Hindi NewsIndia NewsAnchal Mamidwar who married lover Saksham Tate Body reveals new facts Maharashtra
बहन के बॉयफ्रेंड को मार क्यों नहीं देते? पुलिसवालों ने उकसाया, भाई ने मार दी गोली; आंचल ने खोला राज

बहन के बॉयफ्रेंड को मार क्यों नहीं देते? पुलिसवालों ने उकसाया, भाई ने मार दी गोली; आंचल ने खोला राज

संक्षेप:

महाराष्ट्र में प्रेमी की लाश से शादी रचाने वाली आंचल मामिडवार ने घटना को लेकर बयान दिया है। आंचल ने इस मामले में पुलिसवालों पर भी आरोप लगाया है। उसने कहाकि दो पुलिसवालों ने उसके भाइयों को सक्षम की हत्या के लिए उकसाया।

Dec 01, 2025 08:38 pm ISTDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, मुंबई
share Share
Follow Us on

महाराष्ट्र में प्रेमी की लाश से शादी रचाने वाली आंचल मामिडवार ने घटना को लेकर बयान दिया है। आंचल ने इस मामले में पुलिसवालों पर भी आरोप लगाया है। उसने कहाकि दो पुलिसवालों ने उसके भाइयों को सक्षम की हत्या के लिए उकसाया। उन्होंने कहा था कि तुम लोग बहन के बॉयफ्रेंड को मार क्यों नहीं देते? इसके अलावा आंचल ने यह भी बताया कि सक्षम ताटे के साथ उसका प्यार कैसे परवान चढ़ा था। गौरतलब है कि आंचल के प्रेमी सक्षम को उसके भाइयों ने ही मार डाला था। इसकी वजह थी सक्षम और आंचल की जाति अलग होना। सक्षम की हत्या के बाद आंचल ने उसकी लाश के साथ ही शादी रचा ली थी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इंस्टाग्राम पर हुई मुलाकात
आंचल के मुताबिक उसके परिवारवालों ने शादी का फैसला मंजूर करने का आश्वासन दिया था। उसने कहाकि हम लोग तीन साल से साथ थे। हमने बहुत सारे सपने एक साथ देखे। मेरे भाइयों ने आश्वस्त किया था कि वे हमारी शादी कराएंगे। लेकिन आखिरी वक्त में उन लोगों ने हमें धोखा दिया। आंचल ने यह भी स्पष्ट किया कि उसकी सक्षम से मुलाकात में भाइयों की कोई भूमिका नहीं थी। बल्कि वह सक्षम से इंस्टाग्राम पर मिली थी। आंचल के मुताबिक उसके भाई और परिजनों को सक्षम से कोई परेशानी नहीं थी। वह लोग उससे मिलते थे। उसके साथ खाते-पीते थे। उन्होंने उसे यह भी यकीन दिलाया कोई समस्या नहीं है। हमें कोई अंदाजा नहीं था कि ऐसा कुछ हो जाएगा।

कहां से बिगड़ी बात
आंचल खुद भी विशेष पिछड़ी जाति से है। आंचल के मुताबिक घरवालों ने उससे कहाकि सक्षम ‘जय भीम’ वाला है। यह दलित जातियों में एक-दूसरे से मिलने पर बोला जाने वाला शब्द है। उसने बताया कि एक दिन मेरे पिता ने सक्षम से कहाकि अगर तुम्हें आंचल से शादी करनी है तो उसे हमारी जाति में आना होगा। सक्षम मुझसे शादी करने के लिए सबकुछ करने को तैयार था। लेकिन मुझे नहीं पता कि अचानक क्या हो गया।

पुलिस ने घरवालों को उकसाया
आंचल के मुताबिक दो पुलिसवालों-धीरज कोमलकर और महीत असरवार ने उसके भाइयों को उकसाया। जानकारी के मुताबिक आंचल के परिजनों का आपराधिक रिकॉर्ड है। उसने बताया कि जिस दिन सक्षम की हत्या हुई, मेरा छोटा भाई दिन में करीब 11 बजे मुझे पुलिस थाने लेकर गया। उसने सक्षम के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा, पर मैंने मना कर दिया। इसके बाद पुलिसवालों ने मेरे भाई से कहाकि तुम लोगों की हत्या करके यहां आते ही रहते हो। क्यों नहीं, अपनी बहन के प्रेमी को भी मार देते? इस पर मेरे भाई ने कहा, ठीक है। अब मैं उसे मारने के बाद ही आपके पास आऊंगा। आंचल ने कहाकि उसे यकीन नहीं हुआ, कि पुलिसवाले ऐसा भी कर सकते हैं।

भाई ने सक्षम पर चलाई थी गोली
पुलिस के अनुसार, आंचल का प्रेमी सक्षम ताटे (20) गुरुवार शाम पुराने गंज क्षेत्र में अपने मित्रों के साथ खड़ा था, तभी उसके और आंचल के भाई हिमेश मामिडवार के बीच झगड़ा हो गया। अधिकारी ने बताया कि हिमेश ने सक्षम पर कथित तौर पर गोली चलाई जो उसकी पसलियों के आर-पार निकल गई, इसके बाद उसने उसके सिर पर टाइल से वार किया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शुक्रवार शाम जब सक्षम के अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी, तभी आंचल वहां पहुंची। उन्होंने बताया कि आंचल ने सक्षम के शव से विवाह कर लिया और दावा किया कि इससे उनका प्रेम अमर हो जाएगा।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra
दीपक मिश्र मीडिया इंडस्ट्री में करीब 17 साल का अनुभव रखते हैं। खेल, सिनेमा और राजनीति पर प्रमुखता से काम किया है। खासतौर पर खेल की खबरों से जुनून की हद तक मोहब्बत है। 2011 में क्रिकेट वर्ल्ड कप और 2014 में फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप प्रमुखता से कवर कर चुके हैं। फोटोग्राफी और मोबाइल वीडियो स्टोरी के साथ-साथ पॉडकास्ट में विशेष रुचि रखते हैं। दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट के साथ काम करते हुए कई वीडियो स्टोरीज पर काम किया। इसी दौरान आईपीएल पर पॉडकास्ट के साथ एक अन्य पॉडकास्ट ‘शहर का किस्सा’ भी कर चुके हैं। पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद आज अखबार के साथ पत्रकारिता की शुरुआत हुई। इसके बाद दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट और पत्रिका अखबार में काम किया है। आई नेक्स्ट की डिजिटल विंग में काम करते हुए कई नए और रोचक प्रयोग किए। लाइव हिन्दुस्तान में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर रहे हैं। और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।