Explainer: घर-घर दस्तक, ECINet की समीक्षा; विवादित घोषणा हटी, फॉर्म 7 में सीमा तय: हंगामे के बाद EC में क्या-क्या बदलाव?

हिन्दुस्तान टाइम्स, हिमांशी दहिया, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

चुनाव आयोग ने अपने ऑनलाइन वोटर डेटाबेस प्लेटफॉर्म 'ECINet' की जांच के लिए वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति बनाई है, जिसमें IIT/IIIT के स्वतंत्र विशेषज्ञ शामिल होंगे।

election commission
चुनाव आयोग

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पर उपजे गतिरोध और विवाद, मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भारी हंगामे और आयोग के अंदर आंतरिक मतभेदों की खबरों के बीच चुनाव आयोग ने SIR, ऑनलाइन वोटर रजिस्ट्रेशन और प्रशासनिक कामकाज से जुड़े कई बड़े बदलावों का ऐलान किया है। आयोग ने उन राज्यों में ऑनलाइन वोटर-रजिस्ट्रेशन फ़ॉर्म से एक विवादित घोषणा को हटा दिया है, जहां SIR पूरा हो चुका है। इसके साथ ही, आयोग ने वोटर डेटाबेस चलाने वाले सॉफ़्टवेयर की भी समीक्षा के आदेश दिए हैं और SIR के दौरान फ़्लैग किए गए वोटरों की सुनवाई की प्रक्रिया को भी आसान बना दिया है।

ये बदलाव उन खबरों के सामने आने के बाद किए गए हैं जिनमें, पिछले महीने बताया गया था कि आयोग के तीन में से दो आयुक्तों ने SIR से जुड़े कुछ फैसलों पर आधिकारिक तौर पर आपत्ति जताई थी। आरोप है कि ये फैसले उनकी जानकारी के बिना लिए गए थे। दरअसल, 'इंडियन एक्सप्रेस' ने 23 सितंबर को रिपोर्ट दी थी कि चुनाव आयोग के दो आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने 10 महीनों में कम से कम 14 बार उन फैसलों और आदेशों पर आपत्ति जताई थी, जो उनके अनुसार उनकी जानकारी या मंजूरी के बिना जारी किए गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, ये आपत्तियां नए वोटर रजिस्ट्रेशन, नाम हटाने और बहाल करने और वोटर लिस्ट की कस्टडी और सुरक्षा से जुड़ी थीं। इन आपत्तियों की जानकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भी दी गई थी।

पहले इनकार, अब संशोधन

उसी दिन जारी ECI के जवाब में कहा गया था कि आंतरिक चर्चाओं के दौरान असहमति होना फैसला लेने की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है और पिछले एक साल में पूरे आयोग के सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं। आयोग ने तब कहा था कि ECINet समेत उसके डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म कड़े डेटा सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत काम करते हैं, और अधिकारियों ने फॉर्म 6 की घोषणा को कानूनी बताया था। हालांकि, इसके तीन दिन बाद ही आयोग ने एक प्रेस नोट जारी करके पहले बदलावों की घोषणा की और तब से अब तक कई बदलाव हो चुके हैं।

आयोग के कामकाज में पारदर्शिता और नई व्यवस्था

26 सितंबर को तीनों आयुक्तों की बैठक के बाद जारी किए गए आदेशों के तहत ECI के आंतरिक कामकाज में कई कड़े नियम लागू किए गए हैं। इसके तहत कहा गया है कि अब चुनाव आयोग की हर बैठक से पहले एजेंडा वितरित किया जाएगा और बैठक के बाद मिनट्स जारी किए जाएंगे। इसके अलावा अधिकारियों को आयुक्तों के सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करना होगा। आयोग ने यह भी फैसला लिया है कि नए आईटी मॉड्यूल और पोर्टल को समिति की समीक्षा के बाद आयोग की मंजूरी लेनी होगी। इसके अलावा अधिकारियों की विदेशी यात्राओं के लिए भी आयोग की अनुमति अनिवार्य कर दी गई है।

'ECINet' की समीक्षा, फॉर्म-6 से विवादित शर्त हटाना

चुनाव आयोग ने अपने ऑनलाइन वोटर डेटाबेस प्लेटफॉर्म 'ECINet' की जांच के लिए वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त की अध्यक्षता में एक समिति बनाई है, जिसमें IIT/IIIT के स्वतंत्र विशेषज्ञ शामिल होंगे। इसके अलावा फॉर्म-6 से विवादित घोषणापत्र को भी हटाने का फैसला किया गया है। दरअसल, नए मतदाताओं (फर्स्ट-टाइम वोटर) के लिए फॉर्म-6 में जुलाई में एक नई घोषणा जोड़ी गई थी, जिस पर आयुक्तों ने कानूनी आधार न होने की आपत्ति जताई थी। अब जिन राज्यों में SIR समाप्त हो चुका है, वहां ऑनलाइन फॉर्म-6 से यह घोषणापत्र हटा दिया गया है।

फॉर्म-7 की आड़ में थोक अर्जियों पर लगाम

कर्नाटक और ओडिशा से बड़े पैमाने पर नाम हटाने की शिकायतों के बाद, आयोग ने 9 अक्टूबर को बड़ा फैसला लिया है। आयोग ने कहा है कि अब कोई भी एक मतदाता दावे और आपत्ति की अवधि के दौरान अधिकतम 10 फॉर्म-7 (नाम हटाने या आपत्ति दर्ज कराने के फॉर्म) ही दाखिल कर सकता है। इससे ज्यादा फॉर्म जमा नहीं किए जा सकेंगे। इसके अलावा आयोग ने नई व्यवस्था दी है कि किसी भी आपत्ति पर फैसला लेने से पहले चुनाव पंजीकरण अधिकारी (ERO) को शिकायतकर्ता की व्यक्तिगत रूप से सुनवाई करनी होगी और जिस भी मतदाता का नाम चुनौती के तहत है, उसे भी अपना पक्ष रखने का मौका देना होगा।

BLO करेंगे 'होम विजिट'

आयोग ने कहा है कि SIR प्रक्रिया के दौरान जिन मतदाताओं का डेटा मैच नहीं हुआ है या जिनमें तकनीकी गड़बड़ी पाई गई थी, अब उन्हें ERO दफ्तर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे बल्कि बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) खुद मतदाताओं के घर जाकर दस्तावेज एकत्र करेंगे और ECINet पर उसे अपलोड करेंगे । आयोग ने यह भी कहा है कि व्यक्तिगत सुनवाई केवल विशेष परिस्थितियों में होगी और वह भी प्राथमिकता के आधार पर ऑनलाइन की जाएगी। बेघर लोगों और रैन बसेरों में रहने वालों के लिए विशेष सहायता डेस्क लगाए जाएंगे। आयोग ने सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (CEOs) को निर्देश दिए हैं कि BLOs पुरानी और नई मतदाता सूचियों का मिलान कर गायब नामों की सूची बनाएं और उन घरों का दौरा कर फॉर्म-6 भरवाएं। बिहार और पश्चिम बंगाल समेत 20 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में SIR का काम पूरा हो चुका है। इसके साथ ही आयोग ने दिल्ली में दावों के निपटान की समय सीमा 30 अक्टूबर तक, महाराष्ट्र में 26 अक्टूबर तक बढ़ा दी है, और गोवा में छूटे हुए 81 मतदाताओं को सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Pramod Praveen

लेखक के बारे में

Pramod Praveen

प्रमोद कुमार प्रवीण देश-विदेश की समसामयिक घटनाओं और राजनीतिक हलचलों पर चिंतन-मंथन करने वाले और पैनी पकड़ रखने वाले हैं। ईटीवी से पत्रकारिता में करियर की शुरुआत की। कुल करीब दो दशक का इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का अनुभव रखते हैं। संप्रति लाइव हिन्दुस्तान में विगत तीन से ज्यादा वर्षों से समाचार संपादक के तौर पर कार्यरत हैं और अमूमन सांध्यकालीन पारी में बहुआयामी पत्रकारीय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप से पहले NDTV, जनसत्ता, ईटीवी, इंडिया न्यूज, फोकस न्यूज, साधना न्यूज और ईटीवी में कार्य करने का अनुभव है। कई संस्थानों में सियासी किस्सों का स्तंभकार और लेखक रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर से लेकर कई अकादमिक, शैक्षणिक और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न मंचों पर अकादमिक और पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी हुए हैं। रुचियों में फिल्में देखना और पढ़ना-पढ़ाना पसंद, सामाजिक और जनसरोकार के कार्यों में भी रुचि है।

अकादमिक योग्यता: भूगोल में जलवायु परिवर्तन जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर पीएचडी उपाधिधारक हैं। इसके साथ ही पत्रकारिता एवं जनसंचार में स्नातकोत्तर भी हैं। पीएचडी शोध का विषय- 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन-एक भौगोलिक अध्ययन' रहा है। शोध के दौरान करीब दर्जन भर राष्ट्रीय और अंततराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध पत्र पढ़ने और प्रस्तुत करने का अनुभव है। भारतीय विज्ञान कांग्रेस में भी शोध पोस्टर प्रदर्शनी का चयन हो चुका है। शोध पर आधारित एक पुस्तक के लेखक हैं। पुस्तक का नाम 'मध्य गंगा घाटी में जलवायु परिवर्तन' है। पत्रकारिता में आने से पहले महाविद्यालय स्तर पर शिक्षण कार्य भी कर चुके हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsघर-घर दस्तक, ECINet की समीक्षा; फॉर्म 7 की सीमा भी तय: EC में अब ताबड़तोड़ बदलाव