कांग्रेस में अनदेखी के बीच PM मोदी से मिले मनीष तिवारी, अटकलों पर शायराना अंदाज में दिया जवाब
मनीष तिवारी ने हाल ही में 17 जुलाई 2026 को चंडीगढ़ और उनके पूर्व संसदीय क्षेत्र श्री आनंदपुर साहिब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कई विकास परियोजनाओं के उद्घाटन समारोह का जिक्र किया।

पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नेता और सांसद मनीष तिवारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चंडीगढ़ रैली के दौरान उनके साथ मंच पर दिखे थे। समय-समय पर कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाने वाले मनीष तिवारी को लेकर कयासों का बाजार गरमा गया है। हालांकि, उन्होंने खुद इस मामले पर अपनी बात रखी है। उन्होंने एक्स पर साफ शब्दों में कहा कि वे विकास के मुद्दों को हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर रखते हैं। यही वजह है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकारी कार्यक्रमों में शामिल होते हैं।
मनीष तिवारी ने एक्स पर लिखा कि एक राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में पिछले 45 वर्षों में उन्होंने राजनीति को व्यवस्थित रूप से टूटते हुए देखा है। उन्होंने कहा, "आज की राजनीति तेजी से जहरीली और संक्षारक हो गई है, जहां राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को अब जानी दुश्मन माना जाने लगा है। दिल्ली आज इस टूटी हुई राजनीति का प्रतीक बन चुकी है।"
मनीष तिवारी ने हाल ही में 17 जुलाई 2026 को चंडीगढ़ और उनके पूर्व संसदीय क्षेत्र श्री आनंदपुर साहिब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कई विकास परियोजनाओं के उद्घाटन समारोह का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वे इस कार्यक्रम में इसलिए उपस्थित थे क्योंकि ये परियोजनाएं उन लोगों के जीवन को बेहतर बनाएंगी जिनकी सेवा के लिए उन्हें चुना गया है। इससे पहले 24 अगस्त 2022 को भी जब पीएम मोदी ने न्यू चंडीगढ़ में डॉ. होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन किया था, तब भी bu वहां मौजूद थे। उन्होंने इसे पूरे क्षेत्र के कैंसर मरीजों के लिए एक लाइफलाइन बताया।
मैं पुराने विचारों का इंसान हूं: मनीष तिवारी
अपनी उपस्थिति पर उठने वाले राजनीतिक सवालों का जवाब देते हुए तिवारी ने दृढ़ता से कहा, "मैं अभी भी थोड़ा ओल्ड स्कूल का हूं, जो बुनियादी शिष्टाचार, प्रोटोकॉल के सिद्धांतों और दलगत राजनीति से ऊपर विकास के प्राथमिकताओं में विश्वास रखता है। कोई मेरे बारे में क्या सोचता है, इससे परे मैं ऐसा ही हूं!"
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब चंडीगढ़ में कई प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करने पहुंचे तो स्टेज पर कई भाजपा नेताओं के अलावा कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी भी मौजूद थी। इसके बाद अटकलें तेज हो गईं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहे वीडियो में पीएम मोदी चंडीगढ़ से कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी के साथ काफी देर तक कुछ बातें करते दिखते हैं। इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी नजर आ रहे थे। मनीष तिवारी हंस-हंस कर अपनी बात रख रहे थे। पीएम मोदी भी इसी अंदाज में बात कर रहे थे।
मनीष तिवारी कांग्रेस के उन गिने-चुने नेताओं में से हैं जो विपक्ष में रहते हुए भी राष्ट्रीय मुद्दों और विकासात्मक परियोजनाओं पर एक संतुलित और कूटनीतिक रुख अपनाते हैं। हाल ही में पंजाब कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश अध्यक्ष का ऐलान किया तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनसे पूछा तक नहीं गया।


