जहां 2 बच्चों और 1 बुजुर्ग ने तोड़ा दम, चश्मदीद ने बताया बंगाल में रेल क्रॉसिंग पर क्या हुआ था

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

पश्चिम बंगाल में एक स्कूली बच्चों की वैन हादसे का शिकार हो गई। रेलवे क्रॉसिंग पर हुई इस टक्कर में 2 मासूमों और एक बुजर्ग की मौत हो गई है। सरकार ने 10-10 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। वहीं, घटना की जांच जारी है।

West Bengal

पश्चिम बंगाल में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां स्कूली बच्चों को ले जा रही एक वैन ट्रेन की चपेट में आ गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि, कई लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है। हादसे में गेटमैन को मुख्य आरोपी माना गया है और गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि, पीड़ित परिवारों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया गया है।

क्या हुआ था

एजेंसी वार्ता के अनुसार, निमटीता-कटवा यात्री रेलगाड़ी (संख्या 53054) ने एक रेलवे क्रॉसिंग पर रॉयल अकादमी स्कूल के छात्रों को ले रहे एक वाहन और एक अन्य साइकिल सवार को टक्कर मार दी। इसके कारण दो विद्यार्थियों और एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह हादसा कटवा-अजीमगंज रेलखंड के कर्णसुबर्ण स्टेशन के समीप एक लेवल क्रॉसिंग पर सुबह करीब 6.41 बजे हुआ।

इस फाटक को रेलगाड़ियों के गुजरने के कारण बंद कर दिया गया था। क्रॉसिंग से नवद्वीपधाम-बालुरघाट एक्सप्रेस रेलगाड़ी संख्या 13431 के गुजरने के बाद जैसे ही फाटक खोला गया और विद्यालय का वाहन पटरी पार करने के लिए आगे बढ़ा, तभी वह दूसरी दिशा से आ रही निमटीता-कटवा यात्री रेलगाड़ी की चपेट में आ गया।

इस हादसे में दो बच्चों और एक बुजुर्ग साइकिल चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तीन बच्चों तथा वाहन चालक को अत्यंत गंभीर स्थिति में मुर्शिदाबाद चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया है। अन्य घायल बच्चों का भी चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।

क्या बोले चश्मदीद

न्यूज18 बंगाली से बातचीत में स्थानीय निवासी नूरजमन ने बताया है कि हर रोज दो ट्रेनें एक साथ गुजरती हैं, जिसके लिए गेट नीचे कर दिया जाता है। उन्होंने बताया कि आज एक ट्रेन के निकलने के बाद ही गेट उठा दिया गया था। उन्होंने कहा कि कुछ समय बाद ही ट्रेन तेज रफ्तार में आई और स्कूल वैन से टकरा गई, जिससे दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।

मुआवजे का ऐलान

पीटीआई भाषा से बातचीत में अधिकारी ने बताया कि समपार फाटक के 'गेटमैन' को ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णन ने प्रत्येक मृतक के परिजन के लिए 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। उन्होंने बताया, 'कर्ण सुबर्ण स्टेशन के पास समपार फाटक पर स्कूली बच्चों को ले जा रही कार रेल पटरी पार कर रही थी तभी एक लोकल ट्रेन ने वाहन को टक्कर मार दी।'

उन्होंने बताया कि घायलों को शुरू में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में उन्हें बर्द्धमान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों की जांच के लिए 10 सदस्यीय टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि टीम इस बात की जांच करेगी कि जब ट्रेन वहां से गुजरने वाली थी तो समपार फाटक खुला क्यों था।

ऐसी सूचना है कि हादसे के समय समपार फाटक खुला था। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद पूर्वी रेलवे के हावड़ा मंडल के अजीमगंज-कटवा खंड में ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsजहां 2 बच्चों ने तोड़ा दम, चश्मदीद ने बताया रेल क्रॉसिंग पर क्या हुआ था