राहुल गांधी के साथ धरना किया, पर साथ लंच करने नहीं गए अखिलेश यादव; क्या हुआ

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

समाजवादी पार्टी सांसद अखिलेश यादव राजधानी दिल्ली में कांग्रेस की तरफ से आयोजित लंच में नहीं पहुंचे। इस बात की हर तरफ चर्चा है। कांग्रेस का कहना है देर रात फैसले के कारण कई नेता नहीं पहुंचे। वहीं, सपा भी कारण गिना रही है।

Akhilesh Yadav And Rahul Gandhi
मंगलवार को SIR के खिलाफ आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और सपा सांसद अखिलेश यादव शामिल हुए थे। (PTI Photo/Karma Bhutia)

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख मंगलवार को हुए प्रदर्शन में साथ नजर आए। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दोनों नेताओं ने जमकर नारे लगाए। खास बात है कि अगले ही दिन बुधवार को जब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भोज का आयोजन किया, तो उसमें सपा नेता गायब रहे। हालांकि, इसमें शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी एसपी भी शामिल नहीं हुई, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा अखिलेश यादव के नहीं जाने की हुई।

राजधानी के जनपथ पर स्थित एक दक्षिण भारतीय रेस्टोरेंट में आयोजित इस भोज में आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। जब नेता नहीं पहुंचे, तो कांग्रेस को कुछ ही समय के बाद सफाई जारी करनी पड़ी।

क्या दिल्ली वाला प्रदर्शन बना वजह

मंगलवार को हुए प्रदर्शन के दौरान जब अखिलेश समेत कई सांसदों को हिरासत में ले लिया गया थ, तब राहुल गांधी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने आकाशवाणी भवन में जाकर देर रात तक धरना किया था। तब अटकलें लगाई जा रहीं थीं कि इससे INDIA गठबंधन के कई नेता खफा चल रहे हैं। हालांकि, इसे लेकर किसी ने भी आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा था।

इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि सपा नेतृत्व और सांसद इस बात से नाराज हैं कि राहुल और प्रियंका गांधी वाड्रा पर पूरा फोकस रहा। हालांकि, इसे लेकर सपा से किसी ने भी आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है। अखबार को एक सांसद ने बताया, 'लेकिन लंच पर नहीं जाने की वजह यह नहीं थी।'

पार्टी के एक नेता ने अखबार को बताया, 'यह सही है कि हम आकाशवाणी भवन के संबंध में कांग्रेस के कमजोर समन्वय से खुश नहीं थे। वो गांधी परिवार नहीं, बल्कि INDIA ब्लॉक का एक साझा प्रदर्शन होने वाला था। देश का अगला बड़ा चुनाव उत्तर प्रदेश में है, जहां समाजवादी पार्टी की हिस्सेदारी ज्यादा है। अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में SIR के मुद्दे पर आक्रामक रवैया अपनाया है। जबकि, कांग्रेस नेतृत्व ने सिर्फ सांकेतिक कदम उठाए। दिल्ली में कांग्रेस यह दिखाने की कोशिश कर रही थी कि सिर्फ वही SIR को लेकर गंभीर है।'

देर से मिला न्योता

रिपोर्ट के मुताबिक, सपा के एक सांसद ने कहा कि मंगलवार शाम प्रदर्शन के बाद सांसद अपने क्षेत्रों में वापस चले गए थे और तब तक लंच के बारे में कोई सूचना नहीं थी। उन्होंने कहा, 'अगर कांग्रेस लंच के बारे में सही से बता देती, तो पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव या वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव दिल्ली के पास के क्षेत्रों के सांसद या जो दिल्ली में थे, उन सांसदों से लंच में जाने के लिए कहा जाता।'

न्योता मिलने से इनकार

रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी के प्रवक्ता ने कहा, 'मुझे कांग्रेस की ओर से कोई न्योता नहीं मिला और न ही समाजवादी पार्टी के नेतृत्व से इस संबंध में कोई निर्देश मिला। गठबंधन को लेकर कांग्रेस के कुछ नेताओं के बयानों से नेतृत्व नाराज है, लेकिन लंच में शामिल न होने का यह कोई कारण नहीं है।'

समाजवादी पार्टी के एक सांसद ने खरगे के भोज में पार्टी के किसी नेता शामिल नहीं होने के बारे में पूछे जाने पर पीटीआई भाषा से कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि 'हमारा कोई सांसद क्यों नहीं पहुंचा।'

कांग्रेस ने बताई वजह

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने लिखा, 'आज के भोज के लिए 'इंडिया' गठबंधन के सभी दलों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन भोज का फैसला कल देर रात लिया गया और उसी समय इसकी जानकारी दी गई। इसलिए स्वाभाविक था कि कुछ दलों के प्रतिनिधि इसमें शामिल नहीं हो सके।' उन्होंने कहा, 'कुछ मीडिया संस्थानों में इसे लेकर बेवजह टिप्पणी की जा रही है। 'INDIA जनबंधन' और अन्य विपक्षी दल वोट चोरी, एसआईआर और परिसीमन के खिलाफ एकजुट हैं तथा पूरी मजबूती से एक-दूसरे के साथ खड़े हैं।'

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsराहुल गांधी के साथ धरना किया, पर साथ लंच करने नहीं गए अखिलेश यादव; क्या हुआ