गांजा पीकर प्लेन उड़ाने वाली घटना के बाद ऐक्शन में एयर इंडिया, सभी पायलट्स का होगा ड्रग्स टेस्ट
एयर इंडिया फ्लाइट में गांजा पीकर प्लेन उड़ाने की घटना के बाद लगातार ऐक्शन जारी है। एयर इंडिया ने अब अपने सभी पायलट्स की ड्रग्स टेस्ट करने का फैसला लिया है।

फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में हुई दुर्घटना के बाद विमानन कंपनी ऐक्शन में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस घटना के बाद कंपनी ने अपने सभी पायलट्स के ड्रग्स टेस्ट को अनिवार्य करने की योजना बना रही है। इसमें वह सभी दवाइयां और पदार्थ शामिल होंगे, जो किसी भी तरीके से प्रतिबंधित हैं। यह टेस्टिंग आज गुरुवार से ही शुरू होने वाली है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक एयर इंडिया की तरफ से आए मेमो में कहा गया है कि यह टेस्टिंग पुरानी रेगुलेटरी टेस्टिंग से कहीं ज्यादा होगी।
बता दें, यह पूरा मामला उस वक्त सामने आया था, जब 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट आसमान में ही एकदम से 300 फीट नीचे आ गई थी, जिसकी वजह से कई लोगों को गंभीर चोटें आई थीं। इस घटना के बाद पायट्स की फिटनेस जांच को लेकर बड़ा सवाल उठ गया था। बाद में जब यह विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा तो वहां से पायलटों को अनिवार्य साइकोएक्टिव सब्सटेंस (नशीलें पदार्थों) की जांच के लिए भेजा गया।
फुकेत-दिल्ली फ्लाइट का इन कमांड डोप टेस्ट में हो गया था फेल
नागरिक उड्डयन मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक फ्लाइट नंबर AI2379 का पायलट इन कमांड का ड्रग्स टेस्ट पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद एक दूसरी प्रयोगशाला में भी इसका टेस्ट किया गया, जहां पर पायलट द्वारा मारिजुआना (गांजा) पीए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद एयर इंडिया ने ऐक्शन लेते हुए दोनों पायलट्स को रोस्टर से हटा दिया।
लेकिन इस घटना में करीब दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए थे। ऐसे में हवाई यात्रा में यात्रियों की सुरक्षा पर एक गंभीर प्रश्न चिन्ह लग गया।
पायलट्स पर और गहन जांच का फैसला
इसके बाद सरकार और एयर इंडिया ने मिलकर इस मामले की गहन जांच की शुरुआत की। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से डोप-परीक्षण ढांचे की समीक्षा करने को कहा है, जिसमें अन्य देशों में अपनाए जाने वाले परीक्षण प्रोटोकॉल शामिल हैं, और यह आकलन करने को कहा है कि क्या भारत के मौजूदा सिस्टम को मजबूत या फिर से तैयार करने की आवश्यकता है।
इसके बाद अब एयर इंडिया ने और भी ज्यादा मजबूती के साथ सभी पायलट्स के ड्रग्स टेस्ट करने का फैसला लिया है।


