
Red Fort blast: दिल्ली कार धमाके के बाद अल-फलाह यूनिवर्सिटी पर गिरी गाज, रद्द हुई सदस्यता
संक्षेप: भारतीय विश्वविद्यालय संघ ने अल फलाह विश्वविद्यालय की सदस्यता निलंबित कर दी है। संघ ने एक आधिकारिक पत्र के माध्यम से विश्वविद्यालय को इस निर्णय की जानकारी दी।
दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार धमाके में फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े लोगों का नाम सामने आ रहा है। ऐसे में अब यूनिवर्सिटी के ऊपर भी ऐक्शन होना शुरू हो गया है। गुरुवार को भारतीय विश्वविद्यालय संघ ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी की सदस्यता को रद्द कर दिया। संघ ने एक आधिकारिक पत्र के जरिए इस निर्णय की जानकारी दी। इस पत्र के माध्यम से संघ ने अल-फलाह से अपना लोगो हटाने और किसी भी रूप में संघ के नाम का उपयोग न करने का भी निर्देश दिया है।

संगठन की तरफ से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि यूनिवर्सिटी की सदस्यता को रद्द किया जाता है। आधिकारिक बयान में कहा गया, 'यह सूचित किया जाता है कि भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) के उपनियमों के अनुसार, सभी विश्वविद्यालयों को तब तक सदस्य माना जाएगा जब तक वे अच्छी स्थिति में रहते हैं। हालांकि, मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह संज्ञान में आया है कि अल-फलाह विश्वविद्यालय, फरीदाबाद, हरियाणा, अच्छी स्थिति में प्रतीत नहीं होता है। तदनुसार, अल-फलाह विश्वविद्यालय, फरीदाबाद, हरियाणा को दी गई AIU की सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित की जाती है।"
संगठन ने इस बात की भी पुष्टि की कि विश्वविद्यालय AIU के नाम या लोगो का उपयोग नहीं कर सकता है। इसमें कहा गया है, "इसके अलावा, यह सूचित किया जाता है कि अल-फलाह विश्वविद्यालय को अपनी किसी भी गतिविधि में एआईयू के नाम या लोगो का उपयोग करने के लिए अधिकृत नहीं किया गया है, और एआईयू के लोगो को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से तुरंत हटा दिया जाना चाहिए।"
विश्वविद्यालय संघ के अलावा अल-फलाह यूनिवर्सिटी के ऊपर सरकार की तरफ से भी जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, धमाके से जुड़े संदिग्ध लोगों से यूनिवर्सिटी का संबंध सामने आए के बाद केंद्र सरकार ने यूनिवर्सिटी के रिकॉर्ड की जांच करने का आदेश जारी कर दिया है। इसके अलावा ईडी ने यूनिवर्सिटी को आने वाले फंड की जांच करनी शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि अल-फलाह यूनिवर्सिटी फरीदाबाद के धौज में स्थित एक प्राइवेट संस्थान है। इसमें इंजीनियरिंग के अलावा कुछ मेडीकल की सीटें भी उपलब्ध है और यूनिवर्सिटी का अपना एक हॉस्पिटल भी है। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली में लाल किला के पास धमाके वाली कार चला रहा डॉक्टर उमर नबी, इसी यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में काम कर रहा था।





