क्या CEC के खिलाफ कभी कोई केस दर्ज नहीं हो सकता? SC ने केंद्र से मांगा जवाब
भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची और वी. मोहना की बेंच ने कार्यकर्ता और वकील अरुण कुमार अग्रवाल की तरफ से दायर एक याचिका पर नोटिस जारी किया।

मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों को उनके कार्यकाल के दौरान किए गए किसी भी काम के लिए दी गई "आजीवन कानूनी सुरक्षा" के मामले में देश की सर्वोच्च अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को एक याचिका पर सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार और भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
यह याचिका मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम, 2023 की धारा 16 की संवैधानिक वैधता को चुनौती देती है। यह धारा चुनाव आयुक्तों को किसी भी दीवानी या आपराधिक मुकदमे से पूरी तरह कानूनी ढाल प्रदान करती है।
सीजेआई सूर्या कांत की पीठ ने जारी किया नोटिस
भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्या कांत, जस्टिस जयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने सामाजिक कार्यकर्ता और वकील अरुण कुमार अग्रवाल की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह नोटिस जारी किया। याचिकाकर्ता की ओर से वकील नेहा राठी कोर्ट में पेश हुईं।
याचिका में कहा गया है कि राष्ट्रपति या अन्य संवैधानिक पदों पर बैठे अधिकारियों को भी जो सुरक्षा मिलती है, वह सिर्फ "सद्भावना पूर्वक किए गए कामों" तक सीमित होती है। लेकिन धारा 16 के तहत चुनाव आयुक्तों को बिना किसी अपवाद के 'ब्लैंकेट इम्युनिटी' दे दी गई है, जो असंवैधानिक और अनुचित है।
इस कानून के कारण अगर किसी मतदाता का नाम दुर्भावनापूर्ण तरीके से लिस्ट से हटा दिया जाए, किसी उम्मीदवार के साथ भेदभाव हो या चुनाव आयोग के कामकाज में भ्रष्टाचार की शिकायत हो, तो देश के नागरिक के पास अदालत जाने का कोई रास्ता ही नहीं बचता।
"145 सांसदों के निलंबन के दौरान चुपचाप पास हुआ संशोधन"
याचिकाकर्ता ने अदालत के सामने 2023 के कानून को पारित किए जाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं।
जब 2023 का विधेयक मूल रूप से तैयार किया गया था, तब इसमें चुनाव आयुक्तों को इस तरह की पूर्ण कानूनी छूट देने का कोई प्रावधान शामिल नहीं था। बाद में एक संशोधन के जरिए इसे जोड़ा गया, लेकिन इसके पीछे का कोई कारण स्पष्ट नहीं किया गया।
याचिका में बताया गया कि संसद से इस विधेयक को उस समय पारित कराया गया जब बड़ी संख्या में विपक्षी सांसदों (145 सांसदों) को निलंबित कर दिया गया था।
याचिका में तर्क दिया गया कि चुनाव आयोग की स्वतंत्रता का मतलब यह नहीं हो सकता कि उसके सदस्य कानून की जवाबदेही से ही ऊपर हो जाएं।
SIR विवाद और CEC ज्ञानेश कुमार का भी जिक्र
सुप्रीम कोर्ट में दायर इस याचिका का महत्व वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चल रहे देशव्यापी राजनीतिक विवाद और आरोपों के बीच और बढ़ गया है।
याचिका में 'द इंडियन एक्सप्रेस' की उन रिपोर्टों का हवाला दिया गया है, जिनमें SIR प्रक्रिया के दौरान इस्तेमाल किए जा रहे सॉफ्टवेयर और दो अन्य चुनाव आयुक्तों द्वारा उठाए गए सवालों का जिक्र है।
याचिका में वर्तमान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के केरल सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) में सचिव पद पर रहने के दौरान के पुराने आरोपों का हवाला देते हुए सवाल उठाया गया है कि क्या इस तरह की अनकंडीशनल कानूनी छूट सद्भावना से परे किए गए कामों पर भी लागू होनी चाहिए?

