भारत विरोधी नफरत बर्दाश्त नहीं, अमेरिका में हिंदू मंदिर को निशाना बनाने पर सरकार का पलटवार

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

भारत सरकार ने अमेरिका के इलिनोइस राज्य में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की कथित कोशिश को नाकाम किए जाने पर बयान जारी किया है।

MEA
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

अमेरिका के इलिनोइस राज्य में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की कथित साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। इस घटना के बाद भारत सरकार ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस साजिश का हिंदू-विरोधी और नस्लवादी स्वभाव बेहद चिंताजनक है। विदेश मंत्रालय ने अमेरिका से भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को कहा कि इलिनोइस के ऑरोरा इलाके में हिंदू मंदिर को टारगेट करने की खबर से भारत बहुत चिंतित है। उन्होंने कहा कि इस कथित साजिश का हिंदू-विरोधी और नस्लवादी स्वभाव खास तौर पर चिंताजनक है। इसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा की बात भी कही गई है।

जायसवाल ने बताया कि अमेरिका की पुलिस और जांच एजेंसियों ने इस मामले में कार्रवाई की है। संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है, उसे हिरासत में लिया गया है और उसके खिलाफ आरोप भी लगाए गए हैं। मंत्रालय ने कहा कि यह घटना अमेरिका में बढ़ती नस्लवादी दुश्मनी और भारत के खिलाफ नफरत की चिंताओं को और बढ़ाती है। भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए ज्यादा सतर्कता बरतने, नफरत से प्रेरित हिंसा के प्रति सख्ती दिखाने और ठोस कार्रवाई करने की जरूरत है।

भारत ने उम्मीद जताई है कि अमेरिकी अधिकारी इस मामले की पूरी जांच करेंगे, दोषियों को सजा देंगे और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाएंगे।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, पैलेटाइन शहर के 19 साल के युवक अलेक्जेंड्रोस पापोराकिस पर आरोप है कि उसने ऑरोरा इलाके के सबसे बड़े हिंदू मंदिर पर हमले की योजना बनाई थी। वह टैको बेल में काम करता था और अपने साथियों के सामने खुद को सफेद वर्चस्ववादी और नव-नाजी बताता था। उसने कहा था कि वह भारतीय लोगों को मारने के लिए बेचैन है।

रविवार (11 अक्टूबर) को उसने मंदिर में जाने की कोशिश की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब उसने गोली चलाने की कोशिश की तो उसकी राइफल जाम हो गई और वह वहां से भाग निकला। इसके बाद उसके एक सहकर्मी ने पुलिस को अलर्ट किया। पुलिस ने उसे घर से निकलते समय गिरफ्तार कर लिया।

उसके घर से तलाशी में एआर स्टाइल राइफल, करीब 300 राउंड गोला-बारूद, लोडेड मैगजीन, बॉडी आर्मर, टैक्टिकल गियर और नाजी चिह्न वाले सामान बरामद हुए। साथ ही आठ पन्नों का एक मेनिफेस्टो भी मिला, जिसमें उसने खुद को 'नफरत से भरा सोशियोपैथिक व्हाइट सुप्रीमेसिस्ट नव-नाजी' बताया और भारतीय, यहूदी तथा अफ्रीकी-अमेरिकी लोगों को निशाना बनाने की बात लिखी।

उसे टेररिस्ट थ्रेट और हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जज ने उसे जेल में रखने का आदेश दिया है। अगली सुनवाई 30 अक्टूबर को होगी। पुलिस और एफबीआई अभी मामले की जांच कर रहे हैं और जानने की कोशिश कर रहे है कि इस प्लान में कई और भी तो शामिल नहीं है।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव , CJP Protest Live और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsभारत विरोधी नफरत बर्दाश्त नहीं, US में हिंदू मंदिर को निशाना बनाने पर मोदी सरकार