छात्रों के लिए तोहफा, गोवा में केजरीवाल ने किया ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन; फ्री कोचिंग भी मिलेगी

Feb 25, 2026 11:01 pm ISTDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गोवा के बेनाउलिम स्थित अवर लेडी ऑफ पट्रोसिनियो कम्युनिटी सेंटर में एक भव्य ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। यह पहल स्थानीय विधायक कैप्टन वेंजी वीगास द्वारा शुरू की गई है।

छात्रों के लिए तोहफा, गोवा में केजरीवाल ने किया ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन; फ्री कोचिंग भी मिलेगी

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गोवा के बेनाउलिम स्थित अवर लेडी ऑफ पट्रोसिनियो कम्युनिटी सेंटर में एक भव्य ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। यह पहल स्थानीय विधायक कैप्टन वेंजी वीगास द्वारा शुरू की गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य गोवा के हर छात्र तक आधुनिक और उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। इस ई-लाइब्रेरी में 10000 से अधिक ई-बुक्स उपलब्ध हैं। सभी कक्षाओं के लिए वीडियो लेक्चर्स, सिमुलेशन और प्रैक्टिस मॉड्यूल तैयार किए गए हैं। साथ ही JEE, NEET, CLAT तथा 40 से अधिक अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए टेस्ट और तैयारी की सुविधा भी दी गई है। सबसे खास बात यह है कि यह पूरी सुविधा पूरी तरह से मुफ्त है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी वही संसाधन प्राप्त कर सकें जो बड़े निजी स्कूलों के छात्रों को मिलते हैं।

गोवा में शिक्षा की मौजूदा स्थिति कई सवाल खड़े करती है। राज्य में सरकारी स्कूलों की संख्या 906 से घटकर 789 रह गई है। कुल लगभग 1,487 स्कूलों में से 238 स्कूल ऐसे हैं जहां सिर्फ एक शिक्षक पूरे स्कूल की जिम्मेदारी संभाल रहा है। संसाधनों और शिक्षकों की कमी जमीनी स्तर पर साफ दिखाई देती है। ऐसे समय में यह ई-लाइब्रेरी छात्रों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। आम आदमी पार्टी की शिक्षा नीति पहले दिल्ली में लागू हुई और फिर पंजाब में मजबूती से आगे बढ़ी। पंजाब में आज लगभग 90 प्रतिशत सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध है। नेशनल अचीवमेंट सर्वे (NAS) में पंजाब ने शीर्ष स्थान हासिल किया है और इसे बरकरार रखा है।

राज्य सरकार ने 234 प्रिंसिपलों और शिक्षा प्रशासकों को सिंगापुर में प्रशिक्षण के लिए भेजा, 216 प्राथमिक शिक्षकों को फिनलैंड के तुर्कू विश्वविद्यालय में और 199 हेडमास्टरों को आईआईएम अहमदाबाद में प्रशिक्षित किया। इसके अलावा, सरकारी स्कूलों के लिए 1908 कैंपस मैनेजर और 1316 सुरक्षा गार्ड नियुक्त किए गए, जिससे स्कूलों का माहौल सुरक्षित और व्यवस्थित हुआ।

आम आदमी पार्टी की शिक्षा नीति का मूल मंत्र स्पष्ट है कि सरकारी स्कूलों को निजी स्कूलों के बराबर लाना। पार्टी का मानना है कि गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों को भी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा मिलनी चाहिए, ताकि वे भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। शिक्षा सिर्फ डिग्री नहीं, बल्कि जीवन बदलने का सबसे बड़ा माध्यम है। गोवा में भले ही आम आदमी पार्टी की सरकार नहीं है, लेकिन पार्टी के जनप्रतिनिधि शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। यह ई-लाइब्रेरी इसका जीता-जागता उदाहरण है कि अगर राजनीतिक इच्छाशक्ति हो, तो सत्ता में हुए बिना भी बदलाव की शुरुआत की जा सकती है। उद्घाटन समारोह में छात्रों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों का कहना है कि शिक्षा को प्राथमिकता देने से समाज और राज्य दोनों मजबूत होते हैं।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।