांग्लादेश कई मौकों पर भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पन की मांग करता रहा है। वहीं भारत का कहना है कि वह तय कानूनों की जांच के बाद सोच समझकर यह फैसला लेगा।
इस बीच शेख हसीना को उनके देश में मौत की सजा सुनाई जा चुकी है। उन पर छात्र आंदोलन के दौरान दमन के आरोप लगे हैं और मानवता के खिलाफ अपराध का दोषी माना गया है। इसके बावजूद शेख हसीना ने कहा है कि वो अपने देश लौटना चाहती हैं। बीते महीने हसीना ने भारत में शरण लेने के बाद पहली बार मीडिया से लाइव बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा था कि वे आवामी लीग के अन्य नेताओं के साथ दिसंबर में बांग्लादेश जा सकती हैं। उन्होंने कहा है कि बांग्लादेश की जनता फैसला करेगी कि वो अपराधी हैं या नहीं।
बांग्लादेश के बिगड़े बोल
इससे पहले बांग्लादेश के बोल बिगड़ने लगे हैं। बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सूचना एवं प्रसारण मामलों के सलाहकार जाहेद उर रहमान ने बुधवार को प्रेस ब्रीफिंग में भारत के सामने शर्त रख दी। उन्होंने कहा कि वे शेख हसीना और आवामी लीग के अन्य नेताओं का प्रत्यर्पणदोनों देशों के बीच रिश्ते सुधारने के लिए एक अहम शर्त होगी। जाहेद ने बताया कि उन्होंने ढाका में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी के साथ हुई बैठक में भी इस मुद्दे पर बात हुई है।
इधर तारिक रहमान का भारत आने से इनकार
इस बीच बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान भारत का दौरा कई बार टाल चुके हैं। उनके शपथ ग्रहण समारोह के दौरान ही भारत से मिले न्योते के बावजूद वे चीन गए, लेकिन भारत नहीं आए। वहीं भारत ने हाल ही में हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में शामिल होने के लिए बिम्सटेक अध्यक्ष के रूप में भी बांग्लादेश के पीएम को आमंत्रित किया था, लेकिन वह नई दिल्ली नहीं आए। अब खबर है कि वे दिसंबर में भारत आ सकते हैं।

