संसद की तरफ जाने वाले सारे रास्ते बंद, आधी रात पुलिस की जबर्दस्त बैरिकेडिंग; जंतर-मंतर पर कैसा माहौल
कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के बाद पैदा हुए हालात के बाद पुलिस और प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। मंगलवार को आधी रात के वक्त संसद भवन की तरफ जाने वाले तमाम रास्ते बंद कर दिए गए।
कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च के बाद पैदा हुए हालात के बाद पुलिस और प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। मंगलवार को आधी रात के वक्त संसद भवन की तरफ जाने वाले तमाम रास्ते बंद कर दिए गए। पुलिस के जवानों ने विभिन्न मार्गों पर जबर्दस्त बैरिकेडिंग कर डाली। इनमें रफी मार्ग से लेकर तमाम अन्य रास्ते शामिल हैं। वहीं, जंतर-मंतर पर एक बार फिर प्रदर्शनकारियों का सैलाब उमड़ पड़ा है। माना जा रहा था कि पुलिस के लाठी चार्ज और बल प्रयोग के बाद लोग अपने घरों को लौट जाएंगे। लेकिन फिलहाल ऐसा कुछ देखने को नहीं मिल रहा है।
ऐसा है जंतर-मंतर का माहौल
जंतर-मंतर पर संसद मार्च से पहले की रात की तरह आज प्रदर्शन स्थल पर भीड़ है। लोग रात तक भी प्रदर्शन में डटे हुए हैं। यहां कई लोग पुलिस की कार्रवाई को देखने के बाद प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पहुंच रहे हैं। यह वह लोग हैं जो पुलिस कार्रवाई में घायल और चोटिल हो गए थे। अब भी लोगों का हुजूम आ रहा है। इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने अपील की है कि अब कोई खाना ऑर्डर ना करे। यहां बहुत खाना आ चुका है। गौरतलब है कि प्रदर्शनकारियों के लिए दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों से लोगों ने खाना ऑर्डर किया था। स्विगी और जोमैटो का ऑर्डर लेकर बड़ी संख्या में वहां पर डिलीवरी बॉय पहुंचे थे। जिसे भी खाने की जरूरत थी, वह इनसे लेकर खाना खा रहा था।
पुलिस पर पथराव की सूचना
इस बीच दिल्ली में प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार शाम को जंतर-मंतर के पास कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। इसके बाद इलाके में बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस दल पर पथराव किया। हताहतों के बारे में तत्काल कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हो पायी है। उन्होंने कहा किपुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और हिंसा में शामिल नहीं होने की अपील की। उन्होंने बताया कि स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए जंतर-मंतर और उसके आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
विपक्षी दलों का पहुंचना जारी
इस बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के अध्यक्ष शरद पवार और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत विपक्षी दलों के कई नेता मंगलवार को यहां जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जारी आंदोलन को समर्थन दिया। यह दौरा पुलिस द्वारा सोमवार को सीजेपी के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के एक दिन बाद हुआ। पवार ने अपनी पुत्री और पार्टी सांसद सुप्रिया सुले के साथ प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर घायल प्रदर्शनकारियों और आंदोलन से जुड़े लोगों से मुलाकात की तथा सोमवार को संसद की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई की निंदा की।
प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने वाले अन्य नेताओं में शिवसेना (यूबीटी) चीफ उद्धव ठाकरे, सांसद संजय राउत और अरविंद सावंत, राज्यसभा सदस्य महुआ माजी, आप नेता गोपाल राय, केरल कांग्रेस (एम) के नेता जोस के मणि और वाम दलों के सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल शामिल था।
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।


