
तब तो टप से नए कपड़े पहनकर शपथ ले लेते हो… लोकसभा में अमित शाह का कांग्रेस पर तंज
गृह मंत्री ने लोकसभा में राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ईवीएम की दलील गले नहीं उतरती तो अब वोट चोरी का मुद्दा लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि हारने का कारण ईवीएम और मतदाता सूची नहीं, बल्कि राहुल गांधी है।
Amit Shah in Lok Sabha: गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को विपक्षी पार्टियों पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए करारा प्रहार किया है। शाह ने कांग्रेस पार्टी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब वे चुनाव जीतते हैं तब उन्हें मतदाता सूची से कोई समस्या नहीं होती, लेकिन जब वे चुनाव हार जाते हैं तब वे इसे दोष देने लगते हैं। अमित शाह ने कहा कि चुनावों में कांग्रेस की हार की वजह ईवीएम एवं मतदाता सूची नहीं, बल्कि राहुल गांधी का नेतृत्व है।
अमित शाह ने लोकसभा में चुनाव सुधारों पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कांग्रेस के लगाए हुए आरोपों को खारिज किया। अमित शाह ने कहा, “ऐसा नहीं है कि हम 2014 के बाद कोई चुनाव नहीं हारे। हम छत्तीसगढ़ में 2018 में हारे, राजस्थान में 2018 में हारे, मध्य प्रदेश में 2018 में हारे। कर्नाटक में भी 2014 के बाद हारे। तेलंगाना में हम जीत नहीं पाए, चेन्नई हम जीत नहीं पाए, बंगाल में भी हम हारे।”
शाह ने कहा, “तब तो यह मतदाता सूची बहुत अच्छी होती है, टप से नए कपड़े पहनकर शपथ ले लेते हो। उस वक्त मतदाता सूची का विरोध नहीं करते हो। लेकिन जब मुंह की पटखनी पड़ती है बिहार की तरह, तब मतदाता सूची का विरोध करते हो। दोहरे मापदंड नहीं चलेंगे लोकतंत्र में।” अमित शाह ने सवाल उठाए कि अगर मतदाता सूची खराब थी तो शपथ क्यों ली?
राहुल गांधी पर निशाना
वहीं गृह मंत्री ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस के चुनाव हारने का कारण ईवीएम और मतदाता सूची नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘ईवीएम की दलील गले नहीं उतरती तो अब वोट चोरी का मुद्दा लेकर आ गए। वोट चोरी का मुद्दा लेकर पूरे बिहार में यात्रा निकाली। फिर भी हार गए। हारने का कारण आपका नेतृत्व है, हारने का कारण ईवीएम और मतदाता सूची नहीं है।’’





