माफ कर दीजिए मिलॉर्ड… गिड़गिड़ाता रह गया वकील, HC ने एक ना सुनी; पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश

Jagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
share

वकील लगातार गिड़गिड़ाता रहा और जज से नरमी की अपील भी की। हालांकि हाईकोर्ट ने एक ना सुनी। HC ने वकील को 24 घंटे के लिए पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।

माफ कर दीजिए मिलॉर्ड… गिड़गिड़ाता रह गया वकील, HC ने एक ना सुनी; पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश

आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में हाल ही में एक मामले की सुनवाई के दौरान जज साहब बुरी तरह भड़क गए। सुनवाई के दौरान जस्टिस तर्लादा राजशेखर राव एक युवा वकील पर इस कदर भड़क गए कि उन्होंने उसे 24 घंटे के लिए पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दे दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बार एंड बेंच की एक रिपोर्ट के मुताबिक घटना सोमवार को हुई जब कोर्ट में एक याचिका पर सुनवाई चल रही थी। इसमें याचिकाकर्ता के खिलाफ जारी लुक आउट नोटिस और पासपोर्ट जब्त किए जाने को चुनौती दी गई थी। सुनवाई के दौरान जज मामले को स्थगित करने का मन बना रहे थे, तभी वकील और जज के बीच बहस छिड़ गई।

जज ने वकील को फटकार लगाते हुए कहा, "क्या मैंने आपकी रिट याचिका खारिज कर दी है? आपको लगता है कि आप बहुत बड़े सीनियर एडवोकेट हैं? पुलिस को बुलाइए। अब तुम जाओ और अपील दायर करो।" हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वकील ने ऐसी क्या बात कही थी जिससे जस्टिस राव इतने नाराज हो गए।

हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा वकील

कोर्ट रूम में तनाव इतना बढ़ गया कि युवा वकील हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगा। उसने कहा, "मुझे माफ कर दीजिए। प्लीज मिलॉर्ड। " उसने यह भी कहा कि वह काफी 'दर्द' में है, लेकिन जज साहब का गुस्सा शांत नहीं हुआ। जस्टिस राव ने अन्य वकीलों को गवाह बताते हुए कहा, "याचिकाकर्ता के वकील ने कोर्ट में बेहद ढीठ व्यवहार किया है।" इसके बाद उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया कि वकील को 24 घंटे के लिए हिरासत में ले लिया जाए।

बार एसोसिएशन के हस्तक्षेप के बाद मिली राहत

हाईकोर्ट के आदेश के बाद बार एसोसिएशन के हस्तक्षेप के बाद स्थिति संभली। जानकारी के मुताबिक, बार एसोसिएशन के दखल के बाद कोर्ट ने वकील को पुलिस हिरासत में भेजने के अपने आदेश को रद्द कर दिया। फिलहाल इस मामले की सुनवाई गर्मी की छुट्टियों के बाद तक के लिए टाल दी गई है।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें