यूथ मानें अंकुर वारिकू की ये 10 सलाह, हाथ से कभी नहीं जाएगा पैसा; होगी बचत ही बचत
मशहूर उद्यमी और यूट्यूबर अंकुर वारिकू ने अपने चैनल पर युवाओं को कुछ आर्थिक सलाह दी हैं। अपने करियर की शुरुआत कर रहे युवा इन सलाहों को मानते हैं, तो निश्चित तौर पर उन्हें इससे मदद मिलेगी।

Ankur Warikoo: भारत दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाला देश है। यहां पर युवा जनसंख्या तो बहुत है, लेकिन उनके अंदर पैसे को कैसे संभालना है इसको लेकर समझ की कमी देखने को मिलती है। सोशल मीडिया पर ऐसे कई लोग हैं जो पैसे को कैसे संभालना है, कैसे निवेश करना है। इस पर बेहतरीन जानकारी देते हैं। मशहूर उद्यमी और यूट्यूबर अंकुर वारिकू भी उन्हीं लोगों में से एक हैं। अपने एक वीडियो में अंकुर ने युवाओं को कुछ ऐसी सलाह दी हैं, जिससे आने वाले जीवन में वह युवाओं को पैसे की कमी से बच सकते हैं। इतना ही नहीं लोगों को अपने परिवार को खुश रखने में भी इन सलाहों से मदद मिलेगी। तो आइए जानते हैं, अंकुर वारिकू की उन सलाहों के बारे में...
1. खर्चों का हिसाब न रखना
अंकुर के मुताबिक, नौकरी की शुरुआत में जोश में लोग अपने खर्चों का हिसाब ही नहीं रखते हैं। ऐसे में होता यह है कि हजारों/ लाखों में कमाने वाले लोग महीने के अंत में कुछ बचा ही नहीं पाते। यही सबसे बड़ी गलती होती है। एक युवा को अपने नौकरी की शुरुआत से हिसाब रखना चाहिए। कितना पैसा कहां खर्च हो रहा है। इसको किसी एप में या किसी कॉपी पर लिखकर रखना चाहिए। इससे खर्चों में कमी आती है और पैसों की बचत होती है।
2. बजट बनाकर न रखना, निवेश न करना
अंकुर की दूसरी सबसे बड़ी सलाह यह है कि लोगों को महीने की शुरुआत में ही अपने बजट को बना लेना चाहिए। खर्चों के अलावा निवेश के लिए शुरुआत में ही पैसे निकाल लेना चाहिए। युवाओं को अपनी महीने की कमाई को 50-30-20 के अनुपात में बांट लेना चाहिए। 50 फीसदी पैसे का उपयोग अपनी जरूरतों के लिए करना चाहिए। 30 फीसदी पैसे का उपयोग अपने शौक को पूरा करने के लिए करना चाहिए। इसके बाद बाकी बचे 20 फीसदी को सीधे तौर पर निवेश कर देना चाहिए। निवेश के लिए किसी उम्र या अच्छी सैलरी का इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि किसी भी उम्र से और किसी भी स्तर से इसे शुरू कर देना चाहिए। अंकुर के मुताबिक इससे यह होगा कि आपके पास जरूरत के वक्त एक अच्छी खासी रकम होगी।
3. कर्ज पर कर्ज उठाते रहना
अंकुर ने बताया कि युवाओं की सबसे बड़ी कमी यह है कि वह जरूरत से ज्यादा खर्च करते हैं और फिर उन खर्चों को पूरा करने के लिए लोन पर लोन लेते रहते हैं। बकौल अंकुर, आजकल लोन इतनी आसानी से मिलने लगे हैं कि लोग आए दिन इन्हें लेते जाते हैं। वह यह भूल जाते हैं कि इसपर ब्याज भी चुकाना होगा। युवाओं को केवल अपनी पढ़ाई और होम लोन के अलावा कोई भी लोन नहीं लेना चाहिए। अगर लेना भी है, तो यह पता होना चाहिए कि वह पैसा कहां जा रहा है।
4. कर्ज लेकर निवेश कर देना या लोन चुकाने से पहले निवेश करना शुरू करना
अंकुर के मुताबिक, आज कल युवाओं में शेयर मार्केट और निवेश करने का बड़ा ट्रेंड चल रहा है। कई लोग ऐसे हैं जो लोन लेकर शेयर मार्केट या दूसरी हाई रिस्क इन्वेस्टमेंट फर्म में अपना पैसा लगा रहे हैं। कई बार लोग लोन लेकर निवेश कर देते हैं। लोगों को यह समझना होगा कि शेयर मार्केट या किसी भी हाई रिस्क निवेश फर्म में इन्वेसेट करने वाले करीब 82 फीसदी लोग अपना पैसा गंवा देते हैं। ऐसे ही कई लोग ऐसे होते हैं, जिनके सिर पर लोन चल रहा होता है, लेकिन वह उसे चुकाने के बजाय निवेश करने लग जाते हैं। ऐसा नहीं करना चाहिए क्योंकि निवेश से आपको उतना फायदा नहीं होगा, जितना लोन का ब्याज लग जाएगा। ऐसे में सबसे पहले लोन को पूरा चुकाना चाहिए।
