आंध्र प्रदेश: कसाई शफी ने कल्याणी का गला रेता, शव के 9 टुकड़े कर नहर में फेंका
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी कसाई और उसकी दुकान पर काम करने वाले उसके सहयोगी को हिरासत में ले लिया है।

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से दिल दहला देने वाली एक वारदात सामने आई है, जिसने दिल्ली के चर्चित 'श्रद्धा वालकर हत्याकांड' की खौफनाक यादें ताजा कर दी हैं। विजयवाड़ा में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद एक कसाई ने महिला की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी और फिर साक्ष्य मिटाने के लिए उसके शव के 9 टुकड़े करके नहर में बहा दिए।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी कसाई और उसकी दुकान पर काम करने वाले उसके सहयोगी को हिरासत में ले लिया है।
हाथ पर बने टैटू से हुई मृतका की पहचान
इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब इब्राहिमपटनम इलाके में पुलिस को एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिला।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव की तस्वीरें और ब्योरा सोशल मीडिया और मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किया।
मृतका के परिजनों ने उसके हाथ पर बने एक खास टैटू को देखकर उसकी पहचान कल्याणी के रूप में की। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया, जिससे जांच टीम को कल्याणी की हत्या की कड़ी जोड़ने में बड़ी मदद मिली।
मटन शॉप पर बुलाकर दिया वारदात को अंजाम
इब्राहिमपटनम के सर्किल इंस्पेक्टर सुब्रमण्यम के अनुसार, पहचान होने के बाद जांच की सुई भवानीपुरम इलाके में मटन शॉप चलाने वाले शफी नाम के कसाई पर जाकर टिकी।
पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं।
कल्याणी और शफी के बीच पिछले कुछ समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इससे पहले कल्याणी के बेटे से जुड़ा एक विवाद भी दोनों के बीच तनाव की वजह बना हुआ था।
17 सितंबर को शफी कल्याणी को भवानीपुरम स्थित अपने घर ले गया। वहां दोनों के बीच पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जिसके बाद गुस्से में आकर शफी ने तेजधार चाकू से कल्याणी का गला रेत दिया।
हत्या के बाद कसाई शफी ने महिला के शव के 9 टुकड़े कर दिए। उसने अपनी दुकान पर काम करने वाले गुरुवुलु नाम के युवक की मदद से इन टुकड़ों को बोरियों में भरा और गोल्लापुडी इलाके में स्थित 'कूलिंग कैनाल' (नहर) में फेंक दिया।
दोनों आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस ने मुख्य आरोपी शफी और उसके मददगार गुरुवुलु को हिरासत में ले लिया है।
सर्किल इंस्पेक्टर सुब्रमण्यम ने बताया कि मीडिया और सोशल मीडिया के सहयोग से इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में सफलता मिली है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार, शव के शेष हिस्सों और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन को बरामद किया जा सके।


