माफी मांगो, नहीं तो… बम धमाकों के लिए जिम्मेदार बताने पर BJP ने CM मान को भेजा लीगल नोटिस

May 07, 2026 03:24 pm ISTMadan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, चंडीगढ़
share

नोटिस में लिखा है कि मुख्यमंत्री ने एक उच्च संवैधानिक पद पर रहते हुए पंजाब में हाल ही में हुई बम विस्फोट की घटनाओं के संबंध में एक अत्यंत गैर-जिम्मेदाराना, झूठा, मानहानिकारक और भड़काऊ सार्वजनिक बयान दिया है।

माफी मांगो, नहीं तो… बम धमाकों के लिए जिम्मेदार बताने पर BJP ने CM मान को भेजा लीगल नोटिस

पंजाब में हुए बम धमाकों के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराने वाले मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान पर विवाद बढ़ गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस बयान पर उन्हें लीगल नोटिस भेज दिया। नोटिस में चुघ ने सीएम मान को सात दिन का वक्त दिया है और कहा है कि सीएम अपने इस बयान को वापस लेकर सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें नहीं तो उन्हें कोर्ट में घसीटा जाएगा और मानहानि और अन्य कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस बयान से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है और कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। मुख्यमंत्री ने बिना किसी सबूत के भाजपा को बदनाम करने की कोशिश की है।

गैर-जिम्मेदाराना, झूठा, मानहानिकारक और भड़काऊ बयान

नोटिस में लिखा है कि मुख्यमंत्री ने एक उच्च संवैधानिक पद पर रहते हुए पंजाब में हाल ही में हुई बम विस्फोट की घटनाओं के संबंध में एक अत्यंत गैर-जिम्मेदाराना, झूठा, मानहानिकारक और भड़काऊ सार्वजनिक बयान दिया है। यह बयान डीजीपी के आधिकारिक बयान के विपरीत है। डीजीपी ने संकेत दिया है कि ऐसी घटनाएं आईएसआई समर्थित नेटवर्क सहित विदेशी दुश्मनों से जुड़े प्रॉक्सी वार का हिस्सा लगता है, जो कि मुख्यमंत्री बयान को झूठा साबित करने के लिए काफी है। मुख्यमंत्री का आरोप न केवल मानहानिकारक है बल्कि गहरा गैर-जिम्मेदाराना और राष्ट्रहित के विरुद्ध है।

प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा पर ऐसी घटनाओं की साजिश रचने का आरोप लगाया है, निराधार है। यह मानहानि के दायरे में आता है। मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने इस बयान को वापस लें और साथ ही सात दिन के अंदर प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया पर सार्वजनिक तौर पर माफी मांगें, नहीं तो भाजपा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।

'बयान से पाक में बैठे सरगना खुश'

भाजपा का कहना है कि मान ने सीएम पद की गरिमा धूमिल की है। उनके बयान से पाक में बैठे सरगना खुश हैं। सीएम ने आतंकियों को राजनीतिक संरक्षण दिया। जहां पंजाब पुलिस आईएसआई और विदेशी नेटवर्क की संलिप्तता की बात कर रही है, वहीं मुख्यमंत्री राजनीतिक एजेंडा चलाने में व्यस्त हैं। सवाल है कि मुख्यमंत्री पंजाब की सुरक्षा कर रहे हैं या राष्ट्रविरोधी ताकतों को राजनीतिक कवर दे रहे हैं?

'डीजीपी से मिलेगा भाजपा प्रतिनिधिमंडल'

वहीं, इसी मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पंजाब के वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल आज पंजाब के डीजीपी गौरव यादव से मुलाकात करेगा। यह मुलाकात मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा हाल ही में हुए दो बम धमाकों को लेकर भाजपा पर लगाए गए निराधार आरोपों के संबंध में की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ करेंगे। उनके साथ कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा तथा पार्टी के कोर ग्रुप के सदस्य भी मौजूद रहेंगे।

मान फिर बोले, धमाकों का मतलब भाजपा की एंट्री

जालंधर में गुरुवार को आयोजित शुकराना यात्रा में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फिर अपना बयान दोहराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में जालंधर और अमृतसर में हुए छोटे धमाकों को वह भाजपा की एंट्री के संकेत मानते हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी भाजपा जाती है, वहां सामाजिक तनाव और टकराव बढ़ते हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें पंजाब में हिंदू-सिख भाईचारे को कमजोर करना चाहती हैं, लेकिन राज्य के लोग ऐसी कोशिशों को सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती बेहद उपजाऊ है, जहां हर तरह का बीज उग सकता है, लेकिन नफरत का बीज यहां कभी नहीं पनपता।

रिपोर्ट: मोनी देवी

Madan Tiwari

लेखक के बारे में

Madan Tiwari

लखनऊ के रहने वाले मदन तिवारी वरिष्ठ पत्रकार हैं और मीडिया में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है।
परिचय, अनुभव एवं शिक्षा
वर्तमान में मदन हिन्दुस्तान अखबार की न्यूज वेबसाइट लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स डिजिटल) में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की पढ़ाई की। कक्षा 12वीं के बाद से ही दैनिक जागरण, अमर उजाला, जनसत्ता समेत तमाम अखबारों में संपादकीय पृष्ठ पर लिखना शुरू किया। महज दो सालों में विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रियों अखबारों में दो सौ से अधिक आलेख प्रकाशित हुए। ग्रेजुएशन करते समय ही मीडिया में नौकरी की शुरुआत की। लाइव हिन्दुस्तान में अभी दूसरी पारी है और दोनों पारियों को मिलाकर यहां आठ साल से ज्यादा हो चुके हैं। कुल एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। मदन आजतक जैसे अन्य संस्थानों में भी काम कर चुके हैं।

यूपी-बिहार की पॉलिटिक्स से लेकर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक खबरों को कवर करने का लंबा अनुभव है। पॉलिटिकल न्यूज में ज्यादा रुचि है और पिछले एक दशक में देशभर में हुए विभिन्न विधानसभा चुनावों के साथ-साथ लोकसभा चुनावों को भी कवर किया है। लाइव हिन्दुस्तान के लिए मदन देश-विदेश में रोजाना घटित होने वाली खबरों के साथ-साथ पॉलिटिकल खबरों का एनालिसिस, विभिन्न अहम विषयों पर एक्सप्लेनर, ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज आदि कवर करते हैं। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर से लेकर मिडिल ईस्ट में असली वॉर तक की इंटरनेशनल खबरों पर लिखते-पढ़ते रहते हैं। पिछले एक दशक में पत्रकारिता क्षेत्र में कई पुरस्कार मिल चुके हैं।

मीडिया में अवॉर्ड्स.
मदन ने लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर, मंथली अवॉर्ड्स, पॉपुलर च्वॉइस, एचटी स्टार अवॉर्ड्स समेत एक दर्जन से ज्यादा पुरस्कार जीते हैं।

विशेषज्ञता
देश-विदेश की राजनीति पर गहरी पकड़
यूपी-बिहार समेत सभी राज्यों की खबरों को कवर करने का व्यापक अनुभव
विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव, संसद की कार्यवाही को लंबे समय से कवर किया
ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज, एनालिसिस स्टोरीज, एशिया, मिडिल ईस्ट, पश्चिमी देशों की खबरों को कवर करने का एक दशक से ज्यादा का एक्सपीरियंस

और पढ़ें