हिमंता बिस्वा सरमा ने 12 मंत्रियों को विभागों का किया बंटवारा, अपने पास रखेंगे कौन से मंत्रालय
सीएम सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'असम के माननीय राज्यपाल की स्वीकृति से मैं असम सरकार के मंत्रिपरिषद के सदस्यों के बीच विभागों के आवंटन की घोषणा करते हुए प्रसन्न हूं।' असम में 12 मंत्रियों ने पांच जून को शपथ ली थी।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार को नवनियुक्त 12 मंत्रियों को विभागों का आवंटन किया। मुख्यमंत्री ने गृह व राजनीतिक विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को अपने पास रखा है। वरिष्ठ मंत्रियों में रानोज पेगू को फिर से शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अशोक सिंघल को एक बार फिर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग आवंटित किया गया है।
बिमल बोराह को सांस्कृतिक मामले एवं उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उद्यम और एक्ट ईस्ट नीति संबंधी विभाग दिए गए हैं। वित्त मंत्रालय शर्मा के करीबी सहयोगी जयंता मल्ला बरुआ को सौंपा गया है। सीएम सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "असम के माननीय राज्यपाल की स्वीकृति से मैं असम सरकार के मंत्रिपरिषद के सदस्यों के बीच विभागों के आवंटन की घोषणा करते हुए प्रसन्न हूं।" असम में 12 मंत्रियों ने पांच जून को शपथ ली थी जबकि चार अन्य मंत्रियों को मुख्यमंत्री के साथ 12 मई को पद की शपथ दिलाई गई थी। चार मंत्रियों के विभागों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है।
16 सहयोगियों को जिले का प्रभार आवंटित
इससे पहले, रविवार को सीएम सरमा ने मंत्रिमंडल के अपने 16 सहयोगियों को जिले का प्रभार आवंटित करने की रविवार को घोषणा की। इन मंत्रियों को स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर संबंधित जिलों में विकास कार्यों की निगरानी और देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रभारी मंत्री के रूप में वे अपने-अपने जिलों में सभी सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के सुचारु तथा प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार होंगे। उन्होंने कहा, ''मुझे असम सरकार के मंत्रियों को जिलों का प्रभार सौंपने की घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है। मुझे विश्वास है कि सभी मंत्री जिला प्रशासन के साथ मिलकर काम करेंगे और राज्य की प्रगति तथा समृद्धि की यात्रा को और अधिक गति प्रदान करेंगे।''
रामेश्वर तेली को तिनसुकिया और जोरहाट का प्रभार दिया गया है, जबकि अतुल बोरा को कामरूप महानगर और धेमाजी की जिम्मेदारी दी गई है। कोकराझार, बक्सा और चिरांग चरण बोरो को, मोरीगांव और कामरूप अजंता निओग को, बोंगाईगांव और बारपेटा अश्विनी रे सरकार को, दरांग और धुबरी अशोक सिंघल को, शिवसागर और चराइदेव बिमल बोरा को, नलबाड़ी और सोनितपुर बिस्वजीत दैमारी को आवंटित किए गए हैं। सरमा ने कहा कि तामुलपुर और गोलपारा जयंत मल्लबरुआ को जबकि श्रीभूमि और हैलाकांडी की जिम्मेदारी कौशिक राय को, दक्षिण सलमारा-मनकचर और उत्तरी लखीमपुर केशब महंत को, दिमा हसाओ और कछार की जिम्मेदारी कृष्णेंदु पॉल को सौंपी गई है। पीयूष हजारिका नगांव, होजाई, कार्बी आंगलोंग और पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिलों के प्रभारी मंत्री होंगे।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Niteesh Kumarपत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।
और पढ़ें

