
इतने लोग एक साथ आ जाएं तो क्या करूं? आंध्र प्रदेश मंदिर भगदड़ पर बोले पुजारी
मंदिर के पुजारी मुकुंद पांडा ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि अगर इतने सारे लोग एकदम से उमड़ पड़े तो मैं क्या कर सकता हूं? सामान्य तौर मैं सभी को कतारबद्ध होकर दर्शन करने का निर्देश देता हूं, लेकिन कल संख्या इतनी अधिक थी कि व्यवस्था संभव नहीं हो पाई।
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में धार्मिक आयोजन के दौरान भगदड़ मचने से 9 श्रद्धालुओं की मौत के एक दिन बाद मंदिर के 94 वर्षीय संस्थापक ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। संस्थापक ने इस दुखद घटना के लिए खुद को दोषी नहीं ठहराते हुए कहा कि भीड़ के दौरान भक्तों ने स्वयं ही इधर-उधर भागने लगे। उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि उन्होंने पुलिस को सूचना नहीं दी, क्योंकि उन्हें लगा था कि अन्य दिनों की तरह ही सब कुछ शांतिपूर्ण रहेगा और शनिवार को इतनी विशाल भीड़ की कल्पना भी नहीं की थी।

मंदिर के पुजारी मुकुंद पांडा ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि अगर इतने सारे लोग एकदम से उमड़ पड़े तो मैं क्या कर सकता हूं? सामान्य तौर मैं सभी को कतारबद्ध होकर दर्शन करने का निर्देश देता हूं, लेकिन कल संख्या इतनी अधिक थी कि व्यवस्था संभव नहीं हो पाई। पुजारी ने आगे बताया कि उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से कतार में लगने की अपील की थी, क्योंकि वे दर्शन के लिए ही आए थे।
उन्होंने कहा कि अगर वे जल्दबाजी में आगे बढ़े और स्थिति बिगड़ गई, तो मेरी क्या गलती है? मैं दोपहर तीन बजे तक वहीं मौजूद रहा, लेकिन भोजन तक नहीं कर पाया। बाद में पुलिस पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया।
वहीं, घटना को लेकर श्रीकाकुलम जिले के एसपी केवी महेश्वर रेड्डी ने बताया कि पुजारी मुकुंद पांडा के स्वामित्व वाला यह मंदिर न तो गैर-कृषि उपयोग के लिए परिवर्तित किया गया था और न ही धर्मस्व विभाग में पंजीकृत है। आयोजकों ने कार्यक्रम शुरू करने से पहले स्थानीय पुलिस को कोई सूचना नहीं दी थी। एसपी ने कहा कि मंदिर प्रबंधन ने न तो आवश्यक अनुमति प्राप्त की और न ही पुलिस सुरक्षा के लिए कोई आवेदन किया।
एसपी के मुताबिक, यह भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर एक निजी संस्था है, जो उचित मंजूरी के बिना संचालित हो रहा था। आयोजकों ने कथित रूप से सुरक्षा मानकों का भी पालन नहीं किया। इस घटना पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के अंतर्गत एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच जारी है।





