
ASI संदीप की पत्नी को मिलेगी सरकारी नौकरी, मनोहर लाल खट्टर का ऐलान; चल रहा है पोस्टमॉर्टम
देर रात पुलिस अधिकारियों से एएसआई संदीप के परिजन व ग्रामीण एफआईआर कॉपी देने की मांग पर अड़े रहे। अधिकारी परिवार को समझाने की कोशिश में जुटे रहे। यह भरोसा दिलाया कि एफआईआर की कॉपी गुरुवार सुबह दे दी जाएगी।
हरियाणा के आईपीएस वाई पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार समेत कई गंभीर आरोप लगा सुसाइड करने वाले रोहतक पुलिस के एएसआई संदीप लाठर का पोस्टमॉर्टम पीजीआई रोहतक में चल रहा है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने परिवार के सदस्य को नौकरी और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने का ऐलान किया है। बुधवार देर रात परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हो गए थे और लाश देर रात मामा के गांव लाढ़ौत से पीजीआई मॉर्चरी में शिफ्ट कर दी गई थी।

12 बजे जींद के जुलाना में अंतिम संस्कार होगा। यह एएसआई संदीप लाठर का पैतृक गांव है। पोस्टमॉर्टम के दौरान ही हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री खट्टर पहुंचे। परिजनों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया है कि एएसआई संदीप लाठर की पत्नी को सरकारी नौकरी मिलेगी और उनके बच्चों की पढ़ाई का खर्च सरकार उठाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस बारे में वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से करेंगे।
अभी एफआईआर सार्वजनिक नहीं की
परिवार के दबाव में दिवंगत आईपीएस कुमार की पत्नी आईएएस अफसर अमनीत पी कुमार समेत अन्य परिजनों पर एफआईआर दर्ज हुई। पंजाब में बठिंडा ग्रामीण से आम आदमी पार्टी विधायक एवं आईजी के साले अमित रतन, गनमैन सुशील कुमार और एसआईएस सुनील कुमार को आरोपी बनाया गया है। इसमें एएसआई की पत्नी संतोष के बयानों के अलावा सुसाइड नोट और लास्ट वीडियो को आधार बनाया गया है। पुलिस ने हालांकि अभी एफआईआर सार्वजनिक नहीं की है।
देर रात पुलिस अधिकारियों से एएसआई संदीप के परिजन व ग्रामीण एफआईआर कॉपी देने की मांग पर अड़े रहे। अधिकारी परिवार को समझाने की कोशिश में जुटे रहे। यह भरोसा दिलाया कि एफआईआर की कॉपी गुरुवार सुबह दे दी जाएगी।
अस्थि-विसर्जन करने हरिद्वार जाएंगी वाई पूरन कुमार की पत्नी
उधर, आईपीएस वाई पूरन कुमार के सुसाइड के नौवें दिन बुधवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। अब परिवार उनका अस्थि-विसर्जन कार्यक्रम पूरी तरह से हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार करेगा। उनकी पत्नी अमनीत पी. कुमार गुरुवार को अस्थियां लेकर उत्तराखंड के हरिद्वार जाएंगी, जहां उनका अस्थि-विसर्जन संस्कार होगा। इस दौरान उनकी दोनों बेटियां और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहेंगे।
वहीं, इस केस को लेकर गठित 51 सदस्यीय कमेटी ने गुरुवार शाम को एक मीटिंग बुलाई है। इस बैठक में यह तय किया जाएगा कि आगे की कार्रवाई क्या होगी। संभावना है कि इस मीटिंग में दिवंगत अफसर के परिजन भी शामिल होंगे।
रिपोर्ट: मोनी देवी



