क्या अकाउंट में ट्रांसफर कर दूं 2 रुपये? 'मिया मुस्लिम' विवाद पर ओवैसी ने उड़ाया हिमंत शर्मा का मजाक

Feb 07, 2026 01:23 pm ISTAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, हैदराबाद
share Share
Follow Us on

ओवैसी ने असम के CM हिमंत को 'दो रुपये' की पेशकश कर उनका मजाक उड़ाया। जानें मिया मुस्लिम विवाद और पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे की किताब को लेकर ओवैसी ने भाजपा-आरएसएस पर क्या गंभीर आरोप लगाए।

क्या अकाउंट में ट्रांसफर कर दूं 2 रुपये? 'मिया मुस्लिम' विवाद पर ओवैसी ने उड़ाया हिमंत शर्मा का मजाक

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। निजामाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने 'मियां मुस्लिम' वाले बयान को लेकर मुख्यमंत्री शर्मा का मजाक उड़ाया और सीमा विवाद के मुद्दे पर भाजपा-आरएसएस की घेराबंदी की। इसके अलावा, ओवैसी ने कहा है कि भारत में मुस्लिम आबादी कभी भी हिंदू आबादी से अधिक नहीं होगी।

हिमंत बिस्वा सरमा पर 'दो रुपये' वाला तंज

असम के मुख्यमंत्री ने कथित तौर पर कहा था कि अगर ऑटो चलाने वाला मिया मुस्लिम है, तो उसे तय किराए से कम पैसे दें। इस पर ओवैसी ने तंज कसते हुए कहा- वह कहते हैं, अगर कोई ऑटो ड्राइवर मियां मुसलमान है, तो उसे असली किराए से कम पैसे दो। अगर किराया 5 रुपये है, तो उसे 4 रुपये दो... हिमंत विश्व शर्मा, मैं तुम्हें ये दो रुपये दे रहा हूं, क्या तुम लोगे? मुझे पता है कि तुम दो रुपये के भिखारी हो... क्या मैं इसे तुम्हारे अकाउंट में ट्रांसफर कर दूं?" उन्होंने कहा कि संविधान सभी को समान अधिकार देता है, चाहे वह प्रधानमंत्री हो या मुख्यमंत्री। उन्होंने मुख्यमंत्री पर भेदभाव करने और लोगों को वोट डालने के लिए बांग्लादेश भेजने की धमकी देने का आरोप लगाया। 'मिया' शब्द का प्रयोग अक्सर असम में बंगाली भाषी मुसलमानों के लिए किया जाता है। मुख्यमंत्री शर्मा ने अपना बचाव करते हुए कहा था कि उन्होंने यह शब्द नहीं गढ़ा है, बल्कि यह समुदाय के भीतर ही प्रचलित है।

भारत में मुसलमानों की आबादी कभी भी हिंदुओं से अधिक नहीं होगी: ओवैसी

हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने तेलंगाना में नगर निगम चुनाव से पहले शुक्रवार रात निजामाबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वह राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हालिया भाषण को सुन रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि पूरी दुनिया की आबादी बूढ़ी हो रही है जबकि भारत की आबादी युवा है। एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी ने सवाल किया, "अगर प्रधानमंत्री से पूछा जाए कि देश की 60 प्रतिशत आबादी 40 साल से कम उम्र की है तो उन्होंने (मोदी ने) उनके रोजगार के लिए क्या उपाय किए हैं और उन्हें कौन से कौशल सिखाए हैं?"

उन्होंने कहा, "बीस साल बाद, यह युवा आबादी बूढ़ी हो जाएगी। महंगाई कितनी बढ़ेगी और उन्हें कितना खर्च करना पड़ेगा, इस बारे में हम सोचते ही नहीं। इसके बजाय, वे कहते हैं कि मुसलमानों की आबादी बढ़ रही है... मुस्लिम आबादी स्थिर हो जाएगी। भारत में मुसलमानों की आबादी कभी भी हिंदुओं की आबादी से अधिक नहीं होगी।" ओवैसी ने कहा, "अब उन्हें समझ आ रहा है कि 25-30 साल बाद, देश की आबादी बूढ़ी हो जाएगी।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भगवत कहते हैं कि कम से कम तीन बच्चे पैदा करने चाहिए। हालांकि वह खुद ऐसा नहीं करते, यह अलग बात है।" उन्होंने कहा, "पहले कहा जाता था कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए एक विधेयक लाया जाएगा और वे मुसलमानों की आलोचना करते थे। अब उन्हें एहसास हो गया है कि जब देश की आबादी बूढ़ी होगी तो इसका देश पर क्या असर पड़ेगा।"

ओवैसी ने टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ मैच का पाकिस्तान द्वारा बहिष्कार किये जाने पर कहा कि भारत मेजबानी कर रहा है और 'बेकार' पाकिस्तानी टीम कह रही है कि वह भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी। उन्होंने कहा, "आपको उन्हें (पाकिस्तान को) बताना चाहिए था कि आप यहां क्यों आए और अगर आप नहीं खेलेंगे तो यहां से चले जाएं। लेकिन आप चुपचाप बैठे सुन रहे हैं।" ओवैसी ने मोदी सरकार पर चीन के (सीमा) मुद्दे पर चुप्पी साधने का भी आरोप लगाया।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar

डिजिटल पत्रकारिता की बदलती लहरों के बीच समाचारों की तह तक जाने की ललक अमित कुमार को इस क्षेत्र में खींच लाई। समकालीन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर पैनी नजर रखने के साथ-साथ अमित को जटिल विषयों के गूढ़ विश्लेषण में गहरी रुचि है। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले अमित को मीडिया जगत में एक दशक का अनुभव है। वे पिछले 4 वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


अमित न केवल समाचारों के त्वरित प्रकाशन में माहिर हैं, बल्कि वे खबरों के पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को विस्तार से समझाने वाले एक्सप्लेनर लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं। डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों, जैसे कि कीवर्ड रिसर्च, ट्रेंड एनालिसिस और एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन को वे बखूबी समझते हैं। उनकी पत्रकारिता की नींव 'फैक्ट-चेकिंग' और सत्यापन पर टिकी है। एक मल्टीमीडिया पत्रकार के तौर पर अमित का सफर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ रहा है। उन्होंने अमर उजाला, वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे बड़े मीडिया घरानों के साथ काम किया है।


अमित ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा और गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से जनसंचार में मास्टर डिग्री हासिल की है। उन्होंने यूनिसेफ और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से हेल्थ जर्नलिज्म का सर्टिफिकेशन भी प्राप्त किया है। एआई-असिस्टेड कंटेंट ऑप्टिमाइजेशन और एडिटोरियल प्लानिंग में उनकी विशेषज्ञता उन्हें आज के आधुनिक न्यूज रूम के लिए एक अनिवार्य स्तंभ बनाती है। पेशेवर जीवन से इतर, अमित एक जुनूनी घुमक्कड़ हैं जिन्हें हार्डकोर ट्रेकिंग और फोटोग्राफी का शौक है, साथ ही वे ऐतिहासिक और वास्तविक जीवन पर आधारित सिनेमा देखने के भी शौकीन हैं।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।