
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने ऑर्केस्ट्रा से की ऑपरेशन सिंदूर की तुलना, वजह भी बताई
ऑपरेशन सिंदूर पर बात करते हुए सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि यह ऑपरेशन एक भरोसेमंद ऑर्केस्ट्रा की तरह था। इसमें सभी ने अपनी भूमिका सही और सामंजस्यपूर्ण तरीके से निभाई है।
पाकिस्तान स्थिति आतंकियों को धूल में मिलाने के लिए भारतीय सेना की तरफ से किए गए ऑपरेशन सिंदूर पर सेना प्रमुख जनरल उपेंन्द्र द्विवेदी ने अपनी राय रखी है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को एक भरोसेमंद ऑर्केस्ट्रा करार देते हुए कहा कि इसमें हर सदस्य ने एक साथ और एक सामंजस्यपूर्ण तरीके से अपनी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन इतने विस्तार और सही ढंग से हुआ कि हमने केवल 22 मिनट में नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।

राजधानी दिल्ली में एक मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट में छात्र-छात्राओं से बात करते हुए कहा कि यह अभियान इस बात का भी उदाहरण था कि कैसे सेना ने थोड़े से समय में ही बदलती हुई परिस्थिति का अंदाजा लगा लिया था। उन्होंने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर एक भरोसेमंद ऑर्केस्ट्रा की तरह था, जिसमें हर सदस्य ने एक साथ और तालमेल के साथ अपनी भूमिका निभाई। इसी वजह से हम 22 मिनट में नौ आतंकी लक्ष्य नष्ट कर सके, और 80 घंटे में यह सुनिश्चित किया कि संघर्ष खत्म हो जाए। यह सबसे महत्वपूर्ण था। हमारे पास निर्णय लेने का समय नहीं था। यह संभव हुआ क्योंकि हमने पहले ही स्थितियों की कल्पना की थी और पूरी टीम पर भरोसा किया था।”
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पीओके स्थित आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया था। सेना के मुताबिक इस हमले में करीब 200 आतंकी मारे गए थे। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान को संदेश भेजकर यह साफ कर दिया था कि हमारा लक्ष्य पूरा हो चुका है, हमने आतंकियों को निशाना बना लिया है। हालांकि, पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और भारत पर हवाई हमला करना शुरू कर दिया। इसके बाद भारतीय सेना ने कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया। 80 घंटे तक चले इस संघर्ष के बाद पाकिस्तानी डीजीएमओ ने भारतीय समकक्ष को फोन करके सीजफायर करने का अनुरोध किया। इसके बाद सीजफायर किया गया।





