असम-बंगाल समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनावों का ऐलान आज, कब होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और असम समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान आज यानी रविवार को हो सकता है। चुनाव आयोग तारीखों का ऐलान करेगा। सूत्रों का कहना है कि बंगाल में तीन से चार चरणों में मतदान हो सकता है।
तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और असम समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान आज यानी रविवार को हो सकता है। चुनाव आयोग तारीखों का ऐलान करेगा। आज शाम 3 बजे के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी। बता दें कि केरल और पुदुच्चेरी में भी इसी साल चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग आज ही इन राज्यों मे चुनाव का पूरा कार्यक्रम जारी कर सकता है।
इन पांचों राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव राष्ट्रीय राजनीति के लिए बेहद अहम माने जा रहा है। माहौल से पता चल रहा है कि इस बार पश्चिम बंगाल में बीजेपी और टीएमसी के बीच कड़ा मुकाबला देखनेको मिल सकता है। पश्चिम बंगाल में 3 से 4 चरणों में चुनाव कराए जाने की संभावना है। वहीं पदुच्चेरी और केरल में एक ही चरण में चुनाव हो सकते हैं। तमिलनाडु और असम में दो चरणों में चुनाव हो सकते हैं। हालांकि फाइनल चरण और तारीखें चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में ही बताई जाएंगी।
इस बार पूरे देश की निगाहें तमिलनाडु और बंगाल के विधानसभा चुनाव पर हैं। वहीं असम पर भी लोगों का ध्यान है। चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने असम में अपने 23 उम्मीदवारों का ऐलान भी कर दिया है। वहीं 15 सीटें सहयोगी पार्टियों के लिए छोड़ी हैं।
कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और असम जातीय परिषद सहित विपक्षी दलों के गठबंधन का नेतृत्व कर रही है। इसे शनिवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा)-मार्क्सवादी लेनिनवादी (माले) लिबरेशन ने भी अपना समर्थन दिया। रायजोर दल पूर्व के चुनावों में विपक्षी गठबंधन का हिस्सा था लेकिन आगामी चुनाव के लिए यह समझौता नहीं हो पाया है।
दल के प्रमुख अखिल गोगोई ने पिछला विधानसभा चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीता था। कांग्रेस ने गत तीन मार्च को 42 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई का नाम भी शामिल था, जिन्हें जोरहाट से टिकट दिया गया है। पार्टी अब तक कुल 65 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। पार्टी उम्मीदवारों की दो सूची राज्य विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने से पहले जारी की गई हैं। प्रदेश में इस साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव संभावित है।
कांग्रेस की ओर से घोषित उम्मीदवारों की दूसरी सूची के अनुसार, पूर्व सांसद खालिक को मंडिया विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। शांतनु बोरा को न्यू गुवाहाटी, नूरुल इस्लाम को श्रीजनगराम, डेविड फूकन को तिनसुकिया और बिपुल गोगोई को टिंगखोंग से टिकट दिया गया है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा को बरचल्ला निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है।
कांग्रेस ने जो सीट सहयोगी दलों के लिए छोड़ी हैं उनमें प्लासबारी, गुवाहाटी सेंट्रल, मोरीगांव, गोरेश्वर और ब्रह्मपुर जैसे क्षेत्र शामिल हैं। कांग्रेस 2016 से असम की सत्ता से बाहर है जबकि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश करेगी। वर्तमान में, 126 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के पास 64 विधायक हैं जबकि उसकी सहयोगी असम गण परिषद के नौ विधायक, यूपीपीएल के सात और बीपीएफ के तीन विधायक हैं। असम में विधानसभा की कुल 126 सीट हैं। विपक्ष में कांग्रेस के 26 विधायक, एआईयूडीएफ के 15 और माकपा का एक विधायक है।
लेखक के बारे में
Ankit Ojhaविद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।
राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।
अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।
और पढ़ें