5. इंश्योरेंस को लेकर गलतफहमी या इंश्योरेंस न लेना
अंकुर के मुताबिक, हर व्यक्ति को जीवन बीमा जरूर करवाना चाहिए। क्योंकि अगर आप घर में अकेले कमाने वाले हैं, अगर आपको कुछ हो जाता है, तो आपके आसपास के लोगों की जिंदगी परेशानी में आ सकती है। ऐसे में इंश्योरेंस जरूर लेना चाहिए। इसके अलावा इंश्योरेंस को निवेश की तरह नहीं देखना चाहिए। इसको अलग रखना चाहिेए और निवेश को अलग रखना चाहिए।
इसके अलावा अपने माता-पिता का हेल्थ इंश्योरेंस जरूर करवाना चाहिए। क्योंकि उनकी उम्र हो रही होती है और बीमारियां किसी से पूछकर नहीं आती हैं। अगर आपके पास हेल्थ इंश्योरेंस नहीं है तो एक बीमारी आपकी जीवन भर की बचत को बर्बाद कर सकती है।
6. बहुत जल्दी घर खरीद लेना
अंकुर के मुताबिक, युवा लोगों की सबसे बड़ी परेशानी यह होती है कि वह समाज के दबाव में, परिवार के दबाव में आकर घर खरीदना शुरू कर देते हैं। यहीं सबसे बड़ी गलती हो जाती है। घर खरीदना एक बहुत बड़ा फैसला होता है। अगर आपके पास कमाई का एक बड़ा साधन नहीं है, तो आप इस ट्रैप में फंस सकते हैं। ऐसे में जरूरी है कि आप इससे बचें, किराए के घर पर रहें, क्योंकि भले ही किराया ज्यादा लगता है, लेकिन जब आप घर खरीदने जाते हैं, तो बहुत ज्यादा पैसा खर्च करना पड़ता है, जो आपको एक जाल में फंसा सकता है। शुरुआत में इससे बचने की जरूरत है। बाद में एक बार जब आप सेटल हो जाएं, उसके बाद आप घर खरीद सकते हैं।
7.रातों-रात अमीर होने के सपने
अंकुर के मुताबिक, शुरुआत में जैसे ही युवाओं की पहली नौकरी लगती है, उन्हें पैसा निवेश करने की जल्दी होती है। ऐसे में कई बार वह चिटफंड, या पैसा डबल वाली स्कीम में फंस जाते हैं। लोगों को यह समझना चाहिए कि पैसा अगर ब्याज से या बिना मेहनत से आ रहा है, तो वह धीमे ही आएगा। इसलिए ऐसी फर्जी स्कीम्स से बचना चाहिए।
8. बिना समझे निवेश करना, अनियंत्रित निवेश करना
वारिकू के मुताबिक, सोशल मीडिया के जमाने में लोगों ने शेयर मार्केट को खेल बना दिया है। ऐसा नहीं है कि लोग यहां पैसा नहीं कमा रहे हैं, लेकिन बिना जानकारी के निवेश करने वाले लोग यहां पर पैसा केवल गवा कर जाते हैं। गंवाने वाले लोग वही होते हैं, जो अपनी मेहनत की कमाई को लगाते हैं। ऐसे में युवाओं को बिना जानकारी के शेयर मार्केट में निवेश करने से बचना चाहिए। इसके अलावा म्यूचुअल फंड्स में निवेश के दौरान भी अनियंत्रित निवेश करने से बचना चाहिए। ज्यादा से ज्यादा 3 एसआईपी में निवेश करना चाहिए।
9. निवेश के लिए परिवार पर निर्भर रहना
वारिकू ने बताया कि कई लोग ऐसे भी होते हैं, जो निवेश के लिए अपने माता-पिता पर ही निर्भर रहते हैं या उनके अनुसार ही काम करते हैं। ऐसे में भी लोगों को घाटा होता है। माता-पिता अपने समय के हिसाब से निवेश करते थे। लेकिन अब वक्त बदल गया है। आपको नए निवेश के रास्ते खोलना चाहिए। केवल एफडी और सोने में ही निवेश नहीं करना चाहिए।
10. खर्चों को हल्के में लेना
वारिकू के मुताबिक, युवाओं की सबसे बड़ी परेशानी यह होती है कि पहली नौकरी लगने के पहले ही वह अपने खर्चों को हल्के में लेना शुरू कर देते हैं। इससे होता यह है कि वह न तो निवेश के लिए पैसा बचा पाते हैं और न ही अपने खर्चें ही सही से निकाल पाते हैं। ऐसे में युवाओं को जमीनी स्तर को देखते हुए अपने खर्चों को आंकलन करना चाहिए और उसके हिसाब से ही अपनी बचत को बढ़ाना चाहिए।
सौजन्य-अंकुर वारिकू यूट्यूब चैनल
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ें

