ऑपरेशन सिंदूर का मुरीद हुआ एक और देश, भारत के साथ बड़ी डिफेंस डील की तैयारी
आगामी 20 अक्टूबर से भारत-न्यूजीलैंड फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के लागू होने के साथ ही न्यूजीलैंड अपनी रक्षा आपूर्ति श्रृंखलाओं को भारत के साथ स्थायी रूप से जोड़ने की योजना बना रहा है।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान में छिपे आतंकवादियों के खिलाफ 'ऑपरेशन सिंदूर' लॉन्च किया था। इस दौरान बिना सीमा पार किए भारत ने आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। इतना ही नहीं, रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण पाकिस्तान हवाई अड्डे को भी नुकसान पहुंचाया। 'ऑपरेशन सिंदूर' ने भारत के रक्षा क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित कर दी है। दुनिया के कई देश इसके मुरीद हुए हैं।
न्यूजीलैंड पर भी इसका असर देखने को मिला है। भौगोलिक रूप से दूर होने के बावजूद भारत और न्यूजीलैंड के बीच एक उच्च-तकनीक रक्षा गठबंधन पर सहमति दिख रही है। पहले दोनों देशों के बीच यह संबंध एक संयुक्त नौसैनिक गश्त तक सीमित था। अब 40 सूत्रीय व्यापक सैन्य एजेंडे में तब्दील हो चुका है। न्यूजीलैंड के भारत में पहले रेजिडेंट डिफेंस एडवाइजर कमोडोर एंडी डाउलिंग ने इसकी पुष्टि की है।
ऑपरेशन सिंदूर से न्यूजीलैंड ने सीखे सबक
सैन्य अभ्यास 'तरंग शक्ति' में बतौर पर्यवेक्षक शामिल होने के बाद न्यूजीलैंड की नजरें भारत के सैन्य अभियानों विशेषकर 'ऑपरेशन सिंदूर' पर टिकी हैं। कमोडोर डाउलिंग ने इसे आधुनिक युद्ध कला का एक बेहद महत्वपूर्ण और आंखें खोल देने वाला मामला बताया। डाउलिंग ने कहा, "हमने भारत और 'ऑपरेशन सिंदूर' से जुड़े उनके अनुभवों से यह सीखा है कि आधुनिक युद्ध में हवाई क्षेत्र कितना व्यस्त और संघर्षपूर्ण हो चुका है। अचानक से ऐसा लगने लगता है कि जो आसमान बहुत बड़ा दिखाई देता है असल में वह उतना खाली नहीं है।" यही कारण है कि न्यूजीलैंड अब केवल दर्शक दीर्घा तक सीमित रहने के बजाय अभ्यास के अगले संस्करण में एक सक्रिय प्रतिभागी के तौर पर शामिल होने की तैयारी कर रहा है।
आगामी 20 अक्टूबर से भारत-न्यूजीलैंड फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के लागू होने के साथ ही न्यूजीलैंड अपनी रक्षा आपूर्ति श्रृंखलाओं को भारत के साथ स्थायी रूप से जोड़ने की योजना बना रहा है। कमोडोर डाउलिंग ने कहा कि भारत अपनी निर्माण क्षमता का बड़ा लाभ देता है। न्यूजीलैंड अपनी घरेलू रक्षा कंपनियों के एक प्रतिनिधिमंडल को 'एयरो इंडिया 2027' में लाने की योजना बना रहा है।
उन्होंने कहा, "हम ऐसा लेनदेन वाला रिश्ता नहीं चाहते जहां कोई जहाज आए, फिर गायब हो जाए और आप उसे दोबारा कभी न देखें। हम एक टिकाऊ संबंध-आधारित तकनीकी गठबंधन चाहते हैं।"


