अबान के जनाजे में बंद रहेगी अतीक के बेटों की जुबान, केवल 3 लोगों से बात करने की इजाजत
अतीक अहमद के बेटे अबान के जनाजे में उमर और अली को पैरोल मिली, लेकिन हाईकोर्ट ने सख्त शर्तें लगाईं। सिर्फ 3 लोगों से बात करने की इजाजत, मीडिया से दूरी। पूरी ताजा खबर पढ़ें।

अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद के जनाजे में शामिल होने के लिए जेल में बंद दोनों बेटों- उमर अहमद और अली अहमद को अनुमति तो मिल गई है, लेकिन सख्त शर्तों के साथ। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि दोनों भाई जनाजे के दौरान किसी से भी बात नहीं कर पाएंगे, सिवाय केवल तीन लोगों के।
अतीक अहमद की बहन परवीन कुरैशी की याचिका पर जस्टिस अजय भानोट और जस्टिस दिवेश चंद्र सामंत की खंडपीठ ने शुक्रवार को उमर और अली की पैरोल मंजूर कर दी। अली अहमद झांसी जेल में बंद है और मोहम्मद उमर लखनऊ जेल में है। दोनों को पुलिस हिरासत में सीधे कसारी-मसारी कब्रिस्तान ले जाया जाएगा। जनाजे और अंतिम संस्कार के बाद उन्हें तुरंत वापस अपनी-अपनी जेलों में भेज दिया जाएगा।
परिवार के चार सदस्यों का मिलन होगा
अदालत ने निर्देश दिया कि अंतिम संस्कार और परिवार के चार सदस्यों का मिलन पूरा होने के बाद उमर और अहमद को पुलिस अभिरक्षा में उनकी जेलों में वापस लाया जाएगा। अदालत ने कहा, "उमर और अहमद किसी जनसभा को संबोधित नहीं करेंगे, सोशल मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया समेत मीडिया से बातचीत नहीं करेंगे।" अदालत ने कहा, "इसके अलावा, वे अंतिम संस्कार कर रहे धार्मिक व्यक्ति, अपनी बुआ परवीन कुरैशी और भाई अहजम अहमद के अलावा किसी से बातचीत नहीं करेंगे। साथ ही वे पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के निर्देशों का सख्ती से पालन करेंगे।"
हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत
झांसी जिले में बृहस्पतिवार को एक सड़क हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई थी, जबकि कार सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए थे जिन्हें कल रात झांसी के अस्पताल से लाकर प्रयागराज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह अबान का शव हटवा गांव स्थित उनकी बुआ परवीन कुरैशी के घर लाया गया। अबान की कब्र भी अतीक की कब्र के पास तैयार की गई है। इसी कब्रिस्तान में अतीक के भाई अशरफ और बेटे असद की कब्र है।
सड़क दुर्घटना का शिकार हुए अबान और उनके एक साथी के शव लेकर देर रात उनके परिजन प्रयागराज के लिए रवाना हुए थे और शुक्रवार सुबह यहां पहुंचे। झांसी में बृहस्पतिवार की सुबह हुई दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद अतीक के बेटे अजहम और घायलों के परिजन देर शाम झांसी पहुंचे थे। इसके बाद उसका पोस्टमार्टम किया गया।
झांसी जेल में बंद भाई से मिलने जा रहा था अबान
अबान अहमद अपने कुछ साथियों के साथ झांसी जेल में बंद भाई से मिलने जा रहा था, तभी रास्ते में पुंछ थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उसकी तेज रफ्तार एसयूवी कार बेकाबू होने के कारण एक डिवाइडर से टकराकर पलट गयी। इस हादसे में अबान अहमद (21) और उसके दोस्त सोनू (25) की मौत हो गई।
इसके अलावा कार सवार आजम, मोहम्मद जावेद और उमर घायल हुए। अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज के एक अस्पताल के बाहर पत्रकार बनकर पहुंचे तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के समय पुलिसकर्मी अतीक और अशरफ को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जा रहे थे।


