बाबा भोलेनाथ की... मुसलमानों के लिए नहीं करूंगा काम; बंगाल में मंच से बोले BJP विधायक
बीजेपी विधायक रितेश तिवानरी ने कहा है कि जिन लोगों ने मुझे वोट दिया है, उन्हीं का मुझ पर अधिकार है। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि अगले पांच वर्षों तक वे उन लोगों के लिए कोई काम नहीं करेंगे जिन्होंने चुनाव में उनका समर्थन नहीं किया है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा की भारी जीत के बाद पार्टी के एक विधायक का विवादित बयान सामने आया है। काशीपुर-बेलगछिया सीट से विजयी भाजपा विधायक रितेश तिवारी ने सार्वजनिक मंच से दावा किया कि वे 1952 के बाद शायद पहले ऐसे विधायक हैं, जिन्हें अपने क्षेत्र के एक भी मुसलमान ने वोट नहीं दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने मुझे वोट दिया है, उन्हीं का मुझ पर अधिकार है। उन्होंने आगे घोषणा की कि अगले पांच वर्षों तक वे उन लोगों के लिए कोई काम नहीं करेंगे जिन्होंने चुनाव में उनका समर्थन नहीं किया। बाबा भोलेनाथ की शपथ लेते हुए विधायक ने कहा कि वे ऐसे लोगों को न प्रमाण-पत्र जारी करेंगे और न ही कोई सिफारिश करेंगे।
बताया जा रहा है कि कोलकाता में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रितेश तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारे 'सबका साथ, सबका विकास' का जिक्र करते हुए कहा कि अब सभी को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। हालांकि, इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी यह प्रतिक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक और अहिंसक रहेगी। उन्होंने 2021 के चुनाव के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए हमलों का भी जिक्र किया और कहा कि वे ऐसी किसी हिंसा या दबाव की रणनीति का सहारा नहीं लेंगे।
अब उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आम लोगों के साथ-साथ सियासी दल के नेता भी इस पर सवाल उठा रहे हैं और कह रहे हैं कि एक जन प्रतिनिधि इस तरह का बयान कैसे दे सकता है। वहीं, रितेश तिवारी के इस बयान ने राज्य में नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। विपक्षी दलों ने इसे विभाजनकारी बताया है, जबकि भाजपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
बता दें कि भाजपा विधायक की ओर से यह बयान ऐसे समय में आया है जब भाजपा ने 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा में 208 सीटें जीतकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। वहीं, 15 साल तक सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस (TMC) मात्र 79 सीटों पर सिमट गई। जीत के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें


