पाकिस्तान और लंदन में कितनी संपत्ति? EC को क्यों नहीं बताते गोगोई; CM हिमंता का क्या चैलेंज

Pramod Praveen पीटीआई, गुवाहाटी
share

CM हिमंत ने गोगोई को चुनौती देते हुए कहा कि वे देश के बाहर अपनी प्रॉपर्टी की लिस्ट चुनाव आयोग को सौंपें। उन्होंने कहा कि गोगोई ने अपनी पत्नी की पाक से होने वाली आय की जानकारी भी नहीं दी है, और न ही पड़ोसी देश में बैंक खाते का जिक्र किया है।

पाकिस्तान और लंदन में कितनी संपत्ति? EC को क्यों नहीं बताते गोगोई; CM हिमंता का क्या चैलेंज

चुनावी सरगर्मियों के बीच असम में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। भाजपा नेता और राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत विस्वा सरमा ने आज (मंगलवार, 31 मार्च को) को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनसे पाकिस्तान और लंदन में कथित संपत्तियों का खुलासा करने की मांग की है। गुवाहाटी में भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र लॉन्चिंग के मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए सीएम हिमंत ने आरोप लगाया कि गोगोई के पास पाकिस्तान और लंदन में संपत्ति है लेकिन उन्होंने इन संपत्तियों का विवरण चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे में नहीं दिया है।

इसके साथ ही हिमंत ने जोरहाट लोकसभा सांसद गोगोई को चुनौती देते हुए कहा कि वे देश के बाहर अपनी प्रॉपर्टी की लिस्ट चुनाव आयोग को सौंपें। उन्होंने कहा, "गोगोई ने अपनी पत्नी की पाकिस्तान से होने वाली आय की जानकारी भी नहीं दी है, और न ही उन्होंने पड़ोसी देश में उनके बैंक खाते का जिक्र किया है।" मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि वे गोगोई पर साफ-साफ आरोप लगा रहे हैं कि उनकी प्रॉपर्टी पाकिस्तान और लंदन, दोनों जगहों पर है; जबकि राइजोर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई ने आरोप लगाया है कि उनकी प्रॉपर्टी अमेरिका में भी है।

पूरी जिम्मेदारी और मुख्यमंत्री कार्यालय से आरोप लगा रहे

उन्होंने कहा, "यह मेरा आरोप नहीं है, बल्कि मैं चाहता हूँ कि वे चुनाव आयोग को दिए गए अपने हलफनामे में पाकिस्तान में किए गए अपने लेन-देन की जानकारी दें।" सरमा ने कहा कि वे ये आरोप "पूरी जिम्मेदारी के साथ और मुख्यमंत्री कार्यालय से लगा रहे हैं कि गोगोई की पत्नी के नाम पर पाकिस्तान और लंदन, दोनों जगहों पर प्रॉपर्टी है, जिसे उन्होंने चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे में नहीं दिखाया है।" CM ने कहा कि अगर कोई प्रॉपर्टी नहीं है, तो उन्हें अपनी पत्नी के पाकिस्तान स्थित बैंक खाते के लेन-देन की जानकारी देनी चाहिए। भले ही वह पुराना ही क्यों न हो। सरमा ने कहा कि गोगोई चार निष्पक्ष लोगों के सामने लेन-देन की जानकारी पेश करें, जिनमें चार पत्रकारों के नाम शामिल हों।

चारों लोगों बैंक खातों की जाँच करें

उन्होंने आगे कहा, "इन चारों लोगों को बैंक खातों की जाँच करनी चाहिए और लोगों को बताना चाहिए कि यह बात सही है या मैं झूठ बोल रहा हूँ।" सरमा ने कहा, “गोगोई पर कई 'गंभीर आरोप' हैं, जिन्हें 'मैं अभी चुनाव का माहौल खराब न हो, इसलिए सामने नहीं लाना चाहता; लेकिन चुनाव के बाद, मैं इस मुद्दे पर और भी गंभीर जानकारी सामने लाऊँगा, जो मेरे संज्ञान में आई है।”

भाजपा का चुनावी घोषणा पत्र जारी

इस बीच भाजपा ने असम विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी कर दिया, जिसमें मूल निवासियों की जमीन, विरासत और सम्मान की सुरक्षा और बुनियादी ढांचा के लिए पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश का वादा किया गया है। भाजपा के 'संकल्प पत्र' में 31 वादे किए गए हैं, जिनमें बांग्लादेशी मियांओं से अतिक्रमित जमीन वापस लेना, समान नागरिक संहिता लागू करना, राज्य का विकास सुनिश्चित करना और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना शामिल हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस मौके पर कहा कि यह घोषणापत्र "राज्य के एक दशक के परिवर्तन पर आधारित है, जिसे कांग्रेस 60 वर्षों में हासिल नहीं कर पाई।" बता दें कि राज्य की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को चुनाव होना है, जबकि मतगणना चार मई को होगी।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें