5 साल में घुसपैठियों को न केवल मतदाता सूची से निकालेंगे, बल्कि देश से भी: अमित शाह

Feb 21, 2026 05:33 pm ISTNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस नेता ने एक बार कहा था कि घुसपैठियों को बाहर निकाल दिया जाएगा, लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं कर सकती क्योंकि अवैध प्रवासी उसका वोट बैंक हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को गुवाहाटी में आयोजित 87वें सीआरपीएफ दिवस परेड के दौरान बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भारत से नक्सलवाद को 31 मार्च 2026 तक पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने जोर दिया कि अगर भारत नक्सलियों से मुक्त हो सकता है, तो वह घुसपैठियों से भी मुक्त हो सकता है। अगले 5 वर्षों में अवैध प्रवासियों को न केवल मतदाता सूची से बल्कि देश से भी निकाल दिया जाएगा। शाह ने कहा कि सरकार की ओर से तय की गई इस समय सीमा के भीतर नक्सल समस्या को जड़ से खत्म करने का लक्ष्य प्राप्त हो रहा है। CRPF और कोबरा बल के जवानों की सराहना करते हुए शाह ने बताया, 'इन बलों ने जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाजी की घटनाओं को शून्य करने, मणिपुर में जातीय हिंसा को नियंत्रित करने और मात्र तीन वर्षों में माओवादियों की कमर तोड़ने में निर्णायक भूमिका निभाई है। नक्सलवाद पहले 12 राज्यों में फैला हुआ था, लेकिन केंद्र सरकार के दृढ़ संकल्प और सुरक्षाबलों के प्रयासों से अब यह अंतिम चरण में पहुंच चुका है।'

अमित शाह ने ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट की प्रशंसा की, जो छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर कर्रेगुट्टा पहाड़ियों में अप्रैल-मई 2025 में चलाया गया था। इस 21 दिनों के ऑपरेशन में अत्यंत कठिन परिस्थितियों में 45 डिग्री सेल्सियस की तपती गर्मी में चट्टानी पहाड़ियों पर कार्य करते हुए सीआरपीएफ जवानों ने 31 नक्सलियों को मार गिराया और उनके मजबूत ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि जवानों ने एक इंच भी पीछे नहीं हटे और इस बहादुरी से नक्सलियों का रणनीतिक आधार ढह गया। सीआरपीएफ महानिदेशक जीपी सिंह ने भी इस ऑपरेशन को नक्सलवाद की कमर तोड़ने वाला बताया और 31 मार्च की समय सीमा को पूरा करने का विश्वास जताया।

दुनिया का सबसे बड़ा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल

गृह मंत्री ने CRPF की 86 वर्षीय यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि यह बल 1939 में मात्र दो बटालियनों से शुरू हुआ था, जो आज 248 बटालियनों और 3.25 लाख जवानों के साथ दुनिया का सबसे बड़ा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल बन चुका है। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ ने जम्मू-कश्मीर, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और पूर्वोत्तर में प्रमुख चुनौतियों का सामना किया है। इन तीनों हॉटस्पॉट्स में पहले बम विस्फोट, गोलीबारी और बंद जैसी घटनाएं आम थीं, लेकिन अब ये क्षेत्र विकास के इंजन बन चुके हैं। शाह ने कहा कि सीआरपीएफ के 2,270 जवानों ने देश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिसमें पूर्वोत्तर में 700, नक्सल क्षेत्रों में 780 और जम्मू-कश्मीर में 540 शामिल हैं।

CRPF के कारनामों को किया याद

अमित शाह ने इस परेड को पूर्वोत्तर में पहली बार आयोजित होने पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ ने संसद पर हमला, राम जन्मभूमि पर 2005 का हमला नाकाम करने, अमरनाथ यात्रा और महाकुंभ जैसी सांस्कृतिक आयोजनों की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सीआरपीएफ के समर्पण और बलिदान के बिना इन क्षेत्रों में शांति स्थापित करना असंभव था। अंत में उन्होंने आत्मविश्वास से कहा कि सीआरपीएफ के प्रयासों से ही 31 मार्च 2026 तक देश पूरी तरह रेड टेरर से मुक्त हो जाएगा।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar

पत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।

और पढ़ें
इंडिया न्यूज़ , विधानसभा चुनाव और आज का मौसम से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।