राहुल गांधी घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रहे, 2029 में भी हारेंगे; खूब बरसे अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी SIR की आड़ में घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘देश की जनता उनकी इस रणनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है और अब उनके बहकावे में आने वाली नहीं है।’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एसआईआर को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी SIR की आड़ में घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। देश की जनता उनकी इस रणनीति को अच्छी तरह समझ चुकी है और अब उनके बहकावे में आने वाली नहीं है। शाह ने कहा कि राहुल गांधी और उनके साथियों को यह समझ लेना चाहिए कि जनता उनके इरादों को पहचान चुकी है।
अमित शाह ने 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर भी कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनके साथियों को एक बार फिर करारी हार के लिए तैयार रहना चाहिए। शाह ने दावा किया कि 2029 के आम चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार चौथी बार चुनाव में हार का सामना करेगी।
भीड़ इकट्ठी करके देश की आवाज नहीं बन सकते: शाह
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'राहुल गांधी जब से कांग्रेस के मुख्य नेता के रूप में आए हैं तब से कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है। 14 पार्टियों का कैडर इकट्ठा करके 1.5 किलोमीटर के क्षेत्र में 8 हजार की भीड़ इकट्ठी करके आप देश की आवाज नहीं बन सकते हैं।' उन्होंने कहा कि आज भी कांग्रेस पार्टी जिस प्रकार की नकारात्मक राजनीति कर रही है उससे उन्हें कोई फायदा नहीं मिलेगा। राहुल गांधी अब भारत की जनता आपके झांसे में आने वाली नहीं है।
अमित शाह ने कहा, 'आज गुजरात में 3 म्युनिसिपल पार्टी और म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के चुनाव हुए हैं। 2 म्युनिसिपल पार्टी और 1 म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में कुल 104 में से 90 सीटों पर भाजपा ने प्रचंड विजय प्राप्त की है। गांधीनगर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में भाजपा ने 44 में से 38 सीटों पर विजय प्राप्त की हैं। AAP ने 32 सीटों पर चुनाव लड़ा और 32 सीटों पर ही जमानत ज़प्त कराई है। गुजरात के मतदाता प्रधानमंत्री मोदी के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं। मैं कहना चाहता हूं कि 41 सालों के बाद आज भी यहां कांग्रेस एक भी चुनाव नहीं जीती है।'
PM मोदी की लोकप्रियता को SIR के नाम से झुटलाया: गृह मंत्री
गृह मंत्री ने कहा, 'मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या यह SIR का परिणाम है? आप प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता को SIR के नाम से झुटलाते हैं। यह इनके लिए आत्मनिरीक्षण का समय है। देश में 3 राज्यों (पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी और तमिलनाडु) में उपचुनाव हुआ है और वहां कांग्रेस को एक भी सीट प्राप्त नहीं हुई है।' उन्होंने कहा कि राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत हुई है। यह चुनाव राहुल गांधी के लिए सबक है।
भाजपा नेता ने कहा कि कि त्रिपुरा में ग्राम समिति के चुनाव हुए थे। 4,600 सीटों में से 3,248 सीट और 900 सीट, कुल मिलाकर 77.5% मत हिस्सेदारी के साथ NDA 4000 से ज्याजा सीटों पर जीत दर्ज करने में कायम हुआ है। उन्होंने कहा, 'जो लोग बैलट की मशीन का हवाला देते हैं, मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि ये चुनाव बैलट पेपर से हुए हैं। बैलट की मशीन भाजपा को चुनाव जिताती है तो यह चुनाव इस तर्क को खारिज करता है।'

