
एयर इंडिया ने दी राहत, टिकट की बढ़ती कीमतों के बीच तय कर दी सीमा
प्रवक्ता ने कहा, 'एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस साफ करते हैं कि 4 दिसंबर से नॉन-स्टॉप घरेलू उड़ानों में इकोनॉमी क्लास की एयरफेयर को सीमित किया गया है ताकि रेवेन्यू मैनेजमेंट सिस्टम के तहत डिमांड-एंड-सप्लाई मैकेनिज्म लागू न हो।'
एयर इंडिया ने डोमेस्टिक फ्लाइट्स पर किराए सीमित करने शुरू कर दिए हैं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने विमानन क्षेत्र में जारी रुकावटों के कारण बढ़े हुए टिकट दामों को रोकने का निर्देश दिया था। एयरलाइन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 4 दिसंबर से सभी नॉन-स्टॉप घरेलू उड़ानों में इकोनॉमी किराए को सीमित किया जा रहा है। प्रवक्ता ने कहा, 'एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस साफ करते हैं कि 4 दिसंबर से नॉन-स्टॉप घरेलू उड़ानों में इकोनॉमी क्लास की एयरफेयर को सीमित किया गया है ताकि रेवेन्यू मैनेजमेंट सिस्टम के तहत डिमांड-एंड-सप्लाई मैकेनिज्म लागू न हो।'
एयर इंडिया ने यह भी माना कि इंटरनेट पर कुछ तस्वीरें घूम रही हैं जिनमें कुछ यात्राओं के लिए बहुत ज्यादा टिकट के दाम दिखाए जा रहे हैं, खासकर जब यात्रा में कई रुकावटें होती हैं या अलग-अलग केबिन क्लास (जैसे इकोनॉमी, प्रीमियम इकोनॉमी, या बिजनेस) की यात्राओं को मिलाया जाता है। बयान में कहा गया कि ये तस्वीरें आखिरी समय की यात्रा योजनाओं की हैं, जिनमें एक या दो बार फ्लाइट बदलनी पड़ती है और ये जानकारी तीसरे पक्ष के वेबसाइट से आई है। एयर इंडिया ने बताया कि ऐसे सारे संभावित टिकट दामों को कैप करना तकनीकी रूप से मुमकिन नहीं है, लेकिन वे इन वेबसाइट्स के साथ मिलकर इसका ध्यान रख रहे हैं ताकि दाम ज्यादा न बढ़ने पाएं।
सरकार का क्या है निर्देश
यात्रा में हो रही समस्याओं के बीच एयरलाइन ने कहा कि वह यात्री भार को कम करने के लिए क्षमता बढ़ाने का प्रयास कर रही है। प्रवक्ता ने कहा, 'एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस यात्रियों व उनके सामान को उनकी मंजिल तक जल्द पहुंचाने के लिए क्षमता बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।' इंडिगो की उड़ानों में बाधा के कारण कई मार्गों पर हवाई यात्रा का किराया बढ़ जाने के मद्देनजर सरकार ने किराए पर ऊपरी सीमा लागू कर दी। देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो ने लगातार 5वें दिन सैकड़ों उड़ानें रद्द कीं, जिसकी मुख्य वजह क्रू मेंबर्स की कमी है। उड़ानों की संख्या कम होने से कुछ मार्गों पर हवाई किराया बहुत बढ़ गया था। मंत्रालय ने बयान में कहा कि स्थिति सामान्य होने तक ये सीमाएं लागू रहेंगी।





