'मोदी का बाल भी बांका नहीं कर सकते', CEC के खिलाफ प्रदर्शन के बीच हिमंत की राहुल गांधी को चेतावनी
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर कोई सोचता है कि 10-15 हजार आदमी जोड़कर पीएम मोदी को रोका जा सकता है, तो बताना चाहता हूं कि पीएम मोदी के साथ में करोड़ों माताओं का आशीर्वाद है। कोई उनका बाल भी बांका नहीं कर सकता।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर चल रहे प्रदर्शन में राहुल गांधी आगे खड़े होकर विपक्ष का नेतृत्व करते हुए नजर आ रहे हैं। वह लगातार ज्ञानेश कुमार के साथ-साथ पीएम मोदी पर भी निशाना साध रहे हैं। इसी बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता के खिलाफ मोर्चा खोला दिया है। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि कि भारत में जब तक 'सनातन की शक्ति' मौजूद है, तब तक वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 'बाल भी बांका' नहीं कर सकते।
वाराणसी में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत गुजरात के वडनगर से काशी पहुंचे सेवा यात्रियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा, ''राहुल गांधी... जब तक भारत में सनातन की शक्ति है़, नरेन्द्र मोदी जी का बाल भी बांका नहीं कर सकते। जो लोग यह सोचते हैं कि नरेन्द्र मोदी को 10-20 हजार लोगों को एकत्र करके कभी रोका जा सकता है तो मैं उन लोगों से कहना चाहता हूं कि भारत की करोड़ों माताओं तथा देश के करोड़ों युवाओं की ताकत और सनातन भारत का आशीर्वाद नरेन्द्र मोदी के साथ है।''
शर्मा मोदी के सरकार प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष पूरा होने के अवसर पर निकाली गयी 'सेवा संकल्प' मोटरसाइकिल रैली के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश की सत्ता संभालने से पहले हिंदू समाज ने यह सोचना बंद कर दिया था कि अयोध्या में कभी बाबरी मस्जिद की जगह पर राम मंदिर बनेगा। उन्होंने कहा, ''लेकिन आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमने बाबर को भगाया और राम मंदिर का निर्माण किया। आज हमारे देश में बाबर और औरंगजेब अगर मिट्टी के नीचे छुपे हुए हैं तो इसका कारण नरेन्द्र मोदी ही हैं। हमें उनके नेतृत्व को लेकर आगे बढ़ना है।''
असम के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन में सेना तत्कालीन सरकार से चीन की सीमा तक पहुंचने के लिये सड़क और रेलमार्ग के साथ-साथ हथियार मांगती थी। लेकिन कांग्रेस के नेतृत्व में यह ताकत नहीं थी और उसने सीमाओं पर सेना के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा, ''लेकिन आज मैं आप लोगों को आमंत्रित करता हूं कि कभी अरुणाचल प्रदेश चलिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिक्स लेन का हाईवे बनवाया है, रेलवे लाइन बनवाई है। आज हमारी सेना सीधे सीमा पर जाकर भारत मां की रक्षा कर सकती है।'' उन्होंने दावा किया कि भाजपा अगले 50 वर्षों तक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात और असम में सत्ता में बनी रहेगी।


