आंध्र में सुबह-सुबह भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकरा गई बोलेरो गाड़ी; तीर्थ करने जा रहे 8 लोगों की मौत
जानकारी के मुताबिक मृतकों में शामिल लोग तीर्थयात्रा के लिए निकले थे। हालांकि दुर्घटना में सभी की मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश में गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया है। यहां कुरनूल जिले के चिलकलाडोना के पास एक बोलेरो गाड़ी की लॉरी से टक्कर हो गई। हादसे में कम से कम 8 लोगों के मारे जाने की खबर है। जानकारी के मुताबिक ये लोग तीर्थयात्रा के लिए निकले थे। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है। कुरनूल पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पाँच पीड़ितों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
दुर्घटना में लगभग 10 से 12 लोग घायल भी हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को तुरंत इलाज के लिए एम्मिगनूर अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने आगे बताया कि मृतकों की पहचान कर्नाटक के चिक्कमगलुरु क्षेत्र के तीर्थयात्रियों के रूप में हुई है। हादसे के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है।
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए सहायता राशि देने की घोषणा की है। पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया, और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। पीएम ने आगे लिखा कि PMNRF की ओर से, हर मृतक के निकटतम परिजन को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ें

