AIADMK में सबकुछ ठीक नहीं: बागी विधायक अलग रास्ता चुनने की तैयारी में, बनेगा असेंबली ग्रुप?
Tamil Nadu Politics: उपचुनावों में ताजा हार के बाद AIADMK का अंदरूनी संकट फिर से उभर आया है। सोमवार को चेन्नई में असंतुष्ट नेताओं की बैठक हुई, जिसमें उन्होंने हार की समीक्षा के साथ-साथ विधानसभा में अलग समूह बनाकर काम करने और आगे के राजनीतिक विकल्पों पर चर्चा की।

तमिलनाडु की सियासत में एक बार फिर गर्माहट आने वाली है। उपचुनावों में हार के बाद AIADMK का अंदरूनी मतभेद एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है। सोमवार को चेन्नई में पार्टी के असंतुष्ट नेताओं और विधायकों की बैठक हुई, जिसमें हार के कारणों की समीक्षा के साथ-साथ आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में शामिल नेताओं ने तमिलनाडु विधानसभा में अलग समूह के रूप में काम करने और भविष्य के राजनीतिक विकल्पों पर गंभीरता से विचार किया।
उपचुनाव में हार के बाद बेचैनी
रिपोर्ट के अनुसार, यह बैठक विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार और उसके बाद से जारी बेचैनी के बीच हुई। 9 अक्टूबर को धारापुरम और मदुरंतकम में हुए उपचुनावों में भी AIADMK को हार का सामना करना पड़ा, जिससे पार्टी के भीतर नाराजगी और बढ़ गई। नाराज गुट का कहना है कि लीडरशिप की गलत नीतियों और संगठनात्मक कमजोरियों के कारण पार्टी लगातार पीछे जा रही है।
बैठक में पूर्व मंत्री एसपी वेलुमणि, सीवी शनमुगम, नाथम विश्वनाथन और पी थंगमणि समेत कई विधायक शामिल हुए। ये वही नेता हैं जिन्होंने पहले पार्टी लीडरशिप के खिलाफ बगावत की थी और 13 मई को विधानसभा में विश्वास मत के दौरान सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार के पक्ष में वोट दिया था। विश्वास मत के दौरान उनके इस कदम से पार्टी में दरार और गहरी हो गई थी।
समस्या जस की तस
सूत्रों के अनुसार, बैठक में नेताओं ने साफ कहा कि उपचुनावों की हार के बाद भी पार्टी की आंतरिक समस्याएं जस की तस हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लीडरशिप उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है। शनमुगम को छोड़कर बाकी नेताओं ने पहले माफीनामा देकर पार्टी में वापसी की थी, लेकिन अब उनका दावा है कि उनकी अहम संगठनात्मक भूमिकाएं बहाल नहीं की गईं। वे चाहते हैं कि पार्टी में अलग-अलग गुटों को एकजुट किया जाए और TTV दिनाकरन जैसे पहले निकाले गए नेताओं को वापस लाया जाए।
नाराज सदस्यों ने यह भी स्पष्ट किया कि वे अभी भी AIADMK का हिस्सा हैं और पार्टी छोड़ने का इरादा नहीं रखते। हालांकि, विधानसभा में अलग समूह बनाकर अपनी अलग पहचान बनाने और भविष्य में स्वतंत्र राजनीतिक रास्ता अपनाने के विकल्प पर चर्चा जरूर हुई। इससे साफ है कि पार्टी के भीतर तनाव अभी सुलझा नहीं है।
बता दें कि अप्रैल के विधानसभा चुनाव में हार के बाद AIADMK ने मुख्य विपक्षी दल का दर्जा भी खो दिया था, जिससे DMK को फायदा मिला। लेकिन असली झटका तब लगा जब विजय के नेतृत्व वाली TVK ने दोनों प्रमुख द्रविड़ पार्टियों को पीछे छोड़ दिया और DMK के पुराने सहयोगियों के समर्थन से अल्पमत सरकार बना ली। इस नई राजनीतिक स्थिति ने AIADMK के असंतुष्ट नेताओं को और असहज कर दिया है।

