SIR हुआ पूरा, अब मांग लिया VRS; ज्ञानेश कुमार विवाद के बीच इस राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी का बड़ा कदम

पीटीआई, नई दिल्ली
share

गोपालन की सेवा के लगभग 18 महीने बचे हुए हैं। वह कई महीनों से नौकरी छोड़ने पर विचार कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने SIR प्रक्रिया पूरी होने और संशोधित चुनावी रोल के प्रकाशित होने तक इस फैसले को टाल दिया था।

Odisha CEO VRS
मुख्य चुनाव अधिकारी ज्ञानेश कुमार और ओडिशा के CEO आर. संथान गोपालन

देश के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर उपजे विवादों के बीच ओडिशा के मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) आर. संथान गोपालन ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) के लिए आवेदन किया है। हालांकि, उन्होंने इसके पीछे निजी और स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया है और कहा है कि उनकी स्वैच्छिक सेवानिवृति का SIR प्रक्रिया से कोई लेना-देना नहीं है। बड़ी बात यह है कि ओडिशा कैडर के 2001 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी गोपालन ने राज्य में SIR पूरा होने के एक हफ़्ते बाद, बुधवार (30 सितंबर) को अपना VRS आवेदन सौंपा है।

तमिलनाडु के रहने वाले गोपालन जुलाई 2024 से ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। उनके पास आबकारी विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी है। उन्हें जून 2028 में सेवानिवृत्त होना था। उन्होंने कहा है कि वीआरएस लेने का उनका फैसला राज्य में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चल रहे विवाद से संबंधित नहीं है। गोपालन की सेवा के लगभग 18 महीने बचे हुए हैं। वह कई महीनों से नौकरी छोड़ने पर विचार कर रहे थे।

निजी कारणों से VRS लेना चाहता हूं

उन्होंने बताया कि उन्होंने SIR प्रक्रिया पूरी होने और संशोधित चुनावी रोल के प्रकाशित होने तक इस फैसले को टाल दिया था। उन्होंने कहा, ''मैं निजी कारणों से वीआरएस लेना चाहता हूं। मैं निजी मामलों पर ध्यान देना चाहता हूं। मैं अपने परिवार पर ध्यान केंद्रित करूंगा और अपने बेटे की स्कूली शिक्षा पूरी होने तक भुवनेश्वर में ही रहूंगा।''यह पूछे जाने पर कि क्या उनका फैसला एसआईआर प्रक्रिया को लेकर विपक्ष द्वारा उनके इस्तीफे की मांग से जुड़ा है, इस पर गोपालन ने कहा, ''अगर वे खुश होना चाहते हैं तो उन्हें खुश होने दें। मैंने दो सितंबर को सरकारी सेवा में 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं और इसलिए वीआरएस लेने का फैसला किया।''

ओडिशा SIR में 17 लाख नाम हटाने पर विवाद

बता दें कि SIR के बाद 3.16 करोड़ मतदाताओं वाली ओडिशा की चुनावी रोल 21 सितंबर को प्रकाशित की गई थी। विपक्षी बीजू जनता दल (BJD) और कांग्रेस ने रोल से लगभग 17 लाख नाम हटाए जाने पर सवाल उठाए थे। बीजद ने आरोप लगाया था कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान 27.50 लाख से अधिक मतदाताओं को सूची से बाहर कर दिया गया और दावा किया कि इस मामले को छिपाया जा रहा है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया था कि सीईओ ने मतदाता संबंधी आंकड़ों में 'हेरफेर' किया है। गोपालन ने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। इनमें भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के उप महानिदेशक, श्रम विभाग के सचिव और कृषि निदेशक के पद शामिल हैं।

VRS की टाइमिंग काफी अहम

गोपालन का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब भारत निर्वाचन आयोग (ECI) को कई राज्यों में SIR को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। 'इंडियन एक्सप्रेस' ने पिछले हफ्ते रिपोर्ट दी थी कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने 10 महीनों में कम से कम 14 बार आयोग के फैसलों पर आपत्ति जताई थी। इन असहमतियों में चुनावी रोल में नाम शामिल करने के लिए 'फॉर्म 6' में बदलाव, कामकाज का केंद्रीकरण, पश्चिम बंगाल में वोटर हटाने की अपील और गोवा में योग्य मतदाताओं को शामिल न कर पाना जैसे मुद्दे शामिल थे।

ओडिशा में कई IAS-IPS ने लिया VRS

दिलचस्प बात यह भी है कि सितंबर महीने की शुरुआत में भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त जगमोहन मीणा ने भी सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया था, जो एक आईपीएस अधिकारी हैं। ओडिशा सरकार ने 27 अगस्त को उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया था और इसके बाद आगे की प्रक्रिया के लिए इसे केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दिया था। पिछले तीन वर्षों में, ओडिशा कैडर के चार IAS और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों ने इस्तीफ़ा दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के उत्तराधिकारी माने जाने वाले IAS अधिकारी वी.के. पांडियन ने अक्टूबर 2023 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ली थी और फिर राज्य में 2024 के विधानसभा और लोकसभा चुनावों से पहले BJD में शामिल हो गए थे।

उनकी पत्नी सुजाता कार्तिकेयन, जो ओडिशा कैडर की IAS अधिकारी थीं, ने मार्च 2025 में इस्तीफा दिया और इस साल जून में BJD में शामिल हो गईं। 2013 बैच के IPS अधिकारी जगमोहन मीणा ने एक कॉर्पोरेट कंपनी में शामिल होने के लिए पिछले महीने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली। इस साल की शुरुआत में, IPS अधिकारी CA रामदास (2025 बैच के प्रोबेशनर) ने हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस अकादमी में ट्रेनिंग के दौरान ही इस्तीफा दे दिया।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsज्ञानेश और SIR विवाद के बीच मुख्य चुनाव अधिकारी ने मांगा VRS, क्या बताई वजह?