अंकिता भंडारी केस दिल्ली में गूंजा, नया प्रदर्शन शुरू; हिरासत में थे माता-पिता

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

भारत की राजधानी दिल्ली में नया प्रदर्शन आकार लेता नजर आ रहा है। इस बार मुद्दा अंकित भंडारी मर्डर से जुड़ा हुआ है। अंकिता की 2022 में हत्या कर दी गई थी। अब उनके माता पिता दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाने पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

Ankita Bhandari
अंकिता भंडारी के माता-पिता को गुरुवार सुबह हिरासत में ले लिया गया था, लेकिन कुछ समय बाद ही उन्हें रिहा कर दिया गया था। (@INCIndia/X via PTI Photo)

अंकिता भंडारी मामले में राजधानी दिल्ली में धरना प्रदर्शन जारी है। इसी बीच पुलिस ने अंकिता के माता पिता को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, कुछ ही समय बाद उन्हें छोड़ भी दिया गया। दोनों भारतीय जनता पार्टी नेता दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाए जाने के फैसले का विरोध कर रहे हैं। खास बात है कि बुधवार को ही कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रदर्शनकारियों से बात की थी। वहीं, कांग्रेस ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

खबर है कि अंकिता भंडारी के माता पिता के साथ विपक्षी नेताओं को भी हिरासत में लिया गया है। उनकी मां का कहना है कि गौतम को राज्यपाल बनाए जाने का फैसला वापस नहीं लेने तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने चेतावनी दे दी है कि अगर उन्हें इंडिया गेट पर बैठने की अनुमति नहीं दी गई, तो वह अपने घरों में भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।

24 घंटे का समय दिया

अंकिता के पैरेंट्स ने फैसला करने के लिए सरकार को 24 घंटे का समय दिया है। उनकी मां ने कहा, 'हम यह कहना चाहते हैं कि जब तक नियुक्ति रद्द नहीं होगी, तब तक हम ऐसे ही बैठे रहेंगे। चाहे हम अपने घर में रहेंगे। हमें यहां नहीं बैठने देंगे, तो हम अपने घर में भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।'

उनके पिता ने कहा, 'हम सरकार को 24 घंटे का समय देते हैं कि जो सरकार ने सिक्किम राज्यपाल पर दुष्यंत की नियुक्ति की है, उसे निरस्त करनी पड़ेगी। अगर निरस्त नहीं की तो पूरे भारतवर्ष में जनता सड़कों पर उतर जाएगी और इसकी जवाबदारी सरकार की होगी।'

अंकिता भंडारी की 4 साल पहले हुई थी हत्या

दरअसल, वर्ष 2022 में अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। मामले में भाजपा के एक वरिष्ठ नेता की संदिग्ध भूमिका की भी चर्चा होती है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा के नेता जिन दुष्यंत गौतम पर आरोप लगे, केंद्र ने उन्हें इनाम देते हुए सिक्किम का राज्यपाल बना दिया है। अंकिता भंडारी के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने महामहिम राष्ट्रपति से मांग की है कि जब तक सीबीआई की जांच पूरी न हो जाए, तब तक दुष्यंत गौतम को राज्यपाल के तौर पर नियुक्त न किया जाए।

कांग्रेस का सरकार पर निशाना

राहुल और प्रियंका बुधवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे इंडिया गेट पहुंचे और अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की। उन्होंने न्याय की लड़ाई में पूरे सहयोग का भरोसा दिया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने इससे पहले अगस्त में भंडारी के माता-पिता से मुलाकात की थी और कहा था कि चार साल बीत चुके हैं और वे अब भी अपनी बेटी के साथ हुए अपराध के लिए न्याय का इंतजार कर रहे हैं।

2 लोगों को हुई है सजा

हत्या के 4 दिन बाद अंकिता का शव चीला नहर में मिला था। इस मामले में रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को अदालत ने दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। मामले ने पिछले साल दिसंबर में उस समय एक बार फिर राजनीतिक तूल पकड़ लिया था, जब पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच कथित बातचीत के कुछ ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए थे। इसके बाद हत्याकांड में कथित 'वीआईपी' की भूमिका को लेकर नए सिरे से सवाल उठे थे।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsअंकिता भंडारी केस दिल्ली में गूंजा, नया प्रदर्शन शुरू; हिरासत में थे माता-पिता