अब लाइन में नहीं लगेंगे 'VIP', कर्नाटक में सभी विधायकों को IPL मैच के फ्री टिकट्स

Upendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share

कर्नाटक विधानसभा में आईपीएल के फ्री टिकट्स को लेकर शुरू हुआ विवाद थम गया है। उप मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने ऐलान किया है कि सभी विधायकों को दो फ्री टिकट्स दिए जाएंगे। इसके अलावा स्टेडियम में अलग से बैठने की व्यवस्था भी होगी।

अब लाइन में नहीं लगेंगे 'VIP', कर्नाटक में सभी विधायकों को IPL मैच के फ्री टिकट्स

इंडियन प्रीमियर लीग के पहले मैच की फ्री टिकट्स की मांग करने वाले कांग्रेस विधायकों को सरकार ने तोहफा दिया है। कर्नाटक की सिद्धा सरकार ने सभी विधायकों को दो फ्री टिकट देने की घोषणा की है। इसके अलावा कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के ऊपर अनादर का आरोप लगा रहे इन विधायकों को स्टेडियम में बैठने के लिए अलग से स्टैंड़ भी दिया जाएगा। गौरतलब है कि कल होने वाले आईपीएल के पहले मैच में डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी और हैदराबाद आमने-सामने होंगे।

राज्य में आईपीएल फ्री टिकट को लेकर बढ़ते विवाद को थामते हुए उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि पहले हर विधायक, सांसद और मंत्री को एक टिकट दिया जाता था। अब मैच से पहले हर सदस्य को दो टिकट दिए जाएंगे। अभी इस मैच के लिए टिकट्स की व्यवस्था की गई है। आगे के मैचों की व्यवस्था बाद में की जाएगी।

विधायकों के चार फ्री टिकट्स की मांग पर शिवकुमार ने असमर्थता व्यक्त की। उन्होंने कहा, "चार टिकट देना संभव नहीं है। पहले हर विधायकों, सांसदों और मंत्री को एक सीट मिलती थी। अब हमने अनुरोध किया है कि अगर परिवार साथ हो तो दो टिकट दिए जाएं। कल के पहले मैच के लिए दो टिकट मिलेंगे, आगे के मैचों पर बाद में चर्चा होगी।”

क्या है पूरा विवाद?

आईपीएल टिकट्स को लेकर उस समय विवाद शुरू हो गया था, जब कांग्रेस विधायक विजयानंद कशप्पनवर ने विधानसभा में खड़े होकर सभी विधायकों के लिए आईपीएल मैच के चार-चार टिकटों की मांग की। इसके बाद उन्होंने कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोशिएसन के ऊपर विधायकों का अपमान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनप्रतनिधि वीआईपी होता है, ऐसे में वह लाइन में नहीं लग सकता। कशप्पनवर की इस मांग को सत्ता पक्ष और विपक्ष सभी विधायकों का समर्थन मिला।

दोनों पक्षों के बीच बढ़ते विवाद के बाद शुक्रवार को पूर्व भारतीय क्रिकेटर और केएससीए के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद और मुख्यमंत्री सिद्दासमैया और उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ बैठक हुई। इस बैठक में सभी विधायकों को दो टिकट्स देने पर सहमति बनी। इसके अलावा इन विधायकों को अलग से स्टैंड देने पर भी सहमति जताई गई।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें