पाकिस्तान से डरा अफगानिस्तान, डिलीट किया भारत के नक्शे वाला वीडियो; कश्मीर के मैप से किया खेल
भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज से पहले ACB के प्रमोशनल VIDEO में PoK और गिलगित-बाल्टिस्तान को भारत के नक्शे में दिखाया गया। इसे देखकर पाकिस्तान में बवाल मच गया और फैंस ने PCB से कार्रवाई की मांग कर दी। जानें पूरा मामला।

भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज से पहले केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के नक्शे को लेकर शुरू हुआ विवाद अब एक कदम आगे बढ़ गया है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने वह पुराना प्रमोशनल वीडियो हटा दिया है, जिसमें भारत का नक्शा दिखाते समय पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) और गिलगित-बाल्टिस्तान को भारत के अंदर दिखाया था।
अब नए वीडियो में अफगानिस्तान ने खेल कर दिया। अफगान क्रिकेट बोर्ड ने कश्मीर के नक्शे के ऊपर इंडिया गेट को प्रमुखता से दिखाया गया है। यानी जिस नक्शे को लेकर पाकिस्तान में हंगामा मचा और PCB की ओर से मामला उठाए जाने की खबरें आईं, उसे हटाने के बाद ACB ने नए विजुअल के साथ भारत-अफगानिस्तान सीरीज का दूसरा प्रमोशनल वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में भारत के नक्शे में जम्मू-कश्मीर के ऊपर इंडिया गेट को रखा है और नक्शे की बाउंड्री साफ दिखाई नहीं दे रही हैं।
पहले VIDEO में क्या था?
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 6 सितंबर को भारत के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के प्रमोशन के लिए एक वीडियो जारी किया था। इसमें भारत और अफगानिस्तान के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र किया गया था। वीडियो के अंत में दोनों देशों के नक्शे भी दिखाए गए थे।
वीडियो में भारत के नक्शे को लेकर विवाद खड़ा हो गया। अलग-अलग फ्रेम में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और PoK को दिखाने के तरीके पर सवाल उठे। एक फ्रेम में PoK और गिलगित-बाल्टिस्तान भारत के नक्शे के भीतर नजर आए। वहीं, दूसरे फ्रेम में नक्शे की सीमा अलग दिखाई दी। इसको लेकर भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स ने भी ACB से नक्शा ठीक करने की मांग की थी।
पाकिस्तान में मचा बवाल
ACB के वीडियो के सामने आने के बाद पाकिस्तान में भी नाराजगी देखने को मिली। पाकिस्तानी सोशल मीडिया यूजर्स ने इस नक्शे को लेकर सवाल उठाए और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से कार्रवाई की मांग की। PCB ने इस मामले को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के सामने भी उठाया। यानी मामला महज क्रिकेट के प्रमोशनल वीडियो तक सीमित नहीं रहा।
फिर ACB ने VIDEO ही हटा दिया
अब घटनाक्रम में नया मोड़ आया है। ACB ने पुराना प्रमोशनल वीडियो डिलीट कर दिया है। इसके बाद सामने आए नए वीडियो में कश्मीर के नक्शे के साथ इंडिया गेट दिखाई देता है।
नए विजुअल को लेकर सोशल मीडिया पर यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या ACB ने पाकिस्तान की आपत्ति और पुराने वीडियो पर उठे विवाद के बाद अपना प्रमोशनल कंटेंट बदल दिया है। हालांकि, ACB ने सफाई नहीं दी है।
नए VIDEO में क्या बदला?
नए वीडियो की सबसे खास बात इसका विजुअल ट्रीटमेंट है। इसमें भारत के कश्मीर क्षेत्र के नक्शे के साथ दिल्ली का इंडिया गेट दिखाया गया है। यानी पुराने वीडियो में नक्शे को लेकर पैदा हुए विवाद के बाद अब ACB ने ऐसा विजुअल इस्तेमाल किया है, जिसमें भारत की पहचान के तौर पर इंडिया गेट को कश्मीर के मैप के साथ जोड़ा गया है। यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब भारत और अफगानिस्तान की तीन मैचों की टी20 सीरीज शुरू होने में कुछ ही दिन बचे हैं।
भारत-अफगानिस्तान सीरीज पर भी नजर
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज 13 सितंबर से शुरू होगी। तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। मुकाबले 13, 15 और 17 सितंबर को होंगे। दिलचस्प बात यह है कि इस सीरीज में अफगानिस्तान ‘होम टीम’ की भूमिका में है, लेकिन मुकाबले भारत में खेले जा रहे हैं। ICC के मुताबिक, सुरक्षा परिस्थितियों के कारण अफगानिस्तान हाल के वर्षों में अपने घरेलू मुकाबले UAE और भारत जैसे स्थानों पर आयोजित करता रहा है।


